तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) का 10वां सीजन मंगलवार, 4 अगस्त से शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मैच डिंडीगुल के NPR कॉलेज मैदान में खेला जाएगा, जिसमें पिछली बार की डिफेंडिंग चैंपियन टीम आईड्रीम तिरुपुर तमिलन्स का मुकाबला डिंडीगुल ड्रैगन्स से होगा। यह टूर्नामेंट अगले 25 दिनों तक खेला जाएगा। इस दौरान कुल 32 मैच खेले जाएंगे, जिनमें 8 टीमें एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी। इसके बाद प्लेऑफ और फाइनल मैच चेन्नई में खेले जाएंगे। फाइनल 28 अगस्त से खेला जाएगा।
बेहद लोकप्रिय टूर्नामेंट है तमिलनाडु प्रीमियर लीग
तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) बहुत ही कम समय में भारतीय क्रिकेट की एक बेहद लोकप्रिय टूर्नामेंट बन चुकी है। इसे देश के सबसे बड़े और भरोसेमंद टी-20 टूर्नामेंटों में गिना जाता है। यह लीग सिर्फ मनोरंजन ही नहीं करती, बल्कि गांव-शहरों से आने वाले युवा और अनजाने खिलाड़ियों को अपनी काबिलियत दिखाने का एक शानदार मौका देती है। TNPL की ही बदौलत आज वरुण चक्रवर्ती, टी. नटराजन, वॉशिंगटन सुंदर, साई किशोर और शाहरुख खान जैसे बेहतरीन खिलाड़ी सामने आए हैं, जो IPL और भारतीय टीम में खेलकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
कब और कहां देख पाएंगे TNPL 2026 के मुकाबले
अगर आप तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) 2026 के मैचों को भारत में लाइव देखना चाहते हैं, तो इसके लिए टीवी और ऑनलाइन दोनों का बहुत ही आसान रास्ता है। यदि आप घर पर आराम से टीवी पर मैच का मजा लेना चाहते हैं, तो टीवी पर Sony Sports Ten 4 Tamil पर इसे देख सकते हैं, जहां सभी मुकाबलों का लाइव टेलीकास्ट तमिल भाषा में देखने को मिलेगा। वहीं अगर आप अपने स्मार्टफोन, लैपटॉप या स्मार्ट टीवी पर मैच देखना पसंद करते हैं, तो आपको बस यूट्यूब खोलना है। आप TNPL के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर जाकर सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग एकदम मुफ्त में देख सकते हैं। यानी चाहे आप टीवी के सामने बैठे हों या फोन पर देख रहे हों, आप आसानी से TNPL के मुकाबले देख सकते हैं।
साई किशोर की टीम ने जीता था TNPL 2025 का खिताब
TNPL 2025 की बात करें तो वहां फाइनल में आईड्रीम तिरुप्पुर तमिझांस की टीम ने खिताब अपने नाम किया। इस टीम की कप्तानी पिछले सीजन भी आर साई किशोर ने की थी और इस सीजन भी वही इस टीम के कप्तान रहेंगे। साई किशोर की कप्तानी वाली इस टीम ने फाइनल मुकाबले में 118 रनों से डिंडीगुल ड्रैगन्स को हराया था। अब देखना ये होगा कि इस सीजन कौन सी टीम TNPL का खिताब अपने नाम करती है। आपको बता दें कि तमिलनाडु प्रीमियर लीग के पिछले सीजन में आर अश्विन और उनकी टीम पर गेंद से छेड़खानी करने का आरोप लगा था। हालांकि बाद में उनकी टीम को क्लीन चीट मिल गई थी।
यह भी पढ़ें
श्रीलंका में कब खेलेगी टीम इंडिया प्रैक्टिस मैच, कितने बजे शुरू होगा मुकाबला
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में कहां है भारत और श्रीलंका, 15 अगस्त से होगा सीरीज का आगाज