Last Updated:
Food Storage Mistakes: प्लास्टिक के डिब्बे हर चीज के लिए सही नहीं होते. गर्म, खट्टा, तेल वाला और कच्चा मांस जैसे फूड इसमें रखना नुकसानदेह हो सकता है. सही स्टोरेज के लिए कांच और स्टील का इस्तेमाल करना ज्यादा सुरक्षित और बेहतर विकल्प है.
हर चीज प्लास्टिक में रखना पड़ सकता है भारी
Food Storage Mistakes: आज के समय में रसोई की बात करें तो प्लास्टिक के डिब्बे हर घर का जरूरी हिस्सा बन चुके हैं. चाहे फ्रिज हो, किचन शेल्फ या फिर स्टोर रूम-हर जगह आपको रंग-बिरंगे प्लास्टिक कंटेनर नजर आ जाएंगे. इनका इस्तेमाल आसान है, हल्के होते हैं और दिखने में भी अच्छे लगते हैं, इसलिए लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे हर तरह का खाना इनमें स्टोर कर देते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यही आदत धीरे-धीरे आपकी सेहत पर असर डाल सकती है? कई बार ऐसा होता है कि प्लास्टिक के डिब्बों में रखी चीजों का स्वाद बदल जाता है या उनमें अजीब सी बदबू आने लगती है.
यही नहीं, कुछ मामलों में प्लास्टिक के अंदर मौजूद केमिकल खाने में मिल सकते हैं, जो लंबे समय में नुकसान पहुंचा सकते हैं. भले ही कंटेनर पर “फूड ग्रेड” लिखा हो, फिर भी हर चीज को उसमें रखना सही नहीं होता. खासकर कुछ तरह के फूड ऐसे होते हैं जो प्लास्टिक के साथ बिल्कुल मेल नहीं खाते, अगर आप भी बिना सोचे हर चीज प्लास्टिक में रखते हैं, तो अब थोड़ा सतर्क होने का समय है.
1. गर्म खाना डालना पड़ सकता है भारी
गर्म खाना सीधे प्लास्टिक के डिब्बे में डालना सबसे आम गलती है. जब खाना गर्म होता है, तो प्लास्टिक की सतह कमजोर होने लगती है. इससे उसमें मौजूद हानिकारक तत्व खाने में घुल सकते हैं. ये चीज धीरे-धीरे शरीर पर बुरा असर डाल सकती है. बेहतर है कि खाना पहले ठंडा होने दें, फिर उसे किसी सुरक्षित बर्तन में रखें.
2. खट्टा और मसालेदार खाना बिगाड़ सकता है क्वालिटी
टमाटर वाली सब्जी, कढ़ी या ज्यादा मसालेदार खाना प्लास्टिक के लिए सही नहीं माना जाता. ऐसे फूड्स प्लास्टिक के साथ रिएक्ट कर सकते हैं. इसका असर खाने के स्वाद पर तो पड़ता ही है, साथ ही डिब्बों पर जिद्दी दाग भी लग जाते हैं जो आसानी से साफ नहीं होते.
3. तेल और घी वाले फूड से बढ़ती है बदबू
अगर आप तेल या घी से भरे खाने को प्लास्टिक में रखते हैं, तो ध्यान रखें कि यह आदत डिब्बों को जल्दी खराब कर सकती है. चिकनाई वाले फूड्स प्लास्टिक में गंध छोड़ देते हैं और धीरे-धीरे डिब्बा इस्तेमाल के लायक नहीं रहता. साथ ही, ऐसे फूड में केमिकल मिल जाने का खतरा भी बढ़ जाता है.
4. कच्चा मांस और मछली बन सकते हैं खतरे की वजह
कच्चे मांस या सीफूड को प्लास्टिक में रखना बिल्कुल सही नहीं है. इससे बैक्टीरिया फैलने का खतरा बढ़ जाता है और कई बार डिब्बे से लीक भी हो सकता है. इससे बाकी खाने की चीजें भी प्रभावित हो सकती हैं. ऐसे फूड्स के लिए कांच या स्टील के एयरटाइट कंटेनर ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं.
क्या करें सही स्टोरेज के लिए?
अगर आप अपनी रसोई को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो कुछ आसान बदलाव अपनाएं. कांच या स्टील के बर्तनों का इस्तेमाल बढ़ाएं, खासकर गर्म और संवेदनशील फूड के लिए. प्लास्टिक का इस्तेमाल सिर्फ सूखी और ठंडी चीजों तक सीमित रखें. इससे खाना भी सुरक्षित रहेगा और आपकी सेहत भी.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें