Soft Paneer Pakora Recipe: घर पर अचानक मेहमान आ जाएं और समझ न आए कि चाय के साथ क्या खास परोसा जाए, तो पनीर पकोड़ा सबसे पहला ख्याल होता है. लेकिन अक्सर शिकायत रहती है कि घर के पकोड़े बाजार जैसे फूले-फूले, बाहर से क्रंची और अंदर से रुई जैसे सॉफ्ट नहीं बनते. अगर आपके साथ भी यही समस्या है, तो यह सीक्रेट रेसिपी आपके बहुत काम आने वाली है. इस खास तरीके से बनाए गए पकोड़े ठंडे होने के बाद भी एकदम स्पंजी रहेंगे और जो भी खाएगा, वह रेसिपी पूछे बिना नहीं रह पाएगा!

स्वादिष्ट पकोड़े बनाने की शुरुआत होती है उसके परफेक्ट बैटर (घोल) से:

सामग्री-

पकोड़े और बैटर के लिए:
बेसन: 1 कप
पनीर: 200 ग्राम (लंबी स्ट्रिप्स में कटा हुआ)
हरा धनिया: 1 बड़ा चम्मच (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च: 1 (बारीक कटी हुई)
जीरा: 1/2 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
अजवाइन: 1/2 छोटा चम्मच
नमक: 1 छोटा चम्मच (स्वादानुसार)
बेकिंग पाउडर: 1/4 छोटा चम्मच (4 चुटकी) – सीक्रेट इंग्रीडिएंट
तेल: तलने के लिए

होटल स्टाइल हरी चटनी के लिए:
हरा धनिया: 1 गुच्छा
पुदीना: 1/2 गुच्छा
हरी मिर्च: 2
काला नमक: 1/2 छोटा चम्मच
सफेद नमक: 1/2 छोटा चम्मच
बीकानेरी भुजिया सेव: 1 बड़ा चम्मच (या काजू / मूंगफली)
नींबू का रस: 1/2 नींबू का
दही: 3-4 चम्मच (ताजा)

गार्निशिंग के लिए:
चाट मसाला: स्वादानुसार (ऊपर से छिड़कने के लिए)

पनीर पकोड़ा बैटर बनाने की विधि-
स्वादिष्ट पकोड़े बनाने की शुरुआत होती है उसके परफेक्ट बैटर (घोल) से. इसके लिए सबसे पहले एक बाउल में 1 कप बेसन लें. इसमें बारीक कटा हरा धनिया, हरी मिर्च, आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच अजवाइन और 1 चम्मच नमक (स्वादानुसार) डालें.

अब घोल तैयार करें. इसके लिए थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए बेसन को अच्छी तरह फेंट लें ताकि कोई गांठ न रहे. इस बैटर को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि बेसन और मसाले आपस में अच्छी तरह घुल-मिल जाएं.

तीखी-चटपटी हरी चटनी ऐसे बनाएं-
जब तक बैटर सेट हो रहा है, तब तक पकोड़ों का स्वाद दोगुना करने वाली स्पेशल हरी चटनी तैयार कर लें. इसके लिए मिक्सी के जार में 1 गुच्छा हरा धनिया, आधा गुच्छा पुदीना, 2 हरी मिर्च, आधा चम्मच काला नमक, आधा चम्मच सफेद नमक, आधा नींबू का रस और 1 बड़ा चम्मच बीकानेरी भुजिया सेव (या काजू/मूंगफली) डालें. भुजिया डालने से चटनी में बहुत ही बेहतरीन टेक्सचर और टेस्ट आता है.

अब दही का तड़का दें. इसके लिए थोड़ा पानी डालकर चटनी पीस लें. अब इसमें 3-4 चम्मच ताजी दही मिलाकर अच्छी तरह फेंटें. आपकी बिल्कुल रेस्टोरेंट स्टाइल क्रीमी हरी चटनी तैयार है.

सीक्रेट इंग्रीडिएंट और तलने का सही तरीका-

पनीर की कटिंग ऐसा करें: 200 ग्राम पनीर लें और इसे लंबी-लंबी स्ट्रिप्स में काट लें (इससे लगभग 20 पकोड़े बन जाएंगे).

सीक्रेट इंग्रीडिएंट: 10 मिनट बाद बैटर में 1/4 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर (लगभग 4 चुटकी) डालें. बेकिंग पाउडर पकोड़ों को अंदर से रुई जैसा सॉफ्ट बनाता है. इसे डालकर 1 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें.

फ्राई करें: कढ़ाई में तेल गरम करें. पनीर की स्ट्रिप्स को बेसन के घोल में अच्छी तरह लपेटें और मध्यम आंच पर तेल में डालें.

पकोड़ों को 2 मिनट तक मीडियम फ्लेम पर फ्राई करें. बेसन पकते ही पकोड़े फूलकर साइज में दोगुने हो जाएंगे और इनका रंग हल्का गोल्डन ब्राउन हो जाएगा.

ऐसे परोसें-
गरमा-गरम पकोड़ों को प्लेट में निकालें, ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला छिड़कें और तैयार की गई चटपटी हरी चटनी के साथ सर्व करें. बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुंह में घुल जाने वाले यह पनीर पकोड़े सभी को बेहद पसंद आएंगे.

अगली बार जब भी कोई खास मौका हो या बारिश का मौसम, इस आसान और सीक्रेट रेसिपी को जरूर ट्राई करें!



Source link

Write A Comment