Last Updated:

Ragi Mudde Recipe: हैदराबादी दस्तरख्वान में बिरयानी और हलीम के साथ अब रागी मुद्दई भी अपनी खास जगह बना रहा है. रागी के आटे से तैयार यह पारंपरिक डिश स्वादिष्ट होने के साथ कैल्शियम, आयरन और फाइबर से भरपूर है. इसे देसी घी के साथ मटन करी, खट्टी दाल, बघारे बैंगन या सांभर के साथ परोसकर आप घर बैठे हैदराबादी अंदाज़ का लज़ीज़ स्वाद ले सकते हैं.

हैदराबाद. दक्कनी दस्तरख्वान अपने बेमिसाल ज़ायके के लिए दुनियाभर में मशहूर है. जहां बिरयानी, हलीम और मटन करी का नाम आते ही मुंह में पानी आ जाता है वहीं अब सेहत के प्रति जागरूक लोग पारंपरिक और पौष्टिक खान-पान की तरफ भी लौट रहे हैं. दक्षिण भारत का सुपरफूड माना जाने वाला रागी मुद्दई आजकल हैदराबाद के घरों और होटलों में खूब पसंद किया जा रहा है. इसे शहर के खास मटन शेरवा, बघारे बैंगन, चिकन सालन या खट्टी दाल के साथ परोसा जाता है.

रागी में भरपूर मात्रा में कैल्शियम, आयरन और फाइबर होता है, जो शरीर को ताकत देने के साथ पाचन को भी दुरुस्त रखता है. आइए जानते हैं इसे घर पर आसान तरीके से बनाने की पूरी विधि

आवश्यक सामग्री
रागी का आटा: 1 कप
पानी: 2 कप आधा कप घोल के लिए और डेढ़ कप पकाने के लिए
देसी घी: 2 छोटे चम्मच
नमक: स्वादानुसार

बनाने की आसान विधि
सबसे पहले 1 कप रागी के आटे में से 2 से 3 चम्मच आटा एक कटोरी में अलग निकाल लें, इसमें आधा कप पानी मिलाकर एक पतला और चिकना घोल बना लें ताकि इसमें कोई गांठ न रहे. एक गहरे पैन या कड़ाही में डेढ़ कप पानी, 1 छोटा चम्मच देसी घी, नमक और रागी का तैयार घोल डालें. गैस को मध्यम आंच पर रखें और इसमें उबाल आने दें. जैसे ही पानी में उबाल आए, बचा हुआ रागी का आटा धीरे-धीरे ऊपर से डालें. इसे तुरंत चलाने की बजाय ढक्कन लगाकर 1 मिनट के लिए धीमी आंच पर ऐसे ही छोड़ दें ताकि भाप से आटा पकना शुरू हो जाए.

अब ढक्कन हटाएं और लकड़ी की मथानी या चम्मच से लगातार तेजी से चलाएं ताकि गुठलियां न बनें. इसे तब तक पकाएं जब तक आटा कड़ाही का किनारा न छोड़ने लगे. मिश्रण में 1 चम्मच देसी घी ऊपर से डालें और ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर 1 मिनट के लिए दम पर रख दें. आटे को प्लेट में निकालें, हाथों में थोड़ा ठंडा पानी लगाकर गरम मिश्रण की गोल-गोल बॉल्स बना लें. परोसने का तरीका रागी मुद्दई के बीच में उंगली या चम्मच से थोड़ा गड्ढा बनाएं और उसमें गरमा-गरम देसी घी भरें. इसे हैदराबादी मटन करी, खट्टी दाल या सांभर के साथ परोसें.

About the Author

मोनाली पाल

नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment