Last Updated:

Matka Malai Kulfi Recipe: गर्मियों में ठंडा और स्वादिष्ट डेजर्ट खाने का मन हो, तो मटका मलाई कुल्फी एक बेहतरीन विकल्प है. सिर्फ दूध और चीनी से तैयार होने वाली यह कुल्फी स्वाद में जबरदस्त होती है. घर पर बने इस देसी डेजर्ट का स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आएगा. आप इसे एक बार जरूर ट्राई करके देखें.

Zoom

घर पर आसानी से मटका मलाई कुल्फी बनाई जा सकती है.

Matka Malai Kulfi Recipe: गर्मियों के मौसम में अधिकतर लोग ठंडी चीजें खाना पसंद करते हैं. माना जाता है कि ठंडी चीजें खाने से शरीर को ठंडक मिलती है और गर्मी से निजात मिलती है. इस मौसम में ठंडी और स्वादिष्ट मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में कुल्फी का नाम सबसे पहले दिमाग में आता है. बाजार में मिलने वाली मटका मलाई कुल्फी का स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. कई लोग सोचते हैं कि इसे घर पर बनाना मुश्किल होता है. अगर आपके पास दूध और चीनी है, तो आप बेहद आसान तरीके से घर पर ही मटका मलाई कुल्फी तैयार कर सकते हैं. इसकी तैयारी में सिर्फ 15 मिनट का समय लगेगा, जबकि बाकी काम फ्रीजर कर देगा. कुछ ही घंटों में आपकी मटका मलाई कुल्फी बनकर तैयार हो जाएगी.

मटका कुल्फी के लिए जरूरी सामग्री

इस आसान रेसिपी को बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं है. मुख्य सामग्री के तौर पर 1 लीटर फुल क्रीम दूध और स्वादानुसार 4 से 5 बड़े चम्मच चीनी लें. अगर चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए इलायची पाउडर, केसर या कटे हुए मेवे भी मिला सकते हैं, लेकिन पारंपरिक मलाई कुल्फी सिर्फ दूध और चीनी से भी तैयार की जा सकती है.

कुल्फी बनाने की आसान रेसिपी

सबसे पहले एक भारी तले वाले बर्तन में दूध डालकर मध्यम आंच पर उबालें. दूध को लगातार चलाते रहें, ताकि वह तले में न लगे. जब दूध उबलने लगे, तो आंच धीमी कर दें और उसे तब तक पकाएं जब तक उसकी मात्रा लगभग आधी न रह जाए. इस दौरान दूध के ऊपर बनने वाली मलाई को किनारों से खुरचकर वापस दूध में मिलाते रहें. यही मलाई कुल्फी को उसका खास स्वाद और गाढ़ापन देती है. जब दूध गाढ़ा हो जाए, तब उसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें. चीनी पूरी तरह घुलने के बाद मिश्रण को 2 से 3 मिनट और पकाएं. अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें.

जब कुल्फी का मिश्रण सामान्य तापमान पर आ जाए, तो उसे छोटे मिट्टी के मटकों या कुल्फी मोल्ड में भर दें. मटके में जमाने से कुल्फी में हल्की मिट्टी की खुशबू आती है, जो उसके स्वाद को और भी खास बना देती है. अब मटकों को ढक्कन या फॉइल से ढककर 6 से 8 घंटे के लिए फ्रीजर में रख दें. जब कुल्फी पूरी तरह जम जाए, तो इसे सीधे मटके में ही सर्व करें. चाहें तो ऊपर से कटे हुए पिस्ता, बादाम या केसर के धागे डालकर इसे और आकर्षक बना सकते हैं. घर पर बनी यह मलाईदार कुल्फी स्वाद में किसी भी बाजार वाली कुल्फी को टक्कर दे सकती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें



Source link

Write A Comment