अक्सर वाशिंग मशीन में या हाथों से कपड़े धोते समय गलती से किसी कच्चे रंग वाले कपड़े का रंग हमारे पसंदीदा सफेद कपड़ों पर लग जाता है। सफेद कपड़े पर जरा सा भी दाग तुरंत नजर आता है और कपड़े की पूरी रंगत बिगाड़ देता है। लेकिन आपको अपने उस पसंदीदा सफेद शर्ट या टी-शर्ट को फेंकने की जरूरत नहीं है। अगर आपके सफेद कपड़ों पर भी किसी दूसरे कपड़े का रंग चढ़ गया है, तो आप इन आसान और असरदार घरेलू ट्रिक्स की मदद से उन्हें फिर से एकदम नया और चमकदार बना सकते हैं।
1. बेकिंग सोडा और सफेद सिरके
सफेद कपड़ों से किसी भी तरह का जिद्दी रंग छुड़ाने के लिए बेकिंग सोडा और सफेद सिरका एक बेहतरीन उपाय है। इसके लिए एक बाल्टी या टब में हल्का गर्म पानी लें। इसमें आधा कप सफेद सिरका और 3-4 चम्मच बेकिंग सोडा अच्छी तरह मिला लें। अब रंग लगे हुए सफेद कपड़े को इस मिश्रण में लगभग 1 से 2 घंटे के लिए पूरी तरह भिगो कर छोड़ दें। इसके बाद कपड़े को हल्के हाथों से रगड़ें और डिटर्जेंट से धो लें। सिरका और बेकिंग सोडा नेचुरल ब्लीच की तरह काम करते हैं और रंग को काट देते हैं।
2. नींबू और नमक का जादू
नींबू में साइट्रिक एसिड होता है, जो एक बेहतरीन क्लींजर और नेचुरल ब्लीचिंग एजेंट माना जाता है। कपड़े के जिस हिस्से पर दूसरे कपड़े का रंग लगा हो, वहां पर ताजा नींबू का रस निचोड़ें और उसके ऊपर थोड़ा सा नमक छिड़क दें। इसे 20 से 30 मिनट तक ऐसे ही लगा रहने दें। इसके बाद एक पुराने टूथब्रश की मदद से दाग वाली जगह को हल्के हाथों से रगड़ें और फिर साफ पानी से धो लें। सूती सफेद कपड़ों के लिए यह ट्रिक बहुत कारगर है।
3. एस्पिरिन की गोलियों का इस्तेमाल
यह एक अनोखी लेकिन बेहद असरदार ट्रिक है। इसके लिए हल्के गर्म पानी की एक बाल्टी में 5-6 एस्पिरिन की गोलियों को पीसकर डाल दें और घोल तैयार करें। अपने सफेद कपड़े को इस घोल में कम से कम 4 घंटे या रात भर के लिए भिगो दें। अगले दिन सुबह कपड़े को निकालकर सामान्य तरीके से डिटर्जेंट से धो लें। एस्पिरिन में मौजूद सैलिसिलिक एसिड कपड़ों से जिद्दी रंग को आसानी से साफ कर देता है।
4. ऑक्सीजन ब्लीच
अगर रंग बहुत पक्का है और घरेलू नुस्खों से नहीं जा रहा है, तो आप ‘ऑक्सीजन ब्लीच’ का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह आम क्लोरीन ब्लीच के मुकाबले कपड़ों के फैब्रिक के लिए ज्यादा सुरक्षित होता है और कपड़े को कमजोर नहीं करता। ब्लीच को पानी में मिलाएं और कपड़े को 1 घंटे तक भिगोकर धो लें।