How to Identify Chemical-Treated Vegetables: हरी-हरी ताजी सब्जियों के बिना खाना अधूरा है. पौष्टिक तत्वों से भरपूर ये ग्रीन वेजिटेबल्स शरीर को आयरन, प्रोटीन, कैल्शियम, पोटैशियम, विटामिंस, एंटीऑक्सीडेंट्स आदि प्रदान करती हैं, लेकिन कई बार केमिकल युक्त सब्जियों के सेवन से आपको कई तरह के नुकसान भी हो सकते हैं. आजकल सब्जी मार्केट में खूब केमिकल युक्त सब्जियों के बेचने का गोरखधंधा चल रहा है. सब्जी विक्रेता सब्जियों को जल्दी बड़ा करने, उन्हें ताजी और चमकदार दिखाने के लिए कई तरह के केमिकल्स, पेस्टिसाइड्स का इस्तेमाल करते हैं. ये शरीर के लिए हानिकारक होते हैं. ऐसे में आप इन्हें फ्रेश समझकर खरीद लेते हैं, लेकिन आप जानना चाहते हैं केमिकल लगी सब्जियों को पहचानने का तरीका, तो यहां बताए गए कुछ टिप्स पर गौर करें…
केमिकल लगी सब्जियों को पहचानने के टिप्स
1. जब आप ठेले पर से सब्जी लें, तो ध्यान से देखें कि कहीं वह जरूरत से ज्यादा चमकदार तो नजर नहीं आ रही हैं. शिमला मिर्च, टमाटर, बैंगन, खीरा असामान्य रूप से चमकदार दिख रही हैं तो अलर्ट हो जाएं. इन पर वैक्स या अन्य रसायनों की परत लगी हो सकती है.
2. जब कोई सब्जी नेचुरल तरीके से उगाई जाती है तो उनके रंग, आकार में थोड़ा बहुत फर्क होता है. सारे टमाटर, खीरे, बैंगन, शिमला मिर्च एक ही साइज, रंग, आकार के नजर आ रहे हों तो इन्हें ना खरीदें. इनमें रासायनिक उपचार की संभावना हो सकती है.
3. कोई भी सब्जी अपने मौसम के अनुसार ही खाने में अधिक टेस्टी और फ्रेश लगती है. ऑफ-सीजन मिलने वाली सब्जियों को फ्रेश रखने के लिए काफी सब्जी विक्रेता केमिकल का यूज करते हैं. साथ ही इनमें ग्रोथ रेगुलेटर का उपयोग भी काफी सब्जी बेचने वाले करते हैं, ताकि वे अधिक दिनों तक खराब न हों.
4. असामान्य रूप से बड़ा आकार हो तो भी अलर्ट हो जाएं. ऐसी सब्जियों को खरीदने से बचें. कुछ लौकी, बैंगन या फिर भिंडी काफी बड़े साइज की नजर आती हैं. ऐसा सब्जियों के आकार को बढ़ाने के लिए ग्रोथ हॉर्मोन और अत्यधिक उर्वरकों के इस्तेमाल के कारण भी हो सकता है.
5. नेचुरल तरीके से उगाई गईं सब्जियां कुछ दिनों में मुरझाने लगती हैं, लेकिन जब यही सब्जी कई दिनों तक फ्रेश ही नजर आए तो समझ लें कुछ गड़बड़ है. इन सब्जियों पर प्रिजर्वेटिव या वैक्स की परत लगी हो सकती है.
6. कुछ सब्जियां काटने पर हाथों में बैंगनी, लाल, मैरून, हरा रंग लगे तो समझ लें इन्हें फ्रेश दिखाने के लिए नकली रंग लगाया गया है. इन्हें बिल्कुल भी ना खाएं.
केमिकल का असर कम करने के उपाय
– सब्जियों से नकली रंग और केमिकल हटाने के लिए नमक वाले पानी में भिगोकर कुछ देर के लिए छोड़ दें. फिर दो से तीन बार साफ पानी से धो लें. कीटनाशक अवशेष हटाने में मदद मिलती है.
-पानी में थोड़ा सा बेकिंग सोडा डालकर मिक्स करें. इसमें सब्जियों को 15 मिनट भिगोकर छोड़ दें. फिर साफ पानी से सब्जियां साफ कर लें.
– जिन सब्जियों का छिलका हटाना जरूरी है, उन्हें अच्छी तरह से छीलकर ही पकाएं. खीरा, लौकी, गाजर, चुकंदर आदि के छिलके उतार दें.
सब्जी खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?
हमेशा ताजी, लोकल और मौसमी सब्जियां खरीदें.
विश्वसनीय सब्जी वाले से सब्जी खरीदें.
ऑर्गेनिक या प्राकृतिक खेती से उगाई गई सब्जियां ही खाएं.
चमकदार और असामान्य रूप से बड़े आकार की सब्जियां ना खरीदें.