Palak Dal Dhokli Recipe: रोज-रोज रोटी, सब्जी और दाल बनाते-बनाते अगर आपका भी मन कुछ अलग खाने का करता है, तो लंच के लिए पालक दाल ढोकली एक बढ़िया विकल्प हो सकती है. यह ऐसी डिश है जिसमें दाल, पालक और आटे की ढोकली एक साथ मिलकर पूरा भोजन तैयार कर देती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद सामान्य मसालों से इसका स्वाद काफी अच्छा आता है. गुजराती दाल ढोकली अपने हल्के मीठे-खट्टे स्वाद के लिए जानी जाती है.
इसमें जब बारीक कटा पालक और ढोकली का मिश्रण जुड़ता है, तो डिश का स्वाद और भी खास हो जाता है. बच्चों को पालक खिलाने में परेशानी होती है तो भी यह तरीका काम आ सकता है, क्योंकि पालक दाल और मसालों के साथ अच्छी तरह मिल जाता है. वहीं ढोकली में डाला गया बेसन इसे हल्का अलग स्वाद और बेहतर टेक्सचर देता है.
पालक दाल ढोकली के लिए सामग्री
दाल के लिए
इसके लिए 1 कप तुअर दाल, 1 से 1.5 कप बारीक कटा पालक, 1 टमाटर, 2 बड़े चम्मच मूंगफली, 1 छोटा चम्मच गुड़, 1 छोटा चम्मच इमली का पल्प, आधा छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच धनिया-जीरा पाउडर और स्वादानुसार नमक लें.
ढोकली के लिए
ढोकली बनाने के लिए 1 कप गेहूं का आटा, 2 बड़े चम्मच बेसन, आधा छोटा चम्मच अजवाइन, थोड़ी हल्दी, लाल मिर्च, हींग, नमक और 1 छोटा चम्मच तेल या घी चाहिए.
कैसे बनाएं पालक दाल ढोकली
सबसे पहले ढोकली का आटा तैयार करें. एक बर्तन में गेहूं का आटा, बेसन, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च, हींग और नमक डालें. इसमें तेल या घी मिलाकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालें और मध्यम सख्त आटा गूंथ लें. आटे को करीब 10 से 15 मिनट ढककर रख दें. अब इसकी छोटी लोइयां बनाकर पतली रोटी की तरह बेलें. चाकू की मदद से इन्हें छोटे चौकोर या डायमंड शेप में काट लें. सारी ढोकली तैयार करके अलग रख दें.
इसके बाद उबली हुई तुअर दाल को अच्छी तरह फेंट लें. इसमें पालक, हल्दी और नमक डालकर उबाल आने दें. दूसरी तरफ कड़ाही में घी या तेल गर्म करें. इसमें राई, जीरा और हींग डालें. तड़का चटकने पर करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर हल्का भूनें. अब कटे हुए टमाटर डालकर नरम होने तक पकाएं. लाल मिर्च और धनिया-जीरा पाउडर डालें. तैयार मसाले में पालक वाली दाल डालकर जरूरत के अनुसार गर्म पानी मिलाएं. दाल में उबाल आने के बाद गुड़, इमली का पल्प और मूंगफली डालें. इससे इसमें गुजराती स्टाइल का हल्का मीठा-खट्टा स्वाद आएगा.
ढोकली डालते समय रखें ध्यान
अब उबलती हुई दाल में ढोकली के टुकड़े एक-एक करके डालें. गैस धीमी कर दें और बर्तन को ढककर करीब 10 से 12 मिनट पकाएं. बीच-बीच में इसे हल्के हाथ से चलाते रहें. ढोकली पकने के बाद दाल अपने आप थोड़ी गाढ़ी हो जाएगी.
ऐसे करें सर्व
तैयार पालक दाल ढोकली के ऊपर हरा धनिया डालें और चाहें तो थोड़ा गर्म घी भी डाल सकते हैं. इसे पापड़, अचार या चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें. यह एक-पॉट मील होने की वजह से लंच के लिए खासतौर पर सुविधाजनक है.