Last Updated:
Boiled Eggs Storage Tips: वैसे तो अंडे को आप महीनों तो बिना उबाले हुए स्टोर करके रख सकते हैं. लेकिन बॉइल एग पर ये नियम लागू नहीं होता है. ज्यादा दिन तक रखे हुए उबले अंडे को खाने से फूड पॉइजनिंग का भी खतरा रहता है. यहां जानिए अंडे को उबालने के बाद कितने देर में खा लेना चाहिए और इसे स्टोर करने का सही तरीका क्या है.
Boiled Eggs Storage Tips: अंडा लंबे समय से बैलेंस डाइट का अहम हिस्सा रहा है. इसे प्रोटीन का सबसे सस्ता और अच्छा सोर्स भी माना जाता है, जिससे इसका सेवन काफी किया जाता है. हेल्थ एक्सपर्ट भी इसके सेवन को शरीर की मांसपेशियों, हड्डियों और समग्र स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताते हैं. ऐसे में कई लोग अंडे को ऑमलेट, भुर्जी या फ्राई करके खाते हैं, लेकिन उबला हुआ अंडा सबसे हेल्दी विकल्प माना जाता है क्योंकि इसमें अतिरिक्त तेल या मसाले नहीं होते हैं.
लेकिन कई लोग उबले अंडे को खाने में भी एक ऐसी गलती कर बैठते हैं, जिससे शरीर में पोषक तत्वों की जगह बीमारियां पहुंच जाती है. ये गलती और कुछ नहीं बल्कि उबले हुए अंडे को सही तरीके से स्टोर न करने से जुड़ी है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि उबले हुए अंडे को कितनी देर के भीतर खा लेना चाहिए और इसे सुरक्षित तरीके से कैसे स्टोर किया जाए.
उबले अंडे को कितने देर में खा लेना चाहिए?
विशेषज्ञों के अनुसार, उबले हुए अंडे को कमरे के तापमान पर अधिक समय तक नहीं रखना चाहिए. सामान्य परिस्थितियों में इसे उबालने के बाद 2 घंटे के भीतर खा लेना सबसे सुरक्षित माना जाता है. वहीं, यदि मौसम बहुत गर्म है और तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से अधिक है, तो इसे 1 घंटे के भीतर ही खा लेना चाहिए.
कारण क्या है?
अंडे के छिलके पर मौजूद प्राकृतिक सुरक्षात्मक परत, जिसे क्यूटिकल कहा जाता है, उबालने के दौरान खत्म हो जाती है. इसके बाद बैक्टीरिया के लिए अंडे के अंदर पहुंचना आसान हो जाता है. इसके अलावा, जब कोई पका हुआ खाद्य पदार्थ लंबे समय तक 4°C से 60°C के बीच के तापमान में रखा रहता है, तो उसमें बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं. साल्मोनेला जैसे हानिकारक जीवाणु भी ऐसे वातावरण में तेजी से बढ़ते हैं. ऐसे में यदि खराब हो चुके अंडे का सेवन किया जाए, तो फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है. इसके कारण उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
उबले अंडे को स्टोर करने तरीका
अगर आप उबले हुए अंडे को तुरंत नहीं खाने वाले हैं, तो उसे फ्रिज में रखना सबसे अच्छा विकल्प है. बिना छिलका उतारे उबले अंडों को रेफ्रिजरेटर में लगभग 7 दिनों तक सेफ रखा जा सकता है. ध्यान रखें कि अंडों को फ्रिज के दरवाजे में रखने के बजाय अंदर की शेल्फ पर रखें, क्योंकि दरवाजा बार-बार खुलने और बंद होने से तापमान बदलता रहता है.
इस बात का भी ध्यान रखें
खाने से पहले अंडे की जांच जरूर करें. यदि अंडे से सड़ी हुई या अजीब गंध आए, या उसकी सतह असामान्य रूप से चिपचिपी लगे, तो उसे तुरंत फेंक दें. ऐसे अंडों का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है.
About the Author
शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.