Coconut Lassi Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि शरीर को कैसे ठंडा रखा जाए और दिनभर ताजगी कैसे बनी रहे. तेज धूप, बढ़ता तापमान और पसीना शरीर की एनर्जी को जल्दी खत्म कर देते हैं. ऐसे में लोग अलग-अलग ड्रिंक्स ट्राई करते हैं, लेकिन फिर भी कुछ समय बाद वही पुराने स्वाद से बोरियत होने लगती है. खासकर लस्सी, जो उत्तर भारत की फेवरेट समर ड्रिंक मानी जाती है, वो भी जब रोज-रोज एक ही तरीके से पी जाए तो उसका मजा कम हो जाता है, अगर आप भी कुछ नया और रिफ्रेशिंग ट्राई करना चाहते हैं, तो कोकोनट लस्सी आपके लिए एक शानदार ऑप्शन हो सकता है. इसमें दही की ठंडक और नारियल की नेचुरल कूलिंग का ऐसा कॉम्बिनेशन होता है, जो शरीर को अंदर से राहत देता है.
साथ ही इसका हल्का मीठा स्वाद और क्रीमी टेक्सचर इसे और भी खास बना देता है. अच्छी बात ये है कि इसे बनाना बेहद आसान है और घर पर मौजूद चीजों से ही तैयार हो जाती है. एक बार इसे पीने के बाद आप बार-बार यही बनाना चाहेंगे.
कोकोनट लस्सी क्यों है खास?
कोकोनट लस्सी सिर्फ एक ड्रिंक नहीं, बल्कि गर्मी में राहत देने वाला एक बढ़िया ऑप्शन है. इसमें मौजूद नारियल की तासीर ठंडी होती है, जो शरीर को अंदर से कूल रखती है. दही पेट के लिए अच्छा होता है और पाचन को भी सपोर्ट करता है. इस ड्रिंक की सबसे खास बात यह है कि यह आपको तुरंत एनर्जी देती है और थकान को दूर करने में मदद करती है, अगर आप बाहर से आकर कुछ ठंडा और हेल्दी पीना चाहते हैं, तो यह लस्सी एकदम सही चॉइस है.
लस्सी बनाने के लिए जरूरी चीजें
-2 कप गाढ़ा दही
-1 कप नारियल का दूध या कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल
-1/2 कप नारियल पानी
-स्वाद के अनुसार चीनी या मिश्री
-एक चुटकी इलायची पाउडर
-4-5 बर्फ के टुकड़े
-गार्निश के लिए सूखा नारियल और बादाम
कोकोनट लस्सी बनाने का आसान तरीका
-सबसे पहले एक मिक्सर जार लें और उसमें गाढ़ा दही डालें. इसके बाद नारियल का दूध मिलाएं, अगर आप ताजा नारियल इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे पहले अच्छे से पीस लें ताकि लस्सी स्मूथ बने.
-अब इसमें चीनी, इलायची पाउडर और बर्फ के टुकड़े डालें. इसके बाद सभी चीजों को 1-2 मिनट तक ब्लेंड करें. ध्यान रखें कि लस्सी अच्छी तरह फेंटी हुई और झागदार होनी चाहिए.
-अगर आपको लस्सी ज्यादा गाढ़ी लग रही है, तो इसमें थोड़ा नारियल पानी डालकर कंसिस्टेंसी एडजस्ट कर सकते हैं.
-अब तैयार लस्सी को गिलास में निकालें और ऊपर से सूखा नारियल या कटे हुए बादाम डालकर सजाएं. इसे ठंडा-ठंडा सर्व करें और गर्मी में राहत पाएं.
कुछ एक्स्ट्रा टिप्स जो लस्सी को और टेस्टी बनाएंगे
-अगर आप ज्यादा क्रीमी स्वाद चाहते हैं तो थोड़ा फ्रेश क्रीम भी मिला सकते हैं
-हल्की मिठास के लिए चीनी की जगह शहद का इस्तेमाल कर सकते हैं
-फ्लेवर बढ़ाने के लिए गुलाब जल की कुछ बूंदें भी डाल सकते हैं
-ठंडक बढ़ाने के लिए सर्व करने से पहले कुछ देर फ्रिज में रखें