Last Updated:
How to Make Kathal Pickle at Home: गर्मियों का मौसम आते ही घर-घर में अचार बनाने की तैयारी शुरू हो जाती है. आम और मिर्च के अचार के बीच अब कटहल का चटपटा अचार लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. अगर आप भी बाजार जैसा स्वाद और खुशबू घर पर पाना चाहते हैं, तो गोंडा की रहने वाली संजू मिश्रा ने इसे बनाने का बहुत ही आसान और असरदार तरीका साझा किया है. इस रेसिपी से बना अचार न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि लंबे समय तक खराब भी नहीं होता.
How to Make Kathal Pickle at Home: गर्मियों के मौसम में खाने के साथ अचार मिल जाए, तो स्वाद दोगुना हो जाता है. यही वजह है कि इस सीजन में घरों में सालभर के लिए तरह-तरह के अचार बनाकर रखे जाते हैं. आम और मिर्च के पारंपरिक अचार के अलावा अब कटहल का अचार भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है. इसका चटपटा स्वाद बेहद अलग होता है. अगर आप भी घर पर बाजार जैसा परफेक्ट कटहल का अचार बनाना चाहते हैं, तो गोंडा की रहने वाली संजू मिश्रा की बताई आसान विधि आपके लिए बहुत मददगार साबित हो सकती है. अगर आपने उनकी बताई विधि के अनुसार अचार बना लिया तो सालों तक खराब नहीं होगा.
कटहल की खरीदारी और काटने का सही तरीका
संजू मिश्रा के अनुसार, बेहतरीन अचार बनाने के लिए सबसे जरूरी है सही कटहल का चुनाव. इसके लिए हमेशा कच्चा और एकदम ताजा कटहल लेना चाहिए, क्योंकि ज्यादा पका हुआ कटहल अचार को खराब कर सकता है.
•चिपचिपाहट से बचने का उपाय: कटहल काटने से पहले अपने हाथों और चाकू पर थोड़ा सरसों का तेल अच्छी तरह लगा लें. इससे कटहल का चिपचिपा दूध हाथों में नहीं चिपकता.
•काटने का तरीका: कटहल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अगर कटहल बड़ा है तो उसके बीज अलग कर दें, और अगर छोटा है तो बीज निकालने की जरूरत नहीं होती.
मसालों का सटीक नाप (5 किलो कटहल के लिए)
संजू मिश्रा ने बताया कि 5 किलो कटहल के अचार के लिए आपको इन सामग्री को जरूरत होगी.
• सौंफ 200 ग्राम, जीरा 100 ग्राम
• काली सरसों 100 ग्राम, पीली सरसों 100 ग्राम
• धनिया: 50 ग्राम, मेथी 25 ग्राम
• दालचीनी और काली मिर्च 25-25 ग्राम
• मंगरेल (कलौंजी) 10 ग्राम
• अजवाइन 10 ग्राम, नमक 400 ग्राम
• व्हाइट विनेगर (सफेद सिरका) 4 बड़ा चम्मच
• सरसों का तेल 2.50 किलो
अन्य सामग्री: हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और हींग आवश्यकतानुसार.
कटहल का अचार बनाने की विधि
इन सभी मसालों में से एक-एक चम्मच खड़े मसाले अलग निकाल लें. बाकी बचे हुए मसालों को मिक्सी में हल्का दरदरा पीस लें. पिसे हुए मसालों को सूखे कटहल के टुकड़ों में अच्छी तरह मिला दें और साथ में निकाले गए खड़े मसाले भी डाल दें. खड़ा मसाला डालने से अचार की खुशबू और स्वाद दोनों बहुत बढ़ जाते हैं. इसके बाद सरसों के तेल को तेज गर्म करें और जब वह पूरी तरह ठंडा हो जाए, तब उसे अचार में मिक्स करें. इसके बाद इसमें सिरका मिला दें.
स्टोर करने और धूप दिखाने का सही तरीका
अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसे हमेशा पूरी तरह साफ और सूखे कांच के जार (बरनी) में ही भरना चाहिए. जार में तेल की मात्रा इतनी होनी चाहिए कि कटहल के टुकड़े उसमें अच्छी तरह डूबे रहें. अचार भरने के बाद जार को 4 से 5 दिनों तक रोजाना धूप में रखें. दिन में एक बार सूखे और साफ चम्मच से अचार को ऊपर-नीचे चलाएं, ताकि मसाले और तेल आपस में अच्छी तरह मिलते रहें. कुछ ही दिनों में आपका पारंपरिक और शुद्ध कटहल का अचार खाने के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा, जिसे आप दाल-चावल, पराठा या पूड़ी के साथ खा सकते हैं.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें