Summer Kitchen Tips: गर्मी शुरू होते ही घर का सबसे मुश्किल हिस्सा रसोई बन जाता है. बाहर तेज धूप और अंदर गैस की आग, भाप और गर्म दीवारें मिलकर किचन को भट्टी जैसा बना देती हैं. ऐसे में खाना बनाना किसी चुनौती से कम नहीं लगता. कई लोग सिर्फ इसलिए खाना बनाने से बचते हैं क्योंकि कुछ देर रसोई में खड़े रहना भी भारी पड़ता है. ऊपर से अगर सुबह ऑफिस, बच्चों का टिफिन या घर का काम हो तो परेशानी और बढ़ जाती है. रोज बाहर का खाना मंगाना जेब और सेहत दोनों पर असर डालता है.
इसलिए जरूरत है ऐसे आसान तरीकों की जिनसे खाना भी बने, समय भी बचे और गर्मी भी कम लगे, अगर आप भी गर्मियों में कम मेहनत और कम समय में स्वादिष्ट खाना बनाना चाहते हैं, तो ये झटपट डिशेज आपके बहुत काम आने वाली हैं. सिर्फ 10 मिनट में तैयार होने वाले ये आइडियाज आपकी रसोई को आसान बना देंगे.
1. वन-पॉट खिचड़ी है बेस्ट ऑप्शन
जब जल्दी खाना बनाना हो तो खिचड़ी सबसे आसान रास्ता है, लेकिन सिर्फ दाल-चावल वाली नहीं, आप इसमें पनीर, सोया, सब्जियां या चिकन भी डाल सकते हैं. सारी चीजें कुकर में डालें और पकने दें. मेहनत कम, स्वाद ज्यादा.
2. दलिया को दें नया स्वाद
बहुत लोग दलिया सुनते ही मुंह बना लेते हैं, लेकिन सही तरीके से बनाया जाए तो ये शानदार डिश बन सकती है. इसमें गाजर, मटर, प्याज, टमाटर और दाल डालकर कुकर में पकाएं. हल्का भी रहेगा और पेट भी भरेगा.
3. बचे चावल से बनाएं राइस कांजी
अगर रात के चावल बचे हैं तो उन्हें फेंकने की जरूरत नहीं. दही, प्याज, हरी मिर्च और थोड़ा नमक मिलाकर राइस कांजी बनाएं. ऊपर से हल्का तड़का डाल दें. गर्मी में ये बहुत राहत देता है.
4. दही वाले आलू मिनटों में तैयार
उबले आलू घर में हों तो काम आसान हो जाता है. हल्का तड़का लगाकर उसमें दही या मठा डाल दें. कुछ मसाले डालें और आपकी ठंडी-ठंडी टेस्टी डिश तैयार.
5. नेपाली स्टाइल चुकौनी ट्राई करें
आलू और दही से बनने वाली ये डिश अलग स्वाद देती है. इसमें सरसों का तड़का डालने से टेस्ट और बढ़ जाता है, अगर कुछ नया खाना चाहते हैं तो ये अच्छा ऑप्शन है.
6. झटपट वेज पुलाव
अगर पुलाव पसंद है तो पहले से सब्जियां काटकर फ्रिज में रखें. जरूरत पड़ने पर चावल, मसाले और सब्जियां कुकर में डालें. एक-दो सीटी में पूरा खाना तैयार हो जाएगा.
7. बेसन की फटाफट सब्जी
जब घर में सब्जी कम हो और समय भी न हो, तब बेसन बहुत काम आता है. बेसन का घोल बनाकर प्याज-टमाटर के साथ पकाएं. स्वादिष्ट और पेट भरने वाली डिश तैयार.
8. रायता भी बन सकता है मेन मील
रायता सिर्फ साइड डिश नहीं है. ककड़ी, बूंदी, आलू या भुना जीरा डालकर इसे भरपूर मील बनाया जा सकता है. गर्मी में ये ठंडक भी देता है और पेट भी भरता है.
9. चीला सबसे आसान उपाय
बेसन या मूंग दाल का बैटर पहले से तैयार रखें. जब भूख लगे तो तवे पर डालकर सेक लें. 5 मिनट में हेल्दी खाना तैयार.
10. पनीर या अंडा भुर्जी
जब बिल्कुल समय कम हो तो पनीर या अंडा भुर्जी बना लें. थोड़ा तेल, प्याज, मसाले और 5 मिनट का समय. स्वाद भी शानदार और मेहनत भी कम.
स्मार्ट कुकिंग के छोटे टिप्स
सब्जियां पहले काटकर रखें, बैटर पहले से तैयार रखें, कुकर का ज्यादा इस्तेमाल करें, दही और उबले आलू घर में रखें, एक बार में ज्यादा तैयारी करें.