होमफोटोलाइफ़फूड

कच्चे आम से बनाएं आमझोरा! तेल-मसाले से है फ्री, सेहत के लिए बहुत फायदेमंद

Last Updated:

Aamjhora Recipe: गर्मी में कच्चे आम से बनने वाला पारंपरिक पेय आमझोरा शरीर को ठंडक देता है, लू से बचाता है, इसे गुड़ चीनी जीरा काला नमक पुदीना से आसानी से बनाया जा सकता है. आइये जानते हैं इसकी रेसिपी के बारे में.

आम का मौसम आते ही बाजारों में कच्चे आम यानी अमिया की भरमार दिखाई देने लगती है. गर्मियों में यह सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाते, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होते हैं. लोग इन्हें अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल करते हैं, जैसे सब्जी, दाल या चटनी में डालकर खाने का स्वाद बढ़ाते हैं. कच्चे आम का खट्टापन खाने में एक अलग ही मजा देता है, जो हर किसी को पसंद आता है.

अगर आप हर बार एक ही तरह से कच्चा आम खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं. यह मौसम नई-नई रेसिपी बनाने के लिए बिल्कुल सही है. खासकर घर में ऐसी चीजें बनाना जो स्वादिष्ट भी हों और सेहत के लिए भी अच्छी हों तो मजा दोगुना हो जाता है. इन्हीं में से एक आसान और टेस्टी रेसिपी है आमझोरा.

आमझोरा एक पारंपरिक पेय और चटनी है, जिसे खासतौर पर गर्मियों में बनाया जाता है. यह शरीर को ठंडक देता है और लू से बचाने में भी मदद करता है. इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बहुत आसान है और इसमें ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं होती. घर की साधारण चीजों से ही इसे तैयार किया जा सकता है. जैसे की कच्चा आम, गुड या चीनी, भुना हुआ जीरा, काला नमक, सफेद नमक इत्यादि.

Add News18 as
Preferred Source on Google

देवघर की गृहिणी मनीषा सिंह बताती हैं कि सबसे पहले कच्चे आम को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें. ताकि उस पर लगी धूल या गंदगी हट जाए. अब कच्चे आम को गैस पर मीडियम आंच में चढ़ा दें और कच्चे आम डालकर पकने के लिए छोड़ दें. आम को तब तक पकाएं, जब तक वह पूरी तरह से नरम न हो जाए. जब आम अच्छे से पक जाए तो गैस बंद कर दें और आम को ठंडा होने के लिए एक बर्तन में रख दें, ताकि आप उसे आसानी से छील सकें.

जब आम हल्का ठंडा हो जाए, तब उसके छिलके को धीरे-धीरे हटाएं. छिलका हटाने के बाद आम को एक बर्तन में डालें और अपने हाथों की मदद से उसे अच्छे से मसल लें, ताकि उसका गूदा पूरी तरह से निकल आए. आम को मसलते समय उसकी गुठली को अलग कर लें, लेकिन उसे फेंके नहीं, क्योंकि उसमें भी काफी स्वाद होता है. गुठली को एक अलग बर्तन में रख लें और जो आम का गाढ़ा रस निकालें, उसे दूसरे बर्तन में जमा कर लें.

अब इस आम के रस में अपने स्वाद के अनुसार गुड़ या चीनी डालें और अच्छी तरह से मिलाएं, ताकि मिठास बराबर हो जाए. इसके बाद इसमें भुना हुआ जीरा पाउडर, काला नमक और साधारण नमक डालें. चाहें तो बारीक कटा हुआ पुदीना भी डाल सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं. अब इन सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर एक स्वादिष्ट मिश्रण तैयार कर लें.

अंत में अगर आप इस अमझोरा को चावल या रोटी के साथ खाना चाहते हैं तो इसमें थोड़ा सा पानी डालकर इसे हल्का गाढ़ा ही रखें, ताकि इसका स्वाद और मजा बना रहे, लेकिन अगर आप इसे पीना चाहते हैं, जैसे सूप या ठंडा पेय तो इसमें थोड़ा ज्यादा पानी डालकर इसे पतला कर सकते हैं. अब आपका स्वादिष्ट, खट्टा-मीठा और ठंडक देने वाला अमझोरा पूरी तरह तैयार है, जिसे आप गर्मी के दिनों में आराम से आनंद लेकर खा या पी सकते हैं.



Source link

Write A Comment