Last Updated:
Bokaro News: त्योहारों के सीजन में मेहमानों के लिए कुछ खास मीठा बनाने की सोच रहे हैं तो कैरेमल कस्टर्ड पुडिंग ट्राई कर सकते हैं. बोकारो के शेफ देवाशीष ने दूध, चीनी और कस्टर्ड पाउडर से इसे बनाने की आसान विधि बताई है. आइये जानते हैं इसके बारे में.
बोकारो: त्योहारों का सीजन शुरू होते ही घरों में मेहमानों के आने-जाने का सिलसिला बढ़ जाता है. ऐसे में अगर आप मेहमानों के लिए कुछ अलग और स्वादिष्ट मीठा डेजर्ट तैयार करना चाहते हैं, तो कस्टर्ड पुडिंग एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ देखने में भी काफी आकर्षक लगता है. इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. आइये जानते हैं इसकी रेसिपी के बारे में.
बोकारो के शेफ देवाशीष ने कस्टर्ड पुडिंग बनाने की आसान विधि बताई है. उन्होंने बताया कि इसे तैयार करने के लिए मुख्य रूप से दूध, चीनी और कस्टर्ड पाउडर की जरूरत होती है. वहीं, पुडिंग को खास स्वाद और आकर्षक कैरेमल लेयर देने के लिए चीनी से कैरेमल तैयार किया जाता है. जहां कस्टर्ड पुडिंग के लिए जरूरी सामग्री आधा लीटर दूध, 6 चम्मच चीनी, 2 चम्मच कस्टर्ड पाउडर,1 कप चीनी कैरेमल के लिए, 2 चम्मच पानी की आवश्यकता पड़ती है.
ऐसे तैयार करें कस्टर्ड पुडिंग
बता दें कि सबसे पहले एक बर्तन में आधा लीटर दूध डालकर गैस पर मीडियम फ्लेम में गर्म करें. इसमें चार चम्मच चीनी और दो चम्मच कस्टर्ड पाउडर डालें. अब इसे लगातार अच्छी तरह चलाते रहें, ताकि कस्टर्ड में गांठ न बने और मिश्रण को हल्का गाढ़ा होने तक पकाएं. वहीं, अब दूसरे बर्तन में एक कप चीनी और करीब दो चम्मच पानी डालकर गैस पर रखें इसे लगातार चलाते हुए पकाएं. जहां धीरे-धीरे चीनी पिघलकर ब्राउन रंग का कैरेमल बन जाएगी. अब ध्यान रखें कि कैरेमल ज्यादा न जले, वरना इसका स्वाद कड़वा हो सकता है.
कैरेमल को ऐसे करें सेट
वहीं, तैयार कैरेमल को तुरंत पुडिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बर्तन या मोल्ड में डालें और पूरे बेस पर अच्छी तरह फैला दें. इसे कुछ देर ठंडा होने दें, ताकि कैरेमल की एक परत तैयार हो जाएं, फिर अब तैयार किए गए गाढ़े कस्टर्ड को कैरेमल की परत के ऊपर धीरे-धीरे डालें और अच्छी तरह फैला दें. इसके बाद पुडिंग को ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें. कस्टर्ड पुडिंग को करीब 4 घंटे तक फ्रिज में रखें अच्छी तरह सेट होने के बाद इसे बाहर निकालें और मोल्ड से प्लेट में सावधानीपूर्वक पलट दें, ऊपर से तैयार कैरेमल की परत पुडिंग को खूबसूरत लुक देगी.
इस तरह घर पर आसानी से स्वादिष्ट कैरेमल कस्टर्ड पुडिंग तैयार हो जाएगी. त्योहारों के दौरान इसे मेहमानों को डेजर्ट के तौर पर परोसा जा सकता है. इसका क्रीमी टेक्सचर और कैरेमल का स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…
और पढ़ें