Himachali Sepu Vadi Recipe: भारतीय घरों में दोपहर के खाने की बात हो तो सबसे पहले दाल, चावल, रोटी और सब्जी का ही नाम आता है. यह खाना सेहत के लिए अच्छा जरूर होता है, लेकिन रोज-रोज एक जैसा स्वाद मिलते-मिलते कभी-कभी पूरा परिवार कुछ नया खाने की फरमाइश करने लगता है. खासकर बच्चे तो प्लेट देखकर ही पूछ बैठते हैं कि आज कुछ अलग नहीं बना क्या? ऐसे में अगर आप भी सोचते हैं कि लंच में ऐसा क्या बनाया जाए जो स्वादिष्ट भी हो, पौष्टिक भी हो और घरवालों को पसंद भी आए, तो हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक सेपू वड़ी आपके लिए शानदार विकल्प हो सकती है.
उड़द दाल से बनी नरम वड़ियां और पालक-दही की मसालेदार ग्रेवी इस डिश को बाकी सब्जियों से बिल्कुल अलग बनाती है. मशहूर शेफ रणवीर बराड़ ने भी इस पारंपरिक रेसिपी को आसान अंदाज में साझा किया है, जिसे आप बिना ज्यादा मेहनत के घर पर तैयार कर सकते हैं, अगर इस वीकेंड या किसी खास लंच में कुछ नया ट्राई करने का मन है, तो यह पहाड़ी डिश आपके मेन्यू में जरूर शामिल होनी चाहिए.
क्या है हिमाचली सेपू वड़ी?
सेपू वड़ी हिमाचल प्रदेश की बेहद लोकप्रिय पारंपरिक डिश है. इसे खास मौकों, त्योहारों और मेहमानों के स्वागत में बनाया जाता है. इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत इसकी मुलायम उड़द दाल की वड़ियां और पालक-दही से तैयार होने वाली गाढ़ी ग्रेवी है. इसका स्वाद हल्का मसालेदार होने के साथ बेहद संतुलित होता है, इसलिए यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है.
सेपू वड़ी बनाने के लिए सामग्री
वड़ी के लिए
1. 2 कप रातभर भीगी उड़द दाल
2. स्वादानुसार नमक
3. 4-5 बारीक कटी हरी मिर्च
4. 1 इंच बारीक कटा अदरक
5. 2 बड़े चम्मच हरा धनिया
6. आधा छोटा चम्मच हल्दी
7. आधा छोटा चम्मच देगी लाल मिर्च
8. चुटकीभर हींग
9. आधा छोटा चम्मच जीरा
(इमेज AI)
ग्रेवी के लिए
1. 2-3 बड़े चम्मच सरसों का तेल
2. 1 सूखी कश्मीरी लाल मिर्च
3. आधा इंच दालचीनी
4. 2 बड़ी इलायची
5. 1 छोटा चम्मच सौंफ
6. 1½ कप फेंटा हुआ दही
7. 1 हरी मिर्च
8. 1 बड़ी पालक (ब्लांच करके पीसी हुई)
9. 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
10. 1 छोटा चम्मच देगी लाल मिर्च
11. आधा छोटा चम्मच हल्दी
12. स्वादानुसार नमक
13. 1 छोटा चम्मच चीनी
14. तलने के लिए तेल
कैसे तैयार करें नरम और स्वादिष्ट वड़ियां?
सबसे पहले भीगी हुई उड़द दाल को थोड़ा नमक डालकर बारीक पीस लें. अब इसमें हरी मिर्च, अदरक, धनिया, हल्दी, लाल मिर्च, हींग और जीरा मिलाकर मिश्रण को अच्छी तरह फेंटें. मिश्रण जितना हल्का और फूला हुआ होगा, वड़ियां उतनी ही मुलायम बनेंगी. अब हाथ पर थोड़ा तेल लगाकर छोटी-छोटी वड़ियां तैयार करें. एक बर्तन में पानी उबालें, उसमें थोड़ा नमक और कुछ बूंदें तेल की डालें. तैयार वड़ियों को करीब 7 से 8 मिनट तक उबालें. जब वड़ियां ऊपर तैरने लगें, तब उन्हें निकाल लें. इसी गर्म पानी में पालक को करीब 30 सेकंड तक ब्लांच करें और तुरंत ठंडे पानी में डाल दें. इसके बाद पालक की स्मूद प्यूरी बना लें.
(इमेज AI)
ऐसे तैयार करें स्वाद से भरपूर ग्रेवी
उबली हुई वड़ियों को हल्का सुनहरा होने तक तल लें. अब कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें सूखी लाल मिर्च, दालचीनी, बड़ी इलायची, हींग और सौंफ डालकर खुशबू आने तक भूनें. इसके बाद फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि दही फटे नहीं. अब पालक की प्यूरी, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, नमक और चीनी डालकर लगभग 10 मिनट तक पकाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और तली हुई वड़ियां ग्रेवी में मिला दें. कुछ मिनट ढककर पकाएं ताकि वड़ियां ग्रेवी का पूरा स्वाद अपने अंदर सोख लें. जब ऊपर हल्का तेल दिखाई देने लगे, तब गैस बंद कर दें.
किसके साथ परोसें?
गरमा-गरम हिमाचली सेपू वड़ी का स्वाद सादे चावल के साथ सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. हालांकि इसे तंदूरी रोटी, फुल्का या जीरा राइस के साथ भी परोसा जा सकता है. ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
घर के लंच को बना देगी खास
अगर हर दिन एक जैसी दाल और सब्जी से मन भर गया है, तो यह पारंपरिक रेसिपी आपके खाने का स्वाद पूरी तरह बदल सकती है. इसमें दाल का पोषण, पालक की खूबियां और दही की मलाईदार ग्रेवी एक साथ मिलती है. यही वजह है कि यह डिश स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन मेल मानी जाती है. अगली बार जब घर में कुछ अलग बनाने की बात हो, तो हिमाचली सेपू वड़ी जरूर ट्राई करें.