Desi Raabdi Recipe: गर्मी का मौसम आते ही सबसे बड़ी परेशानी होती है शरीर को ठंडा और एनर्जेटिक बनाए रखना. तेज धूप, पसीना और लू की वजह से लोग जल्दी थकने लगते हैं. ऐसे में ज्यादातर लोग कोल्ड ड्रिंक, पैकेट वाले जूस या आइसक्रीम की तरफ भागते हैं, लेकिन ये चीजें कुछ देर की राहत तो देती हैं, मगर शरीर को अंदर से उतना फायदा नहीं पहुंचातीं. पुराने समय में लोग गर्मी से बचने के लिए घर में बनी देसी ड्रिंक्स का सहारा लेते थे और उन्हीं में से एक है रबड़ी. राजस्थान और हरियाणा के कई घरों में आज भी यह खास ड्रिंक गर्मियों में बनाई जाती है. यह रबड़ी कोई मिठाई वाली रबड़ी नहीं है, बल्कि लस्सी और जौ या बाजरे के आटे से बनने वाली ठंडी देसी ड्रिंक है जो शरीर को कूल रखने में मदद करती है.
इसे रातभर फर्मेंट किया जाता है, जिससे इसका स्वाद भी बढ़ जाता है और पेट के लिए भी यह काफी अच्छी मानी जाती है. सुबह खाली पेट या नाश्ते के साथ इसे पीने से शरीर में ताजगी बनी रहती है, अगर आप भी इस बार गर्मी में कुछ हेल्दी, देसी और आसान ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रबड़ी आपके लिए शानदार ऑप्शन हो सकती है.
क्या खास है इस देसी रबड़ी में?
यह ड्रिंक सिर्फ स्वाद में ही अच्छी नहीं होती, बल्कि शरीर को लंबे समय तक ठंडक देने का काम भी करती है. लस्सी और आटे का कॉम्बिनेशन पेट को शांत रखने में मदद करता है. खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाला जौ या बाजरे का आटा शरीर की गर्मी कम करने में मददगार माना जाता है. रातभर फर्मेंट होने की वजह से इसमें नेचुरल प्रोबायोटिक्स बन जाते हैं जो डाइजेशन को बेहतर रखने में मदद करते हैं. यही वजह है कि गांवों में लोग इसे सुबह पीकर खेतों में काम करने निकल जाते थे और पूरे दिन खुद को तरोताजा महसूस करते थे.
रबड़ी बनाने के लिए जरूरी चीजें
-जौ या बाजरे का आटा -2 से 3 बड़े चम्मच
-ताजी लस्सी या छाछ -1 लीटर
-पानी -आधा गिलास
-नमक -स्वाद के हिसाब से
-भुना हुआ जीरा -आधा छोटा चम्मच
-गुड़ -स्वाद के हिसाब से
-बर्फ के टुकड़े
रबड़ी बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में लस्सी लें और उसमें जौ या बाजरे का आटा डाल दें. अब इसमें थोड़ा नमक मिलाकर अच्छे से फेंट लें ताकि कोई गांठ न बचे. जरूरत लगे तो थोड़ा पानी भी मिला सकते हैं. अब इस मिक्सचर को ढककर पूरी रात के लिए छोड़ दें. रातभर में यह हल्का फर्मेंट हो जाएगा और इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा. सुबह इस तैयार मिक्सचर को धीमी आंच पर पकाएं. लगातार चलाते रहें ताकि नीचे से चिपके नहीं.
जब यह थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तब गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें. अब इसमें ताजी ठंडी लस्सी, भुना जीरा और बर्फ डालकर सर्व करें, अगर आपको हल्की मिठास पसंद है, तो इसमें थोड़ा गुड़ भी मिला सकते हैं. यह ड्रिंक सुबह के समय बेहद रिफ्रेशिंग लगती है.
गर्मियों में क्यों फायदेमंद है यह ड्रिंक?
गर्मी में शरीर से काफी पानी निकल जाता है, जिससे कमजोरी और थकान महसूस होने लगती है. यह देसी रबड़ी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है. साथ ही पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराती है. इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स डाइजेशन को बेहतर बनाते हैं. जिन लोगों को गर्मियों में पेट गर्म होने, एसिडिटी या भारीपन की परेशानी होती है, उनके लिए भी यह ड्रिंक काफी राहत देने वाली मानी जाती है. बाजरे और जौ में फाइबर भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जिससे पेट लंबे समय तक ठीक रहता है. यही वजह है कि यह ड्रिंक गांवों में गर्मियों की खास डाइट का हिस्सा मानी जाती है.
पैकेट वाले ड्रिंक्स से क्यों बेहतर है रबड़ी?
आजकल बाजार में मिलने वाले ज्यादातर कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेट वाले जूस में काफी ज्यादा शुगर और प्रिजर्वेटिव होते हैं. ये शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं. वहीं देसी रबड़ी पूरी तरह घर में बनी होती है और इसमें कोई केमिकल नहीं होता. यह सस्ती भी पड़ती है और हेल्दी भी होती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती, अगर आप रोज कुछ हेल्दी पीना चाहते हैं, तो यह देसी ड्रिंक आपके लिए बढ़िया चॉइस हो सकती है.