किचन में रखे ड्राई फ्रूट्स, खासकर काजू और बादाम, अगर कुछ दिनों तक हवा के संपर्क में रह जाएं, तो वे सील जाते हैं। उनका असली स्वाद उनके खास ‘क्रंच’ या करारेपन में ही छिपा होता है। सीलन की वजह से यह क्रंच गायब हो जाता है और वे चबाने में रबड़ जैसे लगने लगते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है, तो उन्हें फेंकने या बेस्वाद खाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। अगर आप अपने ड्राई फ्रूट्स को लंबे समय तक फ्रेश, कुरकुरा और स्वादिष्ट बनाए रखना चाहते हैं, तो स्टोरेज के ये आसान और असरदार तरीके आपके काम आएंगे।
एयरटाइट ग्लास कंटेनर का इस्तेमाल
काजू-बादाम को कभी भी खुले पैकेट या प्लास्टिक की हल्की थैलियों में न रखें। इन्हें हमेशा कांच के एयरटाइट जार में स्टोर करें। कांच के जार नमी को बाहर रखते हैं और ड्राई फ्रूट्स के नेचुरल तेल को खराब होने से बचाते हैं।
फ्रिज या फ्रीजर में रखें
गर्मियों के मौसम में या ज्यादा नमी वाली जगहों पर काजू-बादाम को बाहर रखने के बजाय फ्रिज में रखना सबसे बेहतर उपाय है। अगर आप 1-3 महीने तक इसे स्टोर करना चाहते हैं तो एयरटाइट डिब्बे में बंद करके फ्रिज के शेल्फ में रखें। आप चाहे तो इन्हें फ्रीजर में भी स्टोर कर सकते हैं। जब भी इस्तेमाल करना हो, 10 मिनट पहले बाहर निकाल लें।
सिलिका जेल पाउच
जब आप नया एयरटाइट डिब्बा लें, तो उसमें एक फूड-सेफ सिलिका जेल का पाउच डाल दें। यह डिब्बे के अंदर बची हुई थोड़ी-बहुत नमी को भी सोख लेता है, जिससे काजू और बादाम का क्रंच महीनों तक बरकरार रहता है।
रोस्ट करके स्टोर करें
अगर आपको लगता है कि ड्राई फ्रूट्स हल्के से सील गए हैं या आप उन्हें लंबे समय तक क्रंची रखना चाहते हैं, तो उन्हें धीमी आंच पर बिना तेल या घी के 3-4 मिनट के लिए सूखा भून लें। ठंडा होने के बाद इन्हें कांच की शीशी में बंद कर दें। इससे नमी पूरी तरह खत्म हो जाती है।
नमी और धूप से दूर रखें
ड्राई फ्रूट्स के डिब्बे को कभी भी किचन के सिंक के पास, गैस स्टोव के बगल में या सीधी धूप वाली जगह पर न रखें। गर्मी और भाप से इनके अंदर का तेल खराब हो जाता है, जिससे इनसे अजीब गंध आने लगती है।
अगर क्रंच चला गया है तो क्या करें?
अगर आपके काजू-बादाम पहले ही नरम पड़ चुके हैं, तो उन्हें फेंकने की जरूरत नहीं है। बस उन्हें माइक्रोवेव में 30 से 45 सेकंड के लिए गर्म करें या ओवन/तवे पर हल्का सा भून लें। ठंडा होते ही उनका कुरकुरापन वापस लौट आएगा।