Last Updated:
आगरा सिर्फ ताजमहल के लिए ही नहीं, बल्कि अपने लजीज खान-पान के लिए भी जाना जाता है. शहर के सेक्टर-12 बोदला रोड पर मिलने वाला बिहारी स्टाइल चम्पारण हांडी मटन इन दिनों नॉनवेज प्रेमियों की पहली पसंद बना हुआ है. मिट्टी की हांडी, शुद्ध सरसों के तेल और पारंपरिक मसालों के साथ धीमी आंच पर तैयार होने वाला यह मटन अपने खास स्वाद और सोंधी खुशबू के लिए दूर-दूर तक मशहूर है.
आगरा: उत्तर प्रदेश का आगरा शहर पूरी दुनिया में अपनी ऐतिहासिक इमारतों के लिए मशहूर है, लेकिन इसके साथ ही यहां के लजीज खान-पान का भी कोई मुकाबला नहीं है. अगर आप नॉनवेज खाने के शौकीन हैं और आगरा में हैं, तो यहां का मशहूर हांडी मटन चखना बिल्कुल न भूलें.
आगरा के सेक्टर 12 बोदला रोड पर बिहार का प्रसिद्ध ‘चम्पारण हांडी मटन’ परोसा जाता है, जिसकी खुशबू दूर-दूर से लोगों को खींच लाती है. यहां लाइन से हांडी मटन की कई दुकानें सजी हुई हैं, जहां सुबह से ही मटन के शौकीनों की भारी भीड़ जुटने लगती है.
मटन बेचने वाले दुकानदार जितेंद्र सिंह ने बताया कि उनके मटन के सुपरहिट होने का सबसे बड़ा राज इसका पारंपरिक तरीका है. इस मटन को प्रेशर कुकर या स्टील के बर्तनों के बजाय पूरी तरह मिट्टी की हांडी में पकाया जाता है. कुकर में मटन बनाने से उसकी असली खुशबू उड़ जाती है, लेकिन जब मटन मिट्टी के बर्तन में धीमी आंच पर पकता है, तो सोंधी महक इसके स्वाद को दोगुना बढ़ा देती है. इसे पकाने के लिए शुद्ध सरसों के तेल और चुनिंदा खड़े मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसके जायके में चार चांद लगा देते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इस लाजवाब रेसिपी को तैयार करने में कई घंटों की कड़ी मेहनत लगती है. दुकानदार ने बताया कि सबसे पहले गर्म सरसों के तेल में सभी तरह के साबुत खड़े मसाले डालकर उन्हें अच्छी तरह भुना जाता है. जब मसाले ठीक से भून जाते हैं, तो इसमें घर का पिसा हुआ एक खास सीक्रेट मसाला मिलाया जाता है. इन सभी मसालों को बहुत धीमी आंच पर पकाया जाता है ताकि उनका पूरा स्वाद तेल में अच्छी तरह उतर जाए. इसके बाद मटन के बड़े-बड़े पीसों को इस ग्रेवी के साथ मिलाकर मिट्टी की हांडी में डाल दिया जाता है. आखिर में हांडी के मुंह को आटे से पूरी तरह पैक करके उसे कोयले की हल्की आंच पर पकने के लिए छोड़ दिया जाता है.
सेक्टर 12 की इस चम्पारण हांडी मटन शॉप के मालिक ने बताया कि उनके यहां एक हांडी मटन की कीमत 490 रुपये है. इस एक हांडी में मटन के 6 बड़े और अच्छे पीस दिए जाते हैं, जिससे ग्राहकों का पेट और मन दोनों भर जाता है. यहां मटन के एक पीस का वजन लगभग 50 से 60 ग्राम तक होता है. मिट्टी के बर्तन में पकने की वजह से मटन एकदम रसदार और अंदर तक पूरी तरह गल जाता है.
यह हांडी मटन आगरा और उसके आसपास के इलाकों में इतना ज्यादा मशहूर हो चुका है कि दुकान खुलते ही ग्राहकों की लाइन लग जाती है. दुकानदार ने बताया कि कई बार डिमांड इतनी ज्यादा होती है कि वे चाहकर भी सबकी पूर्ति नहीं कर पाते. दूर-दराज से आने वाले लोग परेशान न हों, इसके लिए दुकान पर फोन के जरिए एडवांस बुकिंग की सुविधा भी दी गई है. इसके साथ ही वे ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के जरिए भी ऑर्डर लेते हैं, जहां से उन्हें हर दिन ढेरों अच्छे ऑर्डर मिलते हैं.