Last Updated:
Jharkhand Special Desi Mirchi Chokha Recipe: गर्मियों में खासतौर पर खाए जाने वाले बहुत से व्यंजनों में से एक है देसी मिर्ची चोखा. इसे बनाना जितना आसान है, इसका स्वाद उतना ही बेमिसाल होता है. लहसुन और लाल खड़ी मिर्च को आग में भूनकर आलू-प्याज से बनने वाला यह चोखा, सिंपल खाने को भी स्पेशल बना देता है.
जमशेदपुर. गर्मी का मौसम आते ही लोगों के खान-पान में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है. तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच लोग ऐसे भोजन की तलाश करते हैं जो हल्का हो, शरीर को ठंडक दे और स्वाद में भी लाजवाब हो. साथ ही हर राज्य की अपनी अलग खानपान परंपरा होती है, और झारखंड भी इसमें पीछे नहीं है. यहां के गांवों में गर्मियों के दौरान खासतौर पर पानी भात और दही भात खाने का चलन काफी पुराना और लोकप्रिय है.
ये गर्मी के दिनों में लोगों के पसंदीदा भोजन हैं, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी अच्छे होते हैं. लेकिन इन दोनों के साथ अगर कोई चीज खाने का असली मजा दोगुना कर देती है, तो वह है झारखंड का देसी मिर्ची चोखा.
आसान है रेसिपी
मिर्ची चोखा एक बेहद सरल लेकिन स्वाद से भरपूर व्यंजन है, जिसे खासतौर पर गांवों में बड़े चाव से बनाया और खाया जाता है. इसे बनाने की विधि भी बहुत आसान है, लेकिन इसका स्वाद ऐसा होता है कि एक बार खाने के बाद बार-बार खाने का मन करता है.
इसे बनाने के लिए सबसे पहले आलू को अच्छी तरह उबाल लिया जाता है. इसके बाद लहसुन और सूखी लाल मिर्च को चूल्हे की आंच पर दोनों तरफ से भून लिया जाता है, जिससे उसमें एक खास देसी खुशबू आ जाती है. फिर इन भुनी हुई मिर्च और लहसुन को हाथ से पीसा जाता है, जिससे उसका असली स्वाद बरकरार रहता है.
प्याज जरूर पड़ता है
इसके बाद बारी आती है लच्छेदार कटे हुए प्याज की, जिसे इस मिश्रण में मिलाया जाता है. फिर स्वाद अनुसार नमक, सरसों का तेल और थोड़ा सा अचार का मसाला डालकर इसे अच्छी तरह से मिक्स किया जाता है. अंत में उबले हुए आलू को इसमें मिलाकर हल्के हाथों से मैश कर दिया जाते हैं. बस, तैयार है आपका स्वादिष्ट और चटपटा मिर्ची चोखा.
यह मिर्ची चोखा दाल-भात, चावल, पानी भात या दही भात के साथ खाने में बेहद लाजवाब लगता है. खासकर गर्मी के दिनों में जब भूख कम लगती है, तब यह साधारण सा भोजन भी किसी दावत से कम नहीं लगता.
देसी स्वाद
झारखंड का यह देसी स्वाद न सिर्फ पेट को सुकून देता है, बल्कि यहां की संस्कृति और परंपरा की झलक भी दिखाता है. अगर आपने अभी तक मिर्ची चोखा नहीं चखा है, तो इस गर्मी जरूर ट्राई करें, यकीन मानिए, स्वाद हमेशा याद रहेगा. इसे बनाना आसान है और खाते समय किसी और चीज की कमी महसूस नहीं होगी.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें