Last Updated:

Suji Besan Cheela Recipe: सूजी और बेसन का चीला सुबह के नाश्ते के लिए आसान और स्वादिष्ट विकल्प है. दही और मसालों से तैयार इसका घोल कम समय में बन जाता है और तवे पर सेंककर गरमागरम परोसा जा सकता है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

सूजी बेसन चीला रेसिपी, झटपट बनाएं स्वादिष्ट नाश्ता (Image-AI generated)

Suji Besan Cheela Recipe: सुबह नाश्ते में रोज क्या बनाया जाए, यह सवाल अक्सर घरों में बना रहता है. कभी कुछ हल्का खाने का मन होता है तो कभी ऐसा नाश्ता चाहिए जो जल्दी तैयार हो जाए और पेट भी भर दे. ऐसे में सूजी और बेसन का चीला एक अच्छा विकल्प बन सकता है. इसे बनाने के लिए न तो बहुत ज्यादा सामग्री चाहिए और न ही लंबी तैयारी करनी पड़ती है. बेसन के साथ सूजी मिलाने से चीले में हल्का कुरकुरापन आता है, जबकि दही इसके स्वाद और बनावट को बेहतर करता है. ऊपर से अजवाइन, काली मिर्च और चाट मसाला इसे साधारण चीले से थोड़ा अलग स्वाद देते हैं.

खास बात यह है कि इसे सुबह की व्यस्तता के बीच भी आसानी से बनाया जा सकता है. बस घोल तैयार करके कुछ देर के लिए रखना है और फिर तवे पर सुनहरा होने तक सेंकना है. इसे हरी चटनी, दही या गर्म चाय के साथ परोसें तो नाश्ता और भी स्वादिष्ट लग सकता है.

चीला बनाने के लिए सामग्री
इस आसान रेसिपी के लिए आधा कप बेसन, आधा कप सूजी और एक चौथाई कप दही की जरूरत होगी. इसके अलावा एक चौथाई छोटी चम्मच अजवाइन, एक चौथाई छोटी चम्मच काली मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और एक चौथाई छोटी चम्मच चाट मसाला लें. चीला सेंकने के लिए करीब दो चम्मच तेल पर्याप्त रहेगा. चाहें तो स्वाद के अनुसार बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, धनिया या थोड़ी सब्जियां भी इसमें शामिल की जा सकती हैं.

घोल तैयार करने का सही तरीका
20 मिनट रखना जरूरी
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी और बेसन को छान लें. इसमें अजवाइन, काली मिर्च पाउडर, नमक और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें दही और जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल बहुत ज्यादा पतला न हो, क्योंकि इससे चीला तवे पर फैलाने में परेशानी हो सकती है. घोल तैयार होने के बाद इसे करीब 20 मिनट के लिए ढककर रख दें. इस दौरान सूजी पानी और दही को सोखकर अच्छी तरह फूल जाती है, अगर 20 मिनट बाद घोल बहुत गाढ़ा लगे तो इसमें थोड़ा पानी मिलाकर कंसिस्टेंसी ठीक की जा सकती है.

तवे पर ऐसे सेंकें चीला
अब तवा गर्म करें और जरूरत हो तो हल्का सा तेल लगाएं. एक बड़े चम्मच की मदद से घोल तवे पर डालें और उसे गोल आकार में धीरे-धीरे फैलाएं. चीले के किनारों पर थोड़ा-थोड़ा तेल डालें और इसे मध्यम आंच पर करीब एक मिनट तक ढककर पकाएं. जब नीचे की सतह हल्की सुनहरी और किनारे थोड़े कुरकुरे दिखाई देने लगें, तो चीले को सावधानी से पलट दें. दूसरी तरफ भी करीब एक मिनट तक ढककर पकाएं. इससे सूजी अच्छी तरह पक जाएगी और चीला अंदर से नरम तथा बाहर से हल्का कुरकुरा बनेगा.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

गरमागरम परोसें
तैयार सूजी और बेसन के चीले को प्लेट में निकालें और हरी चटनी, टमाटर की चटनी या दही के साथ परोसें. चाय के साथ इसका स्वाद और भी अच्छा लगता है, अगर बच्चों के लिए बना रहे हैं तो मसालों की मात्रा कम रखकर इसमें बारीक कटी सब्जियां भी मिलाई जा सकती हैं.

About the Author

Mohit Mohit

मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment