Last Updated:
फर्रुखाबाद के छावनी चौराहे के पास पिछले 83 वर्षों से कुल्हड़ में मिलने वाली रबड़ी बर्फ लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है. शुद्ध दूध से बनी रबड़ी, ऊपर से मेवा और खास चाशनी के स्वाद के कारण यहां रोज़ बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं और 40-80 रुपये में ठंडक भरा अनोखा जायका लेते हैं.
फर्रुखाबाद. देश के विभिन्न राज्यों में कहीं कुल्हड़ वाली लस्सी तो कहीं कुल्हड़ वाला पिज़्ज़ा काफी फेमस है. लेकिन फर्रुखाबाद में कुल्हड़ में मिलने वाली रबड़ी बर्फ पिछले 83 वर्षों से मशहूर है. यहां पर मिलने वाली रबड़ी बर्फ का एक बार जो भी स्वाद ले लेता है, वो यहां पर बार-बार पहुंचता है. जिसका मुख्य कारण है शुद्ध दूध से तैयार रबड़ी और ऊपर से डाला गया मेवा का स्वाद. फर्रुखाबाद के छावनी चौराहे के पास आने और जाने वाले हजारों लोग प्रतिदिन यहां पर पहुंचते हैं और लाजवाब शीतलता और रबड़ी से भरपूर बर्फ का लुफ्त उठाते हैं. लोगों की दीवानगी इतनी ज्यादा है कि दुकान खुलते ही भीड़ बढ़ने लगती है. लोकल18 की टीम को दुकानदार राघवेंद्र ने बताया कि उनकी दुकान पिछले 83 वर्ष पुरानी है. एक समय था जब उनके पिता रामाधीन ने एक छोटे से ठेले से बर्फ की शुरुआत की थी. उस समय मात्र 30 पैसे प्रति कुल्हड़ रबड़ी से तैयार बर्फ की बिक्री करते थे. लेकिन समय बदला साल बदला नहीं बदला तो बस इनकी दुकान का स्वाद जो आज तक लगातार बरकरार बना हुआ है.
कुल्हड़ बर्फ का स्वाद है लाजवाब
फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ के स्थानीय लोग बताते हैं कि यहां पर रबड़ी की क्वालिटी विशेष रूप से ध्यान में रखकर तैयार की जाती है. रबड़ी वाली बर्फ ज्यादा महंगी भी नहीं है, सिर्फ 40 रूपए और 80 रुपए की एक बड़ा कुल्हड़ मिलती है. वहीं कुल्हड़ का आकार भी काफी बड़ा होता है. जिसके कारण इसे खाते और पीते ही पेट में शीतलता मिलने के साथ ही ऊर्जा का भी अहसास मिलता है. गर्मी के इस मौसम में रबड़ी वाली बर्फ के स्वाद के कारण फुल मजा आता है. वहीं इनकी रबड़ी की खासियत यह है कि शुद्ध दूध को बार-बार उबालकर रबड़ी बनाई जाती है. जिसका उपयोग बर्फ बनाने में किया जाता है. ताकि ग्राहकों को सेहत को लेकर किसी प्रकार की कोई समस्या न हो. लोग शहर के कोने कोने से इनकी दुकान पर रबड़ी वाली बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए आते हैं.
जानिए कैसे होती है तैयार
दुकान के संचालक बताते हैं कि वह स्पेशल कुल्हड़ वाली रबड़ी से तैयार बर्फ को बनाने के लिए एक अलग तरीके से तैयार करते हैं. जिसमें सबसे पहले शुद्ध दूध से तैयार रबड़ी को बनाते हैं. इसके बाद एक कुल्हड़ में बर्फ को हाथों से मशीन द्वारा महीन तोड़ने के बाद कुल्हड़ में डाल देते हैं. इसके बाद उसमें हल्की चाशनी डालने के बाद रबड़ी चम्मच से मिलाते हैं. फिर ऊपर से कई मेवा रखकर ग्राहकों को देते हैं. जिसमें एक फ्लेवर्ड शरबत भी डालते हैं. जिसके कारण इस बर्फ में अलग ही सुगंध आती है जो लोगों को आकर्षित करती है उसी के कारण लोग इस बर्फ की ओर खींचे चले जाते हैं.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें