होमफोटोलाइफ़फूड

टमाटर-पुदीने वाली भूल जाएंगे, जब चख लेंगे कटहल के बीजों से बनी ये देसी चटनी

Last Updated:

Jackfruit Seeds Recipe/Kathal Ke Beej Ki Chatni: कटहल का मौसम आते ही रसोई में लजीज पकवानों की महक आने लगती है, लेकिन अक्सर लोग इसका गूदा इस्तेमाल करने के बाद इसके बीजों को बेकार समझकर फेंक देते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो रुक जाइए! ये छोटे-छोटे बीज न सिर्फ खाने की थाली का स्वाद दोगुना कर सकते हैं बल्कि पोषण का भी बड़ा पावरहाउस हैं. आइए जानते हैं कटहल के बीजों से स्वादिष्ट चटनी और चटपटी चाट बनाने का आसान तरीका और इसके बेहतरीन स्वास्थ्य लाभ.

कटहल का मौसम आते ही लगभग हर घर में इसकी सब्जी, अचार या कटहल दो प्याजा जैसी ढेरों रेसिपी बनती हैं. अक्सर लोग कटहल का गूदा तो इस्तेमाल कर लेते हैं लेकिन इसके अंदर मौजूद बीजों को बेकार समझकर कूड़ेदान में फेंक देते हैं. अगर आप भी अब तक ऐसा ही करते आए हैं, तो अपनी इस आदत को तुरंत बदल लीजिए क्योंकि ये साधारण से दिखने वाले बीज स्वाद और सेहत दोनों का जबरदस्त खजाना हैं.

अगर आप रोज-रोज एक ही तरह की टमाटर, धनिया, पुदीना या हरी मिर्च की चटनी खाकर ऊब चुके हैं, तो कटहल के बीजों से बनी चटनी आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकती है. यह चटनी खाने का स्वाद दोगुना कर देती है और आपके रोज के भोजन को एक अनोखा और लाजवाब ट्विस्ट भी देती है.

कटहल के बीजों की चटनी बनाने की विधि बहुत आसान है. सबसे पहले कटहल के बीजों को अच्छी तरह धोकर धूप में सुखा लें. इसके बाद एक कढ़ाई में थोड़ा सा तेल गर्म करके इन बीजों को छिली हुई लहसुन की कलियों और हरी मिर्च के साथ धीमी आंच पर अच्छे से रोस्ट कर लें.

Add News18 as
Preferred Source on Google

भूनने के बाद जब बीज ठंडे हो जाएं, तो उनका ऊपरी छिलका आसानी से उतर जाता है. अब इन छिले हुए बीजों, भुने लहसुन और हरी मिर्च को पारंपरिक सिल बट्टे पर स्वादानुसार थोड़ा सा नमक मिलाकर पीस लें. अगर आप चाहें तो मिक्सी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, लेकिन सिल बट्टे पर पिसी चटनी का देसी स्वाद और खुशबू एकदम अलग ही होती है.

तैयार चटनी को आप दोपहर या रात के खाने में गर्म-गर्म दाल-चावल, पराठे या रोटी के साथ परोस सकते हैं. चटनी के अलावा आप कटहल के इन बीजों की झटपट और स्वादिष्ट चाट भी तैयार कर सकते हैं. यह चाट शाम की चाय के साथ एक परफेक्ट और हल्का-फुल्का स्नैक बन सकती है.

बीजों की चाट बनाने के लिए इन्हें अच्छी तरह धोकर प्रेशर कुकर में थोड़ा पानी और नमक डालकर 2 से 3 सीटी आने तक उबाल लें. उबलने के बाद इनका बाहरी कड़ा छिलका बड़ी आसानी से उतर जाता है. इसके बाद इन उबले हुए बीजों पर थोड़ा सा चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और ताजा नींबू का रस निचोड़कर खाएं.

स्वाद के साथ-साथ यह डिश आपकी सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है. देहरादून की आयुर्वेदिक चिकित्सक शालिनी ने बताया कि कटहल के बीज प्रोटीन और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट का एक बेहतरीन प्राकृतिक स्रोत हैं. यह शरीर को दिनभर ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करते हैं.

इन बीजों में थियामिन, राइबोफ्लेविन, डाइटरी फाइबर, जिंक और आयरन जैसे कई जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. यह पाचन क्रिया को दुरुस्त रखते हैं और हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाते हैं, बालों की अच्छी ग्रोथ के लिए भी बहुत फायदेमंद हैं. यही वजह है कि एशिया के कई देशों में इन बीजों से तरह-तरह की डिश बनाई जाती है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment