Instant Suji Recipes: सुबह का समय लगभग हर घर में सबसे ज्यादा व्यस्त होता है. किसी को ऑफिस पहुंचना होता है, बच्चों को स्कूल भेजना होता है, तो किसी को घर के बाकी काम भी निपटाने होते हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि नाश्ते में ऐसा क्या बनाया जाए, जो जल्दी भी बन जाए, पेट भी भर दे और स्वाद में भी किसी से कम न हो, अगर आप भी रोज इसी परेशानी से गुजरते हैं, तो आपकी रसोई में मौजूद सूजी इस समस्या का सबसे आसान हल बन सकती है.

सूजी से बनने वाली कई ऐसी इंस्टेंट रेसिपी हैं, जो 10 से 15 मिनट के अंदर तैयार हो जाती हैं. खास बात यह है कि इनमें ज्यादा तेल की जरूरत नहीं पड़ती और इन्हें बच्चे से लेकर बड़े तक सभी पसंद करते हैं. आइए जानते हैं सूजी से बनने वाली 5 ऐसी आसान और स्वादिष्ट डिशेस, जो आपकी सुबह को आसान और स्वाद से भरपूर बना सकती हैं.

1. सूजी का हलवा, जब मीठा खाने का हो मन

अगर सुबह कुछ मीठा और झटपट तैयार होने वाला नाश्ता चाहिए, तो सूजी का हलवा बेहतरीन विकल्प है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई में थोड़ा देसी घी गर्म करें. अब सूजी को धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भूनें. जब खुशबू आने लगे, तब इसमें गर्म दूध या पानी और स्वादानुसार चीनी डालें. लगातार चलाते रहें ताकि हलवा मुलायम बने. आखिर में इलायची पाउडर और काजू-बादाम डालकर गर्मागर्म परोसें. करीब 10 मिनट में तैयार होने वाला यह हलवा बच्चों और बड़ों, दोनों का पसंदीदा बन जाता है.

2. इंस्टेंट सूजी उपमा, हेल्दी और पेट भरने वाला नाश्ता

उपमा ऐसा नाश्ता है जिसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता. सबसे पहले सूजी को हल्का भूनकर अलग रख लें. फिर एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें राई, कढ़ी पत्ता, हरी मिर्च और प्याज डालकर भूनें. चाहें तो गाजर, मटर और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां भी मिला सकते हैं. जब सब्जियां हल्की पक जाएं, तब पानी और नमक डालें. उबाल आने पर धीरे-धीरे सूजी डालते जाएं और लगातार चलाते रहें. कुछ ही मिनटों में नरम और स्वादिष्ट उपमा तैयार हो जाएगा. यह उन लोगों के लिए भी अच्छा विकल्प है, जो हल्का लेकिन भरपेट नाश्ता पसंद करते हैं.

3. कम तेल में तैयार करें स्वादिष्ट सूजी चीला

अगर आप तला-भुना खाने से बचते हैं, तो सूजी का चीला जरूर ट्राई करें. इसके लिए सूजी में दही और थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें और 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा और नमक मिला दें. तवे पर हल्का तेल लगाकर घोल फैलाएं और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें. हरी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. यह नाश्ता स्वाद और सेहत का अच्छा मेल माना जाता है.

4. स्पंजी सूजी ढोकला, हल्का और स्वाद से भरपूर

अगर सुबह कुछ हल्का लेकिन अलग खाने का मन हो, तो सूजी का ढोकला बढ़िया विकल्प है. सूजी, दही, नमक और थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार करें. फिर इसमें थोड़ा ईनो या बेकिंग सोडा मिलाएं. इस घोल को चिकनाई लगी प्लेट में डालकर 10 से 12 मिनट तक स्टीम करें. तैयार होने के बाद राई, कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च का तड़का लगाएं. मुलायम और स्पंजी ढोकला बच्चों के टिफिन के लिए भी अच्छा विकल्प बन सकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

5. रंग-बिरंगा सूजी उत्तपम, हर किसी का फेवरेट

अगर आप रोज के नाश्ते में थोड़ा बदलाव चाहते हैं, तो सूजी उत्तपम बना सकते हैं. सूजी और दही का गाढ़ा घोल तैयार करें. गर्म तवे पर इसे थोड़ा मोटा फैलाएं. ऊपर से प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और हरा धनिया डालकर हल्का दबाएं. फिर दोनों तरफ थोड़ा तेल या बटर लगाकर सुनहरा होने तक सेक लें. नारियल चटनी या सांभर के साथ इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. यह रेसिपी बच्चों को सब्जियां खिलाने का भी आसान तरीका है.

नाश्ते में सूजी क्यों है अच्छी पसंद?

सूजी से बनने वाली डिशेस जल्दी तैयार हो जाती हैं और इन्हें अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग सब्जियों के साथ बनाया जा सकता है. यही वजह है कि यह रोजमर्रा की भागदौड़ में समय बचाने के साथ नाश्ते में नया स्वाद भी जोड़ती है, अगर आप हर दिन एक जैसा नाश्ता खाकर ऊब चुके हैं, तो इन पांच आसान रेसिपीज को अपनी साप्ताहिक ब्रेकफास्ट लिस्ट में जरूर शामिल करें.



Source link

Write A Comment