Lauki Pakoda Recipe: शाम की चाय का मजा तभी आता है जब साथ में कुछ गरमा-गरम और कुरकुरा खाने को मिल जाए. आमतौर पर लोग आलू, प्याज या पनीर के पकौड़े बनाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ अलग और स्वाद से भरपूर ट्राई करना चाहते हैं तो लौकी के पकौड़े एक शानदार ऑप्शन हैं. कई लोग लौकी की सब्जी का नाम सुनते ही मुंह बना लेते हैं, लेकिन यही लौकी जब मसालों और बेसन के साथ मिलकर क्रिस्पी पकौड़े बन जाती है तो उसका स्वाद दिल जीत लेता है. बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम ये पकौड़े बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आते हैं.

अच्छी बात ये है कि इन्हें बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती और घर की साधारण चीजों से ही ये तैयार हो जाते हैं, अगर आपके घर में भी लौकी पसंद नहीं की जाती, तो एक बार ये रेसिपी जरूर ट्राई करें. यकीन मानिए, प्लेट देखते ही साफ हो जाएगी और हर कोई इसकी रेसिपी पूछेगा.

लौकी के पकौड़े बनाने के लिए जरूरी चीजें
-1 मीडियम साइज लौकी
-1 कप बेसन
-2 बड़े चम्मच चावल का आटा या सूजी
-1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
-1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
-आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
-लाल मिर्च पाउडर स्वादानुसार
-आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर
-आधा छोटा चम्मच जीरा
-आधा छोटा चम्मच सौंफ
-2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
-नमक स्वादानुसार
-तलने के लिए तेल

ऐसे तैयार करें लौकी
सबसे पहले लौकी को अच्छे से धो लें. इसके दोनों किनारे काटकर छिलका उतार दें. अब इसे कद्दूकस कर लें या पतले गोल स्लाइस में काट लें, अगर आप ज्यादा क्रिस्पी पकौड़े चाहते हैं तो पतले स्लाइस बेहतर रहेंगे. इसके बाद लौकी को हल्के नमक वाले पानी में करीब 5 मिनट तक भिगोकर रखें. ऐसा करने से लौकी की कच्ची महक कम हो जाती है और स्वाद भी बेहतर आता है. फिर लौकी को पानी से निकालकर अलग रख दें ताकि उसका एक्स्ट्रा पानी निकल जाए.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

बैटर बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
एक बड़े बाउल में बेसन और चावल का आटा डालें. चावल का आटा पकौड़ों को ज्यादा कुरकुरा बनाता है, अगर चावल का आटा नहीं है तो सूजी भी इस्तेमाल कर सकते हैं. अब इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा, सौंफ और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार करें. बैटर ना ज्यादा पतला हो और ना बहुत ज्यादा गाढ़ा. ऐसा बैटर बनाएं जो लौकी पर अच्छी तरह चिपक जाए. आखिर में हरा धनिया डालकर अच्छे से मिक्स कर लें.

ऐसे तलें ताकि पकौड़े बनें एकदम क्रिस्पी
अब कड़ाही में तेल डालकर मीडियम आंच पर गरम करें. तेल ज्यादा ठंडा होगा तो पकौड़े तेल सोख लेंगे और ज्यादा गरम होगा तो बाहर से जल जाएंगे और अंदर से कच्चे रह सकते हैं. लौकी के स्लाइस को बैटर में डुबोएं और धीरे-धीरे गरम तेल में डालें. पकौड़ों को एक साथ ज्यादा ना डालें, वरना वे चिपक सकते हैं. इन्हें पलट-पलटकर गोल्डन ब्राउन होने तक तलें. जब पकौड़े अच्छे से कुरकुरे हो जाएं तो इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए.

किन चीजों के साथ खाएं ये पकौड़े
लौकी के पकौड़े हरी धनिया की चटनी, लहसुन की चटनी या टमाटर सॉस के साथ बेहद स्वादिष्ट लगते हैं. बरसात के मौसम में अदरक वाली चाय के साथ इनका स्वाद और भी बढ़ जाता है.

अगर आप इन्हें थोड़ा अलग ट्विस्ट देना चाहते हैं तो बैटर में थोड़ा चाट मसाला या कसूरी मेथी भी मिला सकते हैं. इससे पकौड़ों का स्वाद और खुशबू दोनों शानदार हो जाते हैं.

हेल्दी भी और टेस्टी भी
लौकी को हेल्दी सब्जियों में गिना जाता है. इसमें पानी की मात्रा काफी होती है और ये पेट के लिए भी हल्की मानी जाती है. जब इसे सही मसालों और सही तरीके से बनाया जाए तो इसका स्वाद किसी भी फेमस स्नैक से कम नहीं लगता. यही वजह है कि जो लोग लौकी की सब्जी खाने से बचते हैं, वो भी इसके पकौड़े मजे से खाते हैं.



Source link

Write A Comment