Last Updated:
रसोई में रखे मसालों को अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल कर उन्हीं मसालों से कई तरह के अलग-अलग स्वाद वाले व्यंजन बनाए जा सकते हैं. घरों में सब्जी रोज बनती है और सब्जी में मसाला भी रोज पड़ता है. आज हम आपको सब्जी बनाने के लिए एक ऐसे मसाले के बारे में बताने जा रहे हैं जो झारखंड के कई इलाकों में इस्तेमाल होता है. इस मसाले को आमतौर पर….
कोडरमा: भारतीय रसोई में मसालों का इस्तेमाल सिर्फ खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए ही नहीं बल्कि पारंपरिक रूप से कई तरह के व्यंजनों को खास बनाने के लिए भी किया जाता है. इन्हीं मसालों में से एक है पंचफोरन. यह मसाला पांच अलग-अलग खड़े मसालों के मिश्रण से तैयार होता है. इसकी खासियत यह है कि इसे न तो पीसने की जरूरत होती है और न ही पहले से भूनना पड़ता है. सीधे पांचों मसालों को मिलाकर इसे तैयार किया जा सकता है. तो चलिए आपको घर में पंचफोरन मसाला तैयार करने का तरीका बताते हैं.
कोडरमा की गृहणी राधिका प्रजापति ने बताया कि पंचफोरन बनाने के लिए जीरा, सरसों या राई, सौंफ, मेथी दाना और मंगरेला की जरूरत होती है. ये सभी मसाले सामान्य तौर पर घर की रसोई में आसानी से मिल जाते हैं. पांचों खड़े मसालों को उचित मात्रा में मिलाकर पंचफोरन तैयार किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि पंचफोरन को आमतौर पर पीसकर पाउडर नहीं बनाया जाता. खड़े मसालों के रूप में ही इसका इस्तेमाल किया जाता है. गर्म तेल में पंचफोरन डालने पर मसालों की खुशबू और स्वाद तेल में अच्छी तरह मिल जाता है. इसके बाद सब्जी तैयार करने पर इसका स्वाद सामान्य सब्जी की तुलना में अलग और खास महसूस होता है.
साधारण सब्जी में लगता है स्वाद का तड़का
उन्होंने बताया कि आलू-फूलगोभी, कद्दू और बैंगन जैसी सब्जियों में पंचफोरन का तड़का विशेष रूप से इस्तेमाल किया जाता है. इसके अलावा कई अन्य पारंपरिक सब्जियों और व्यंजनों में भी इसका प्रयोग किया जाता है. खास बात यह है कि कम मसाले वाली साधारण सब्जी में भी पंचफोरन का तड़का स्वाद और खुशबू को काफी अलग बना सकता है. पंचफोरन में शामिल प्रत्येक मसाले की अपनी विशेषताएं भी बताई जाती हैं. जीरा और सौंफ का इस्तेमाल पारंपरिक रूप से पाचन और भोजन के बाद होने वाली असहजता के लिए किया जाता है. मेथी दाना को भी भारतीय खानपान में लंबे समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है. वहीं सरसों और मंगरेला अपने विशिष्ट स्वाद और खुशबू के लिए जाने जाते हैं.
लंबे समय तक कर सकते हैं स्टोर
पंचफोरन की सबसे बड़ी खासियत इसकी आसान तैयारी और बहुउपयोगिता है. बिना किसी विशेष तैयारी के पांच सामान्य मसालों को मिलाकर इसे लंबे समय तक रसोई में रखा जा सकता है. जब सब्जी में स्वाद कम लगे या पारंपरिक स्वाद वाला तड़का देना हो. तो पंचफोरन का इस्तेमाल किया जा सकता है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…
और पढ़ें