Last Updated:
Samastipur Long Lata Recipe: समस्तीपुर के 12 पत्थर चौक की ‘लॉन्ग लता’ मिठाई अपने अनोखे स्वाद और खोवा, ड्राई फ्रूट व लौंग से बनी खास विधि के कारण बेहद लोकप्रिय है. अखिलेश राय इसे 12 रुपये प्रति पीस बेचते हैं और यह शाम ढलते ही बिक जाती है, जिससे यह शहर की पहचान बन गई है.
समस्तीपुर: मिठाई का नाम आते ही हर किसी के मन में अलग-अलग स्वाद की तस्वीर उभरती है, लेकिन समस्तीपुर शहर की लॉन्ग लता अपने अनोखे स्वाद और खास बनाने की विधि के कारण लोगों के बीच अलग पहचान बना चुकी है. शहर के कलेक्ट्रेट के समीप स्थित 12 पत्थर चौक पर लगने वाले एक ठेले पर मिलने वाली यह पारंपरिक मिठाई अब स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों की भी पसंद बन गई है. शाम होते ही यहां ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगती है. करीब 12 रुपये प्रति पीस मिलने वाली इस मिठाई का स्वाद एक बार चखने के बाद लोग दोबारा जरूर लौटते हैं.
खोवा, ड्राई फ्रूट और लौंग से तैयार होती है खास मिठाई
लॉन्ग लता बेचने वाले अखिलेश राय बताते हैं कि वह कई वर्षों से इस मिठाई की बिक्री कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि सबसे पहले मैदा को अच्छी तरह गूंथकर उसकी परत तैयार की जाती है. इसके बाद उसमें खोवा, ड्राई फ्रूट और पीसी हुई लौंग का मिश्रण भरकर विशेष तरीके से बंद किया जाता है. फिर इसे रिफाइंड तेल में सुनहरा होने तक तला जाता है. लौंग की खुशबू और खोवा का स्वाद इस मिठाई को बाकी मिठाइयों से अलग बनाता है. उनका कहना है कि भले ही उनकी दुकान ठेले पर लगती है, लेकिन स्वाद के कारण ग्राहकों का भरोसा वर्षों से कायम है.
रोजाना 300 से 400 ग्राहक चखते हैं स्वाद
अखिलेश राय के अनुसार प्रतिदिन करीब 300 से 400 लोग उनकी दुकान पर लॉन्ग लता का स्वाद लेने पहुंचते हैं. उन्होंने बताया कि यह मिठाई अब समस्तीपुर की पहचान बनती जा रही है. कई लोग अपने रिश्तेदारों के लिए भी इसे पैक कराकर ले जाते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समस्तीपुर आएं और 12 पत्थर चौक की लॉन्ग लता का स्वाद न लें, तो यात्रा अधूरी मानी जाती है. स्वाद, गुणवत्ता और वर्षों से कायम भरोसे ने इस पारंपरिक मिठाई को शहर की लोकप्रिय पहचान बना दिया है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें