Last Updated:
कई बार एक ही चायपत्ती, दूध और चीनी इस्तेमाल करने के बावजूद कुछ घरों की चाय का स्वाद अलग और ज्यादा अच्छा लगता है. इसकी वजह सिर्फ चायपत्ती नहीं, बल्कि पानी की गुणवत्ता, चाय बनाने का तरीका, मसालों का संतुलन और कुछ छोटी-छोटी आदतें भी होती हैं, जो एक साधारण चाय को खास बना देती हैं.
चाय को सही बनाने का तरीका.
कई बार ऐसा होता है कि हम किसी दोस्त, रिश्तेदार या पड़ोसी के घर चाय पीते हैं और उसके स्वाद की तारीफ किए बिना नहीं रह पाते. दिलचस्प बात यह है कि कई बार वही चायपत्ती, वही दूध और वही चीनी इस्तेमाल होने के बावजूद घर पर वैसा स्वाद नहीं मिल पाता. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कुछ घरों की चाय इतनी खास क्यों लगती है? इसका जवाब सिर्फ चायपत्ती में नहीं, बल्कि कई छोटी-छोटी बातों में छिपा होता है.
चाय का सबसे बड़ा हिस्सा पानी होता है. अगर पानी की क्वालिटी अच्छी हो, तो चाय का स्वाद भी बेहतर महसूस होता है. अलग-अलग क्षेत्रों के पानी में मौजूद मिनरल्स और उसकी बनावट चाय के फ्लेवर को प्रभावित कर सकती है. यही कारण है कि एक ही ब्रांड की चायपत्ती अलग-अलग घरों में अलग स्वाद दे सकती है.
चाय बनाने का तरीका बहुत मायने रखता है
हर घर में चाय बनाने का तरीका अलग होता है. कुछ लोग पहले पानी और चायपत्ती को उबालते हैं, फिर दूध डालते हैं. वहीं कुछ लोग शुरुआत से ही दूध और पानी साथ डाल देते हैं. उबालने का समय भी स्वाद पर असर डालता है. ज्यादा देर तक उबाली गई चाय कड़वी लग सकती है, जबकि सही समय तक पकाई गई चाय का स्वाद संतुलित रहता है.
दूध और चीनी का अनुपात बनाता है फर्क
किसी घर में चाय थोड़ी गाढ़ी पसंद की जाती है तो कहीं हल्की. दूध और पानी का अनुपात बदलते ही चाय का पूरा स्वाद बदल जाता है. इसी तरह चीनी की मात्रा भी स्वाद को प्रभावित करती है. कई बार हमें किसी घर की चाय इसलिए पसंद आती है क्योंकि उसका स्वाद हमारी पसंद के ज्यादा करीब होता है.
मसालों का सही इस्तेमाल चाय को बनाता है खास
अदरक, इलायची, तुलसी, दालचीनी या लौंग जैसी चीजें चाय का स्वाद पूरी तरह बदल सकती हैं. कुछ घरों में इनका इस्तेमाल संतुलित मात्रा में किया जाता है, जिससे चाय की खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं. यही छोटी-सी बात चाय को यादगार बना देती है.
About the Author
विविधा सिंह इस समय News18 हिंदी के डिजिटल मीडिया में सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं. वह लाइफस्टाइल बीट में हेल्थ, फूड, ट्रैवल, फैशन और टिप्स एंड ट्रिक्स जैसी स्टोरीज कवर करती हैं. कंटेंट लिखने और उसे आसान व …और पढ़ें