How To Identify Fake Tea: भारत में चाय को सिर्फ एक रिफ्रेशिंग ड्रिंक के रूप में नहीं देखा जाता है, कई लोगों के लिए ये एक इमोशन है. यहां चाय के साथ सिर्फ दिन की ही नहीं बल्कि रिश्तों की शुरुआत भी होती है. ऐसे में चाय पत्ती में मिलावट की खबर दिल तोड़ने जैसा है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में हैदराबाद खाद्य मिलावट निगरानी दल (एच-फास्ट) ने शहर भर में छापेमारी की और 3,000 किलोग्राम मिलावटी चाय पाउडर और 1,500 किलोग्राम एक्सपायर्ड चाय पाउडर सहित अन्य सामग्री जब्त की है. भले ही ये मामला देश के एक हिस्से से आयी है, लेकिन हो सकता है कि आपके शहर में भी चायपत्ती में मिलावट का खेल चल रहा हो. ऐसे में जरूर है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बिना देरी आप अपने किचन में रखी चाय पत्ती को यहां बताए गए तरीकों से टेस्ट करें. समय रहते असली और चायपत्ती की पहचान आपको गंभीर जोखिम से बचा सकती है.
FSSAI के चाय में मिलावट पहचानने के आसान टेस्ट
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कुछ आसान तरीके बताए हैं, जिनसे आप घर पर ही चाय की शुद्धता जांच सकते हैं.
पानी टेस्ट- एक गिलास नॉर्मल तापमान के पानी में एक चम्मच चाय पत्ती डालें. अगर चाय शुद्ध है, तो पानी का रंग नहीं बदलेगा. लेकिन अगर मिलावट है, तो पानी लाल या अलग रंग का हो सकता है.
फिल्टर पेपर टेस्ट- एक फिल्टर पेपर लें और उस पर चाय पत्ती फैला दें. उस पर थोड़ा पानी छिड़ककर गीला करें और फिर नल के पानी से धो लें. अब इसे रोशनी में देखें. अगर चाय शुद्ध है, तो कोई दाग नहीं दिखेगा. मिलावटी चाय में काला या भूरा दाग नजर आएगा.
कलर टेस्ट- इस टेस्ट के लिए आपको सबसे पहले चाय बनाना पड़ेगा. चाय बनाकर उसका रंग देखें. असली चाय का रंग साफ और चमकदार होता है, जबकि मिलावटी चाय का रंग धुंधला या असामान्य लग सकता है.
घुलनशीलता टेस्ट- चाय पत्ती को पानी में डालें. शुद्ध चाय पत्ती पूरी तरह नहीं घुलती, बस फूलती है. लेकिन मिलावटी चाय पानी में घुलकर पाउडर जैसी हो सकती है.
मिलावटी चाय पीने के नुकसान
रिपोर्ट्स के अनुसार, चाय की गुणवत्ता जांचने के लिए कई मानक होते हैं, फिर भी बाजार में मिलावट की जाती है. इसमें इस्तेमाल होने वाले नकली रंग और केमिकल सेहत के लिए खतरनाक हो सकते हैं. इससे ब्लड प्रेशर (हाई बीपी) बढ़ सकता है. लिवर और किडनी को नुकसान हो सकता है. इसमें कीटनाशक और केमिकल हो सकते हैं, जो लंबे समय में कैंसर, हार्मोन असंतुलन और दिमागी समस्याएं पैदा कर सकते हैं. कुछ लोगों में यह एलर्जी भी कर सकता है, जैसे खुजली, रैशेज या गंभीर स्थिति में सांस लेने में दिक्कत. इसलिए चाय खरीदते और पीते समय सावधानी बरतना बहुत जरूरी है.