Suji Uttapam Recipe: सुबह का नाश्ता ऐसा हो जो स्वादिष्ट भी हो और बनाने में ज्यादा वक्त भी न ले, तो अक्सर समझ नहीं आता कि रोज की पोहा, पराठा और उपमा की रेसिपी से अलग क्या बनाया जाए. खासकर उन सुबहों में जब किचन में ज्यादा समय देने का मौका नहीं होता. ऐसे में सूजी और दही से तैयार होने वाला उत्तपम एक बढ़िया विकल्प हो सकता है. इसके लिए न तो बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत पड़ती है और न ही बैटर को घंटों पहले तैयार करने की झंझट.

बारीक सूजी में दही, नमक और थोड़े पानी से बैटर तैयार करें, ऊपर अपनी पसंद की सब्जियां डालें और तवे पर सेंक लें. करीब 10 मिनट में गर्मागर्म उत्तपम तैयार हो सकता है, जिसे चटनी के साथ सर्व किया जा सकता है.

नाश्ते के लिए क्यों अच्छा है सूजी का उत्तपम?

सुबह के समय ऐसा खाना ज्यादा पसंद किया जाता है जो पेट को संतुष्टि दे और बनाने में भी आसान हो. सूजी का उत्तपम इसी वजह से घरेलू नाश्ते में जगह बना सकता है. इसमें सूजी के साथ दही का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि ऊपर प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और धनिया जैसी सब्जियां डाली जाती हैं. इसकी खास बात यह है कि इसके लिए किसी खास तरह की कुकिंग स्किल की जरूरत नहीं पड़ती. अगर घर में तवा, सूजी और दही मौजूद है, तो बाकी सामग्री के साथ आसानी से इसे तैयार किया जा सकता है.

सबसे पहले तैयार करें बैटर

उत्तपम बनाने के लिए बारीक सूजी लेना बेहतर रहेगा. अगर घर में मोटी सूजी है, तो उसे मिक्सर में हल्का पीसकर बारीक किया जा सकता है. अब एक बर्तन में एक कप सूजी लें और इसमें करीब दो कप दही मिलाएं. स्वाद के अनुसार नमक और एक चुटकी बेकिंग सोडा डालें. जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी मिलाकर सारी सामग्री को अच्छी तरह फेंट लें. बैटर न बहुत गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला. इसे ऐसी कंसिस्टेंसी में रखें कि तवे पर डालने के बाद आसानी से फैलाया जा सके.

तवे पर ऐसे बनाएं स्पंजी उत्तपम

अब गैस पर तवा गर्म करें. तवे पर थोड़ा तेल या घी लगाएं और तैयार बैटर को बीच में डालकर गोल आकार में फैलाएं. यहां एक छोटी-सी बात ध्यान रखने वाली है उत्तपम को चीले की तरह बहुत पतला न फैलाएं. इसकी पहचान ही थोड़ी मोटी और स्पंजी बनावट है. बैटर के ऊपर बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. चाहें तो गाजर, शिमला मिर्च या अपनी पसंद की दूसरी सब्जियां भी इसमें शामिल कर सकते हैं. सब्जियों को हल्के हाथ से दबा दें ताकि सेंकते समय वे बैटर से अलग न हों.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकें

अब उत्तपम को कुछ देर ढककर मध्यम आंच पर पकने दें. जब नीचे का हिस्सा सुनहरा होने लगे और ऊपर का बैटर थोड़ा सेट दिखाई दे, तो इसे सावधानी से पलट दें. सब्जियों वाली तरफ से भी कुछ देर सेंकें. अच्छी तरह पकने के बाद उत्तपम में छोटे-छोटे छेद और जालीदार टेक्सचर दिखाई देने लगेंगे. यही इसकी स्पंजी बनावट का संकेत है. इसे बहुत तेज आंच पर पकाने से बचें, वरना बाहर से जल्दी सिक सकता है जबकि अंदर का हिस्सा ठीक से नहीं पक पाएगा.

नारियल चटनी के साथ करें सर्व

गरमागरम सूजी उत्तपम को नारियल की चटनी, हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसा जा सकता है. बच्चों के लिए बनाते समय हरी मिर्च की मात्रा कम रखी जा सकती है और उनकी पसंद की सब्जियां ऊपर डाली जा सकती हैं. सूजी का यह उत्तपम देखने में चीले जैसा जरूर लगता है, लेकिन इसकी मोटी और स्पंजी बनावट इसे चीले से अलग बनाती है. इसलिए अगर रोज के नाश्ते में कुछ आसान, स्वादिष्ट और थोड़ा अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो दही और सूजी वाला यह उत्तपम एक बार जरूर बनाया जा सकता है.



Source link

Write A Comment