Common Mistakes That Waste Cooking Gas: इन दिनों गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं. लोग जैसे-तैसे सिलेंडर अरेंज कर रहे हैं. खाना तो हर दिन बनाना और खाना है. कोई भूखे रह भी नहीं सकता है. कुछ लोग खाना कम बनाते हैं या गैस बचाने के चक्कर में एक बार ही खाना पकाते हैं, लेकिन फिर भी सिलेंडर पूरे 30 दिन भी नहीं चल पाता है. कई बार आपकी कुछ गलतियों के कारण भी गैस सिलेंडर जल्दी खाली हो जाता है. ऐसे में आप चाहते हैं कि आपका सिलेंडर पूरे एक महीने या उससे भी अधिक दिनों तक भरा रहे तो आप यहां बताए गए कुछ बातों को जरूर ध्यान में रखें.
एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर बचत करने के उपाय
– कई बार लोग गैस के बर्नर को गंदा ही छोड़ देते हैं. क्या आपको पता है कि गंदे बर्नर से गैस फ्लेम कम निकलता है, लेकिन गैस अधिक खपत होता है. इसकी सफाई रेगुलर करें.
– अगर आप गैस ऑन करते हैं और उसमें से पीली लौ निकल रही है तो समझ लें कि गैस कम हो गई है. बर्नर से हमेशा नीली फ्लेम निकले तो समझें कि गैस सिलेंडर में काफी है. कई बार नीली-पीली फ्लेम एक साथ निकलती है, इसका मतलब है कि बर्नर में गंदगी फंसी हुई है, जिसे साफ करना जरूरी है. इससे गैस की खपत अधिक होती है और बर्बादी भी. आपके बर्तन भी तले से काले पड़ सकते हैं.
– बेहतर है कि आप बर्नर की साफ-सफाई का ध्यान रखें. इसे आप ईनो, साइट्रिक एसिड से साफ कर सकते हैं. इससे बर्नर के छेद में जमी ग्रीस, कार्बन, चिकनाई, भोजन के कण आदि आसानी से निकल जाएंगे.
– कुछ लोग सब्जी पूरी कटी नहीं होती है कि पहले से ही गैस ऑन करके कुकर, कड़ाही चढ़ा देते हैं. इससे भी आपका गैस बेकार में बर्बाद होता है. जब आप पूरी सब्जी, प्याज, लहसुन आदि काट लें, इन्हें साफ कर लें, उसके बाद ही कड़ाही को गैस पर रखें. इससे ईंधन ज्यादा खर्च नहीं होगा.
-जब भी खाना पकाएं तो मीडियम या कम आंच पर बर्तन को ढककर पकाएं. ऐसा करने से भाप अंदर ही रहेगा, जिससे चावल, दाल, सब्जी, नॉनवेज कोई भी फूड आइटम जल्दी और बिना जले सही तरीके से पक भी जाएगा. इससे गैस की बचत भी होती है.
-दो आदमी का खाना बनाने के लिए बड़े सी कड़ाही, कुकर या भगोने का इस्तेमाल न करें. बर्नर के साइज के अनुसार ही बर्तनों का चुनाव करें. छोटे बर्नर पर छोटे और बड़े बर्नर पर बड़े बर्तन रख कर ही कुछ भी पकाएं. इससे फ्लेम बर्तन पर सही तरीके से पड़ती है. छोटे बर्तन को बड़े बर्नर पर ना रखें वरना फ्लेम आधा बाहर की तरफ फैलेगा और गैस बर्बाद होगा.
-गैस सिलेंडर की बचत करना चाहते हैं तो आप प्रेशर कुकर में अधिक से अधिक चीजें बनाने की कोशिश करें. इसमें जल्दी खाना पकता है और गैस भी कम लगता है. लगभग 30 से 50 प्रतिशत तक गैस आप सेव कर सकते हैं.
-कुछ लोग हर चीज को जल्दी पकाने के चक्कर में गैस को फुल फ्लेम में रखकर पकाते हैं. इससे ना सिर्फ खाने में मौजूद पोषक तत्व जलते हैं, बल्कि खाना सही से पकता नहीं, अंदर से कच्चा ही रह जाता है. जब आप प्याज, लहसुन और सब्जियों को भून लें तो हमेशा कम आंच पर मसाले डालकर ही पकाएं. इससे जलेगी भी नहीं, रंग भी सही आएगा, मसाले, सब्जी भी सही से पक जाएंगे और गैस भी बचती है.
– यदि आप तमाम बातों का ध्यान रख रहे हैं, फिर भी गैस सिलेंडर 3-4 दिन पहले ही खाली हो जा रहा है तो आप चेक करें कि कहीं कोई लीकेज तो नहीं. पाइप, रेगुलेटर को चेक करें, कहीं इनमें कोई समस्या तो नहीं. पाइप में दरार होने पर भी गैस लीक होती रहती है. आपको कोई अजीब सी स्मेल किचन में आए तो तुरंत चेक कराएं. रेगुलेटर के पास सर्फ या साबुन के झाग वाले पानी को डालकर रेगुलर चेक करते रहें.
-फ्रिज से निकालने के बाद फ्रोजन फूड्स को तुरंत पकाने ना लगें. इन्हें नॉर्मल होने में समय लगता है. पहले रूम टेम्परेचर में ही इन्हें नॉर्मल होने दें. फ्रोजन चीजों को तुरंत बर्तन में डालकर पकाने से गैस और इन्हें पकने में समय अधिक लगता है.