अगर आप रोजाना एक जैसी सब्जियां खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो आलू-पनीर भरी शिमला मिर्च एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. खास बात यह है कि इसे घर में मौजूद सामान्य सामग्री से आसानी से तैयार किया जा सकता है. इसे बनाने के लिए शिमला मिर्च, उबले आलू, पनीर, लहसुन, प्याज, नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, आमचूर पाउडर और थोड़ा तेल लें. सबसे पहले शिमला मिर्च को धोकर बीच से काट लें और 5 से 7 मिनट तक गर्म पानी में हल्का उबाल लें. दूसरी ओर उबले आलू को मैश कर लें. इसमें लहसुन, नमक, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला और आमचूर मिलाएं. इसके बाद मैश किया हुआ पनीर और बारीक कटा प्याज डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस तैयार मिश्रण को शिमला मिर्च में भर दें. एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और भरी हुई शिमला मिर्च को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं. चाहें तो कुछ देर ढककर भी पका सकते हैं, जिससे शिमला मिर्च अच्छी तरह नरम हो जाए. तैयार आलू-पनीर स्टफ्ड शिमला मिर्च पर थोड़ा चाट मसाला और हरा धनिया डालकर गर्मागर्म परोसें.