Karela Paratha Recipe: करेले का नाम सुनते ही ज्यादातर लोग मुंह बना लेते हैं, खासकर बच्चे तो इसे देखकर ही प्लेट से दूरी बना लेते हैं, लेकिन अगर यही करेला एक ऐसे रूप में सामने आए, जहां उसकी कड़वाहट गायब हो और स्वाद लाजवाब लगे, तो कहानी पूरी बदल सकती है. आजकल लोग हेल्दी खाने की तरफ झुक रहे हैं, लेकिन स्वाद से समझौता करना किसी को मंजूर नहीं होता. ऐसे में करेला एक बेहतरीन ऑप्शन है, बस उसे सही तरीके से बनाना आना चाहिए. यही वजह है कि अब किचन में एक्सपेरिमेंट्स बढ़ रहे हैं और पारंपरिक चीजों को नए अंदाज में पेश किया जा रहा है.

करेला पराठा भी उसी का एक शानदार उदाहरण है. यह सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि एक ऐसा तरीका है जिससे आप अपने घर में हेल्दी और टेस्टी खाना एक साथ ला सकते हैं. खास बात यह है कि सही ट्रिक अपनाने से करेला बिल्कुल भी कड़वा नहीं लगता और इसका स्वाद इतना बढ़िया हो जाता है कि जो लोग इसे पसंद नहीं करते, वो भी इसे बार-बार मांगेंगे, अगर आप भी चाहते हैं कि आपके घर में करेला देखकर कोई न भागे, तो यह रेसिपी आपके लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है.

करेले की कड़वाहट कैसे करें कम?
करेले की सबसे बड़ी परेशानी उसकी कड़वाहट होती है, लेकिन एक आसान तरीका इसे काफी हद तक कम कर देता है. करेले को काटकर उसमें नमक लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें. बाद में इसे अच्छी तरह निचोड़ लें. इससे उसका कड़वा पानी निकल जाता है और स्वाद काफी हल्का हो जाता है.

करेला पराठा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
-1½ कप गेहूं का आटा
-नमक स्वाद के अनुसार
-पानी
-1 छोटा चम्मच घी या ऑलिव ऑयल
-1 मीडियम करेला (कटा और नमक लगा हुआ)
-2 टेबलस्पून मैश आलू (चाहें तो)
-¼ छोटा चम्मच गरम मसाला
-1 छोटा चम्मच जीरा
-1–2 हरी मिर्च
-1 टेबलस्पून धनिया पाउडर
-¼ छोटा चम्मच हल्दी
-½ कप बारीक कटा प्याज
-½ छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
-½ कप कद्दूकस किया सूखा नारियल

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

फिलिंग तैयार करने का तरीका
सबसे पहले कढ़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. इसके बाद हरी मिर्च, प्याज और अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर भूनें. जब प्याज हल्का सुनहरा हो जाए, तब उसमें नारियल डालें और थोड़ा और पकाएं. अब इसमें हल्दी, नमक, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालें. इसके बाद निचोड़ा हुआ करेला डालकर अच्छे से पकाएं, अगर आप चाहें तो इसमें थोड़ा मैश आलू डाल सकते हैं, इससे फिलिंग अच्छी तरह बाइंड हो जाती है और स्वाद भी बढ़ जाता है.

पराठा बनाने का तरीका
आटे में नमक और थोड़ा घी मिलाकर सॉफ्ट आटा गूंथ लें और 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें. फिर इसकी छोटी लोइयां बनाएं और पतली रोटियां बेल लें. अब एक रोटी पर तैयार फिलिंग रखें और दूसरी रोटी से ढक दें. हल्का बेलकर इसे तवे पर डालें. थोड़ा घी या ऑयल लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें.

सर्व करने का तरीका
तैयार करेला पराठा आप हरी चटनी, दही या चाय के साथ खा सकते हैं. यह नाश्ते के लिए परफेक्ट है और लंच बॉक्स में भी आसानी से पैक किया जा सकता है.

क्यों ट्राय करें यह रेसिपी?
यह रेसिपी उन लोगों के लिए खास है जो हेल्दी खाना चाहते हैं लेकिन स्वाद नहीं छोड़ना चाहते. इसमें करेला भी है और मजेदार फ्लेवर भी, यानी दोनों का बैलेंस.



Source link

Write A Comment