भारत सरकार की ओर से आज, 16 सितंबर को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 का ऐलान किया गया और ये पुरस्कार मशहूर कन्नड़ अभिनेता और राजनेता अनंत नाग को दिया जाएगा। अनंत नाग का सिनेमाई सफर कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहा है। भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान और फिल्मी सफर को देखते हुए उन्हें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा। दादासाहेब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर भारत सरकार ने अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए सम्मानित करने की घोषणा की गई है।
अनंत नाग को दिया जाएगा दादासाहेब फाल्के 2024 पुरस्कार
अनंत नाग को 22 सितंबर 2026 को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। बुधवार को ये ऐलान प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो के द्वारा की गई। घोषणा करते हुए प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो इंडिया ने लिखा- ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर भारत सरकार को ये ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि भारतीय सिनेमा में उनके योगदान और शानदार सिनेमाई सफर के लिए अभिनेता अनंत नाग को प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा। उनका सिनेमाई सफर कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहा है। ये पुरस्कार केवड़िया, गुजरात में 22 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनंत नाग को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अभिनेता अनंत नाग को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा- ‘दिग्गज कलाकार अनंत नाग जी को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार मिलने पर बधाई। कई दशकों से, उनके सहज अभिनय, अद्भुत बहुमुखी प्रतिभा और शानदार काम ने भारतीय सिनेमा, और खासकर कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने जो भी भूमिका निभाई, उसमें एक अनोखी गहराई और सच्चाई दिखाई। यह सच में एक बेहद खास कलाकार के लिए पूरी तरह से हकदार सम्मान है।’
अनंत नाग के बारे में
अनंत नाग भारतीय सिनेमा के एक जाने-माने अभिनेता और राजनेता हैं। उन्हें कन्नड़ सिनेमा में उनके योगदान के लिए जाना जाता है। अनंत नाग का जन्म 4 सितंबर 1948 को हुआ था और अपने फिल्मी करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। अनंत नाग सिर्फ कन्नड़ ही नहीं, हिंदी मलयालम, तेलुगु, मराठी और तमिल सिनेमा में भी अपने अभिनय का परचम लहरा चुके हैं। अपने करियर में वह ‘मुंगारु माले’, ‘गौरी गणेशा’, ‘मंथन’, ‘केजीएफ चैप्टर 1 और 2’, ‘गोधी बन्ना साधारण मायकट्टू’ जैसी चर्चित और सफल फिल्मों में काम कर चुके हैं।
ये भी पढ़ेंः नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीतने के बाद ममूटी और धनुष ने साथ मनाया जश्न, ‘OM’ के सेट से सामने आई यादगार तस्वीर