Last Updated:
Dal Cooking Tips: दाल में अधिकतर लोग बस लौकी डालकर बनाते हैं, लेकिन आप और भी कई सब्जियां डालकर इसे पोषण से भरपूर बना सकते हैं. पालक, मेथी और कद्दू जैसी सब्जियां भी मिलाकर पकाने से स्वाद बढ़ता है, प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स और फाइबर के साथ पोषण दोगुना हो सकता है. आइए जानते हैं रेसिपी…
रोज की दाल को बनाएं पोषण से भरपूर.
दाल भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है और लगभग हर घर में रोजाना बनती है. यह प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत मानी जाती है. लेकिन अगर दाल में कुछ सब्जियां मिलाकर बनाई जाएं, तो इसका स्वाद भी बढ़ जाता है और पोषण भी कई गुना ज्यादा हो सकता है. खास बात यह है कि एक ही कटोरी में प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स और फाइबर का शानदार संतुलन मिल जाता है.
कई लोग सिर्फ सादी दाल बनाते हैं, जबकि पुराने समय से घरों में दाल के साथ मौसमी सब्जियां मिलाकर पकाने की परंपरा रही है. इससे बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को ज्यादा पोषण मिलता है. अगर आप भी रोज की दाल में थोड़ा बदलाव चाहते हैं, तो ये 5 सब्जियां दाल के साथ मिलाकर बना सकते हैं.
लौकी और मूंग दाल
लौकी हल्की, पचने में आसान और पानी से भरपूर सब्जी है. इसे मूंग दाल के साथ पकाने पर स्वादिष्ट और हल्का भोजन तैयार होता है. यह गर्मियों में खासतौर पर अच्छा माना जाता है. इसे बनाने के लिए कुकर में मूंग दाल, कटी लौकी, हल्दी, नमक और पानी डालकर पकाएं. फिर जीरा-हींग का तड़का लगाएं. लौकी को चने की दाल के साथ भी बनाया जा सकता है.
पालक और तूर दाल
पालक आयरन, कैल्शियम और विटामिन्स से भरपूर होता है. तूर दाल के साथ इसका मेल स्वाद और सेहत दोनों के लिए अच्छा माना जाता है. इसके लिए तूर दाल पकाकर उसमें कटा पालक डालें और कुछ देर उबालें. लहसुन और जीरे का तड़का लगाएं.
मेथी और चना दाल
मेथी फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है. चना दाल के साथ इसका स्वाद शानदार लगता है. इसे बनाने के लिए चना दाल को भिगोकर पकाएं. फिर कटी मेथी डालकर मसालों के साथ धीमी आंच पर पकाएं. एक बार आप भी इसे जरूर ट्राई करें.
कद्दू और अरहर दाल
कद्दू मीठे स्वाद वाला पौष्टिक विकल्प है. अरहर दाल के साथ यह बहुत अच्छा लगता है और बच्चों को भी पसंद आ सकता है. अरहर दाल के साथ कद्दू के टुकड़े डालकर कुकर में पकाएं. ऊपर से राई और करी पत्ता का तड़का दें. यह प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है, जो आपके पेट के लिए भी अच्छा होता है. इसे पकने में बस कुकर में 2 सिटी लगानी होगी.
क्यों है ये कॉम्बिनेशन फायदेमंद
दाल में प्रोटीन होता है, जबकि सब्जियों में विटामिन, मिनरल्स और फाइबर भरपूर होता है. दोनों को मिलाकर खाने से एक संतुलित भोजन तैयार होता है, जो पेट भरने के साथ शरीर को ऊर्जा भी देता है. अगर आप रोज की दाल से बोर हो चुके हैं, तो इन 4 सब्जियों के साथ दाल बनाकर देखें. स्वाद भी बदलेगा और एक ही कटोरी में पोषण दोगुना मिल सकता है. यह आसान, स्वादिष्ट और हेल्दी तरीका है.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें