Rajasthani Dahi Mirchi Recipe: अगर आप रोज-रोज वही सब्ज़ियां खाकर बोर हो गए हैं, तो अब अपने खाने में राजस्थानी स्वाद जोड़ने का समय आ गया है. राजस्थानी दही-मिर्च एक पारंपरिक डिश है जिसे कुछ ही चीज़ों से आसानी से बनाया जा सकता है. दही का खट्टापन, मसालों की खुशबू और मिर्च का चटपटा स्वाद इसे रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ खाने के लिए एकदम सही बनाता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में बहुत कम समय लगता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी…
दही-मिर्ची के लिए सामग्री
10-12 हरी मिर्च, 1 कप ताजा दही, 1-2 चम्मच बेसन, 1 चम्मच जीरा, आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच धनिया पाउडर, थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर, नमक और 1-2 बड़े चम्मच तेल लें। आप हींग और थोड़ी सी राई का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
स्टेप 1: सबसे पहले हरी मिर्च को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. अब उन्हें लंबाई में चीरा लगाकर दो हिस्सों में काट लें. अगर आप बहुत तीखा स्वाद नहीं चाहते हैं, तो आप मिर्च के कुछ बीज निकाल सकते हैं. एक पैन में थोड़ा तेल गरम करें और मिर्च को हल्का भून लें. उन्हें तब तक भूनें जब तक उनका रंग थोड़ा बदलने लगे और हल्की खुशबू आने लगे. फिर मिर्च को एक प्लेट में निकाल लें।
स्टेप 2: एक कटोरे में दही को अच्छी तरह फेंट लें. इसमें बेसन, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा नमक मिलाएं. अब पतला और चिकना मिश्रण तैयार करने के लिए थोड़ा पानी डालें. बेसन मिलाने से दही की ग्रेवी अच्छी गाढ़ी हो जाती है.
स्टेप 3: अब उसी पैन में आवश्यकतानुसार थोड़ा तेल डालें. इसमें जीरा और हींग डालें. जब जीरा चटकने लगे तो आंच धीमी कर दें और दही का मिश्रण डालते हुए लगातार चलाते रहें. दही डालने के बाद तेज आंच पर न मिलाएं, नहीं तो दही फट सकता है. धीमी से मध्यम आंच पर कुछ मिनट तक लगातार चलाते रहें.
स्टेप 4: जब ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी होने लगे तो भुनी हुई हरी मिर्च डालें. सब कुछ अच्छी तरह मिलाएं और धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक पकाएं. स्वादानुसार नमक डालें. आप कुछ धनिया पत्ती से सजा भी सकते हैं.
कैसे परोसें
राजस्थानी दही-मिर्ची को रोटी, बाजरा रोटी, पराठा या दाल-चावल के साथ गरमागरम परोसें. दही का हल्का खट्टापन और मिर्च का तीखा स्वाद साधारण भोजन को भी खास बना सकता है.