Mango Sandesh Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में आम की बहार छा जाती है. हर कोई इस रसीले फल का अलग-अलग तरीके से आनंद लेना चाहता है. अगर आप भी आम के शौकीन हैं और कुछ खास ट्राई करना चाहते हैं, तो इस बार घर पर बनाएं शुद्ध बंगाली मिठाई ‘मैंगो संदेश’. इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि जो भी एक बार खाएगा, वह जरूर इसकी रेसिपी पूछेगा. दरअसल, बंगाल की मिठाइयां अपनी शुद्धता और सौम्यता के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं. संदेश आमतौर पर ताजे छेने से बनाया जाता है, लेकिन जब इसमें फलों के राजा आम का ‘ट्विस्ट’ मिलता है, तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.

यह उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो ज्यादा भारी या तली-भुनी मिठाइयों के बजाय कुछ हल्का और फ्रेश खाना पसंद करते हैं.

मैंगो संदेश बनाने की सामग्री-

दूध: 500 मिली
सिरका (Vinegar): 2 बड़े चम्मच
पानी: 2 बड़े चम्मच
आम (हिमसागर या अल्फोंसो): 1 बड़ा (मोटा कटा हुआ) और 1 बड़ा (छोटे क्यूब्स में कटा हुआ गार्निश के लिए)
पिसी हुई चीनी: 1/2 कप
व्हिप्ड क्रीम: 1/2 कप
पिस्ता: 1 बड़ा चम्मच (बारीक कटा हुआ)

बनाने की आसान विधि (Step-by-Step Recipe)

1. ताजा छेना तैयार करें-
सबसे पहले एक पैन में 500 मिली दूध डालकर गर्म करें. एक छोटी कटोरी में सिरका और पानी को आपस में मिला लें. जब दूध गर्म हो जाए, तब इसमें सिरके वाला मिश्रण धीरे-धीरे डालें. दूध को पूरी तरह फटने दें. जब दूध और पानी अलग हो जाए, तो इसे एक मलमल के कपड़े से छान लें.

2. आम और छेने का मेल-
अब तैयार किए गए ताजे छेने, पिसी हुई चीनी और मोटे कटे हुए आम के टुकड़ों को एक ब्लेंडर में डालें. इसे तब तक चलाएं जब तक कि यह पूरी तरह से चिकना और स्मूथ पेस्ट न बन जाए.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. मिश्रण को पकाएं-
इस स्मूथ मिश्रण को एक पैन में निकालें और धीमी आंच पर पकाएं. इसे तब तक चलाते रहें जब तक कि मिश्रण गाढ़ा न हो जाए. गाढ़ा होने के बाद इसे आंच से उतार लें और पूरी तरह से ठंडा होने दें.

4. गार्निशिंग और सर्विंग-
जब मिश्रण ठंडा हो जाए, तो इसे एक सर्विंग ग्लास या बाउल में निकालें. इसके ऊपर व्हिप्ड क्रीम की एक परत लगाएं. अंत में, बारीक कटे हुए आम के क्यूब्स और पिस्ता से इसे सजाएं.

प्रो टिप: इस मिठाई का असली मजा इसे ठंडा खाने में है. परोसने से पहले इसे कम से कम 1-2 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें. ठंडा होने के बाद इसका स्वाद और भी निखर कर आता है.

तो देर किस बात की? इस वीकेंड घर पर बनाइए यह शुद्ध बंगाली ‘मैंगो संदेश’ और अपने मेहमानों से ढेर सारी तारीफें बटोरें. यकीन मानिए, जो भी इसे एक बार चखेगा, वो आपसे इसकी रेसिपी जरूर पूछेगा!



Source link

Write A Comment