ओटीटी शो ‘राइज एंड फॉल’ का दूसरा सीजन सत्ता, पैसा, रणनीति और रिश्तों के बदलते समीकरण पर आधारित है। ऐसे में वीरेंद्र सहवाग को शो का होस्ट बनाए जाने से इसमें एक अलग रंग जुड़ गया है। क्रिकेट के मैदान पर अपनी बेबाक राय और बिना लाग-लपेट के बोलने के लिए मशहूर सहवाग शो में भी उसी अंदाज में नजर आने वाले हैं। जारी किए गए प्रोमो में सहवाग शो के कॉन्सेप्ट को क्रिकेट की अनिश्चितता से जोड़ते दिखाई देते हैं। जिस तरह क्रिकेट में आखिरी गेंद तक मैच का नतीजा बदल सकता है, उसी तरह इस रियलिटी शो में भी एक फैसला कंटेस्टेंट की स्थिति को पूरी तरह बदल सकता है। प्रोमो इसी बदलते समीकरण और पावर गेम की झलक दिखाता है।

15 सेलिब्रिटीज के बीच होगी सत्ता की जंग

‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में कुल 15 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स हिस्सा लेंगे। शो का सबसे खास पहलू यह है कि प्रतिभागियों को दो अलग-अलग समूहों में बांटा जाएगा। इनमें एक तरफ होंगे ‘रूलर्स’, जबकि दूसरी तरफ ‘वर्कर्स’ होंगे। रूलर्स को आलीशान पेंटहाउस में रहने का मौका मिलेगा, जहां उन्हें अपेक्षाकृत बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं वर्कर्स को बेसमेंट में रहना होगा। हालांकि, यह स्थिति हमेशा के लिए तय नहीं होगी। शो के दौरान कंटेस्टेंट्स अपने फैसलों, रणनीति, गठजोड़ और गेम प्लान के जरिए एक समूह से दूसरे समूह में पहुंच सकते हैं यानी जो कंटेस्टेंट आज सत्ता के शीर्ष पर है, वह अगले ही पल नीचे जा सकता है। इसी बदलती स्थिति को शो के गेम का सबसे अहम हिस्सा माना जा रहा है।

यहां देखें वीडियो

पैसा और पावर होंगे गेम के केंद्र में

इस रियलिटी शो में केवल टास्क जीतना ही सब कुछ नहीं होगा। यहां कंटेस्टेंट्स को अपने रिश्तों और रणनीतियों का भी इस्तेमाल करना होगा। पैसा और प्रभाव गेम को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। ऐसे में दोस्ती कब दुश्मनी में बदल जाए और गठबंधन कब टूट जाए, यह पहले से तय नहीं होगा। कंटेस्टेंट्स को लगातार यह फैसला लेना होगा कि कब किसी के साथ खड़ा होना है, कब जोखिम उठाना है और कब अपने अगले कदम को छिपाकर रखना है। इसी वजह से शो में रणनीति और पावर गेम का महत्व काफी ज्यादा रहने वाला है।

सहवाग के लिए भी नया अनुभव होगा शो

वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकेट के मैदान पर वर्षों तक विरोधी टीम की रणनीति को समझा है। गेंदबाज के अगले कदम का अंदाजा लगाना हो या दबाव की स्थिति में फैसला लेना, उनके करियर में ऐसे कई मौके आए हैं। अब रियलिटी शो में उन्हें खिलाड़ियों की जगह कंटेस्टेंट्स की रणनीति और आपसी समीकरण को समझना होगा। सहवाग ने शो को लेकर कहा कि क्रिकेट ने उन्हें यह सिखाया है कि आखिरी गेंद फेंके जाने तक किसी मैच का नतीजा तय नहीं माना जा सकता। उनके मुताबिक, ‘राइज एंड फॉल’ का फॉर्मेट भी इसी तरह की अनिश्चितता से भरा है। उन्होंने कहा कि वह यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि कंटेस्टेंट्स जोखिम लेने, गठबंधन बनाने और सही समय पर हमला करने या पीछे हटने का फैसला कैसे लेते हैं।

दूसरे सीजन से बढ़ी उम्मीदें

‘राइज एंड फॉल’ के पहले सीजन में भी पावर स्ट्रक्चर के अंतर को गेम का आधार बनाया गया था। नए सीजन में भी शो का फोकस उन लोगों के बीच के फर्क पर रहेगा, जो सत्ता के शीर्ष पर हैं और जो नीचे की स्थिति में हैं। हालांकि बदलते समीकरणों और कंटेस्टेंट्स की रणनीति के चलते हर एपिसोड में परिस्थितियां बदल सकती हैं। इस फॉर्मेट की मूल अवधारणा ब्रिटेन की प्रोडक्शन कंपनी स्टूडियो लैंबार्ट ने तैयार की है। भारत में इस शो का निर्माण Banijay Asia कर रहा है।

प्राइम वीडियो पर फ्री स्ट्रीम होगा शो

‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ को दर्शक प्राइम वीडियो पर मुफ्त में स्ट्रीम कर सकेंगे। इसके अलावा MX Player Android ऐप, जिसे अब Prime Video ने रिफ्रेश करके MX Player by Prime Video के रूप में पेश किया है, पर भी शो उपलब्ध होगा। मेकर्स ने फिलहाल शो की प्रीमियर डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन दूसरा सीजन जल्द दर्शकों के सामने आने वाला है।

ये भी पढ़ें:  समय रैना की जिंदगी में आई ‘12वीं फेल’ वाली हसीना? वेकेशन की तस्वीरों से फैंस ने खोज निकाला क्लू





Source link

Write A Comment