Last Updated:
खाना पकाना कला और विज्ञान का मिश्रण है. मटन पकाने की बात करें तो, इसमें धैर्य, सही मैरिनेशन और नियंत्रित आंच का अद्भुत मेल है. फिर भी, कई बार मटन नरम और मुलायम नहीं बनता. अगर आप भी ऐसा महसूस करते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए है. आइए जानते हैं घर पर मुंह में घुल जाने वाले मटन बनाने के 5 सीक्रेट टिप्स…
अगर आप चाहते हैं कि घर पर बना मटन बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा मुलायम और मुंह में घुल जाने वाला बने, तो सिर्फ मसालों पर ध्यान देना काफी नहीं है. मटन की सही कटिंग, मेरिनेशन का समय, पकाने का तरीका और कुछ खास किचन ट्रिक्स इसके स्वाद और टेक्सचर को पूरी तरह बदल सकते हैं. अक्सर लोग घंटों पकाने के बाद भी मटन को नरम नहीं बना पाते, जबकि कुछ आसान सीक्रेट टिप्स इस काम को बेहद आसान बना देती हैं. सही तापमान पर धीमी आंच में पकाया गया मटन ना सिर्फ ज्यादा रसदार बनता है, बल्कि हर निवाला स्वाद से भरपूर होता है. अगर आप भी चाहते हैं कि आपके हाथों का बना मटन खाकर मेहमान रेसिपी पूछने पर मजबूर हो जाएं, तो जानिए 5 खास टिप्स जो मटन को बनाएंगी बेहद सॉफ्ट और लाजवाब.
कच्चे पपीते का पेस्ट डालें – मटन को मैरिनेट करते समय, एक छोटा चम्मच कच्चे पपीते का पेस्ट डाल दें. पपीते में मौजूद एंजाइम मटन के सख्त रेशों (फाइबर) को आसानी से नरम कर देते हैं, जिससे गोश्त बहुत जल्दी और अच्छी तरह गल जाता है. ध्यान रखें कि हमेशा गहरे हरे रंग के कच्चे पपीते का ही इस्तेमाल करें. पीला या पका हुआ पपीता मटन को नरम करने का काम नहीं करेगा. इसके लिए आप पपीते के छोटे-छोटे टुकड़े कर दें और मिक्सर जार में डालें. एक स्मूद (गाढ़ा) पेस्ट बनाने के लिए जरूरत के अनुसार थोड़ा सा पानी मिलाएं. ध्यान रखें कि लगभग 1 किलो मटन के लिए 1 से 2 बड़े चम्मच कच्चे पपीते का पेस्ट लगेगा. मटन को पेस्ट लगाकर 1 से 2 घंटे के लिए मैरिनेट होने दें. अगर आप मैरिनेट करने के बाद मटन को रात भर फ्रिज में रखेंगे तो यह और ज्यादा स्फॉट हो जाएगा.
गर्म पानी का प्रयोग करें – अगर आप मटन पकाते समय ठंडा पानी डालेंगे, तो यह रबर जैसा हो जाएगा. इसलिए बेहतर है कि आप गर्म पानी डालें, ऐसा करने से मटन नरम और मुलायम बनता है और जल्दी पक जाता है. गर्म पानी डालने के बाद कुकर का ढक्कन लगाएं और मीडियम आंच पर तीन से चार सीटी आने तक अच्छे से पका लें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
धीमी आंच पर पकाना – मुंह में घुल जाने वाला मटन पकाने का सबसे बड़ा सीक्रेट है धीमी आंच और धैर्य. मटन को हमेशा लंबे समय तक पकाया जाता है, जिसे दम या सिमरिंग कहते हैं. प्रेशर कुकर में 10 सीटी आने तक पकाने के बजाय, इसे धीमी आंच पर 3-4 सीटी आने तक पकाएं ताकि इसका रस बरकरार रहे. मटन को मसालों के साथ कम से कम 15 से 20 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें.
नारियल का छिलका डालें – मटन को मुलायम बनाने के लिए ग्रेवी में नारियल के छिलके का एक छोटा सा टुकड़ा डाल दें, इससे मटन नरम हो जाता है. मटन को सॉफ्ट करने के लिए दही और नींबू के रस का भी प्रयोग किया जाता है. पहले दही या नींबू के साथ मटन को मैरिनेट कर लें और कुछ समय के लिए रख दें. फिर इसे धीमी आंच पर पकाने के लिए रख दें.
5 मिनट के लिए छोड़ दें – मटन पक जाने और आंच बंद करने के बाद, कुकर के ढक्कन तुरंत ना खोलें. मटन को कम से कम 4 से 6 मिनट तक भाप में पकने दें. भाप के अंदर रहने से मटन और भी नरम हो जाता है.