Last Updated:

अगर आप घर पर बिल्कुल ढाबे जैसी गाढ़ी, मसालेदार और स्वादिष्ट कढ़ी बनाना चाहते हैं, तो सही बेसन, ताजा दही, लहसुन वाला तड़का और धीमी आंच पर पकाने की तकनीक अपनाएं. इन आसान टिप्स से आपकी कढ़ी का स्वाद होटल और ढाबे जैसा हो जाएगा.

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार की पारंपरिक रसोई में कढ़ी का अपना एक अलग ही स्थान है. गांवों में यह व्यंजन आज भी बड़े चाव से बनाया और खाया जाता है. समय के साथ कढ़ी का स्वाद और बनाने का तरीका बदलता गया, लेकिन इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई.

खासकर ढाबों में मिलने वाली गाढ़ी, मसालेदार और हल्की खटास वाली कढ़ी लोगों को बेहद पसंद आती है. अब यदि आप भी वही ढाबा-स्टाइल स्वाद अपने घर में पाना चाहते हैं, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर बिल्कुल वैसी ही स्वादिष्ट कढ़ी तैयार कर सकते हैं.

रसोइया गुड़िया कुमारी ने लोकल 18 से बताया कि स्वादिष्ट कढ़ी बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका बेसन की होती है. अच्छी गुणवत्ता का बेसन, ताजा दही और सही मसालों का संतुलन इस व्यंजन का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. कढ़ी में नमक, हल्दी, लाल मिर्च, लहसुन और अंत में हरी धनिया डालने से इसका स्वाद और सुगंध दोनों बेहतरीन हो जाते हैं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

ढाबा-स्टाइल कढ़ी की सबसे बड़ी खासियत उसका गाढ़ापन, मसालों की खुशबू और लहसुन वाला तड़का होता है. इसके लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में दही और बेसन डालकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि मिश्रण में किसी भी तरह की गांठ न रहे. इसके बाद इसमें हल्दी, लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक मिलाएं. जरूरत के अनुसार पानी डालकर मिश्रण को पतला कर लें.

अब एक कढ़ाही में तेल या घी गरम करें. इसमें सबसे पहले राई, जीरा और थोड़ी-सी मेथी डालें. इसके बाद करी पत्ता, साबुत सूखी लाल मिर्च और बारीक कटा लहसुन डालकर अच्छी तरह भूनें. यदि आप प्याज पसंद करते हैं, तो उसे भी हल्का सुनहरा होने तक भून सकते हैं. यही मसालेदार तड़का ढाबा-स्टाइल कढ़ी को उसका खास स्वाद देता है.

तड़का तैयार होने के बाद दही और बेसन का मिश्रण कढ़ाही में डाल दें. इस दौरान लगातार चलाते रहें, ताकि मिश्रण नीचे से चिपके नहीं और फटे भी नहीं. जब इसमें उबाल आने लगे तो आंच धीमी कर दें और करीब 15 से 20 मिनट तक पकने दें. धीमी आंच पर पकाने से कढ़ी गाढ़ी होने के साथ-साथ मसालों का स्वाद भी अच्छी तरह घुल जाता है.

यदि आप पकौड़ी वाली कढ़ी बनाना चाहते हैं, तो अलग से बेसन का थोड़ा गाढ़ा घोल तैयार करें. इसमें चाहें तो बारीक कटा प्याज भी मिला सकते हैं, फिर गरम तेल में छोटे-छोटे पकौड़े तल लें. कढ़ी तैयार होने से करीब 10 मिनट पहले इन पकौड़ों को कढ़ी में डाल दें, ताकि वे अच्छी तरह नरम होकर स्वाद को और बढ़ा दें.

अंत में एक छोटा-सा तड़का तैयार करें. इसके लिए थोड़ा घी गरम करें और उसमें लाल मिर्च पाउडर डालकर तुरंत तैयार कढ़ी के ऊपर डाल दें. यह अंतिम तड़का कढ़ी की खुशबू और स्वाद को दोगुना कर देता है. गुड़िया ने बताया कि ढाबा-स्टाइल कढ़ी का असली राज गाढ़े दही-बेसन के मिश्रण, भरपूर लहसुन वाले तड़के और धीमी आंच पर लंबे समय तक पकाने में छिपा है.

यदि इन बातों का ध्यान रखा जाए, तो घर पर भी बिल्कुल ढाबे जैसा स्वाद पाया जा सकता है, ऐसे में अगर आप इस बार कुछ पारंपरिक और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी जरूर आजमाएं. यकीनन इसका स्वाद हर किसी को पसंद आएगा और खाने वाले भी यही कहेंगे. वाह! बिल्कुल ढाबा जैसी कढ़ी.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment