Last Updated:
Dehradun Famous Street Food: पहाड़ों की खूबसूरत वादियों के बीच बसा देहरादून सिर्फ अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि अपने अनोखे और लाजवाब स्वादों के लिए भी जाना जाता है. दून की तंग और ऐतिहासिक गलियों में कदम रखते ही आपको सिंध-पाकिस्तान के पारंपरिक जायके से लेकर पहाड़ के सात्विक भोजन और नेपाल के तीखे स्ट्रीट फूड का ऐसा बेजोड़ संगम मिलेगा, जो आपके सफर का मजा दोगुना कर देगा. जानिए देहरादून के पलटन बाजार से लेकर डाकरा बाजार तक के उन 5 सबसे मशहूर और डिमांडिंग फूड स्पॉट्स के बारे में, जिनके स्वाद के दीवाने बॉलीवुड स्टार्स से लेकर आम सैलानी तक हैं.
अगर आप देहरादून में सिंध-पाकिस्तान का जायका लेना चाहते हैं तो कत्लमबे आपके लिए बेस्ट है. देहरादून के पलटन बाजार और धामावाला क्षेत्र में मिलने वाला ‘कत्लमबे’ यहां का सबसे ज्यादा डिमांड वाला स्ट्रीट फूड है. इस जायके को परोसने का काम ‘मामा कत्लंबे वाले’ कर रहे हैं. कत्लमबे दिखने में एक बहुत बड़ी, सुनहरी और परतदार पूरी जैसी होती है जिसे मैदे से तैयार किया जाता है और शुद्ध घी या तेल में डीप-फ्राई किया जाता है. इसकी खासियत इसकी क्रिस्पी बनावट और इसकी परतों में छुपा स्वाद है.
मामा के यहां इसे गर्मा-गर्म मसालेदार छोले, प्याज और एक विशेष चटपटी चटनी के साथ परोसा जाता है. सुबह के समय यहां स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है. यह डिश इतनी भारी और तृप्त करने वाली होती है कि एक कत्लबा खाकर आपका पेट पूरे दिन के लिए भर सकता है. अगर आप देहरादून की पुरानी गलियों की संस्कृति और असली स्ट्रीट फूड का अनुभव करना चाहते हैं तो मामा के कत्लंबे का स्वाद लेना आपकी लिस्ट में सबसे ऊपर होना चाहिए.
हनुमान चौक के पास स्थित ‘चेतन प्रकाश पूरी वाले’ देहरादून का एक बेहद लोकप्रिय फूड जॉइंट है. पिछले कई दशकों से यह दुकान स्वाद के शौकीनों के दिलों पर राज कर रही है. यहाँ की सबसे मशहूर थाली में गर्मा-गर्म, फूली हुई पूरियां, बिना लहसुन-प्याज की कद्दू की खट्टी-मीठी सब्जी, मसालेदार आलू की सब्जी और गाढ़ी, मखमली खीर शामिल होती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
चेतन पूरी वाले का स्वाद पारंपरिक उत्तर भारतीय शैली का है जहां शुद्धता और सादगी को प्राथमिकता दी जाती है. कद्दू की सब्जी का हल्का खट्टा-मीठा स्वाद और करारी पूरियों का कॉम्बिनेशन लाजवाब होता है और भोजन के अंत में मिलने वाली ठंडी खीर इस पूरे अनुभव को मुकम्मल बना देती है. देहरादून आने वाले वीआईपी से लेकर आम सैलानी तक, हर कोई इस सात्विक और उंगलियां चाटने पर मजबूर कर देने वाले स्वाद का दीवाना है. बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबरॉय ने भी इन पूरी का स्वाद लिया है. दून की यात्रा इसके बिना अधूरी है.
उत्तराखंड के पारंपरिक नॉन-वेज व्यंजनों की बात करें तो ‘भुटुवा’ का नाम सबसे पहले आता है. देहरादून के कई पारंपरिक रेस्टोरेंट और ढाबों में बहुत चाव से परोसा और खाया जाता है. भुटुवा मुख्य रूप से बकरे के आंतरिक अंगों को बारीक काटकर तैयार किया जाने वाला एक ड्राई या सेमी-ग्रेवी व्यंजन है. इसे बनाने के लिए पारंपरिक पहाड़ी मसालों, जैसे जखिया, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च का भरपूर उपयोग किया जाता है. भुट्वा को धीमी आंच पर तब तक भुना जाता है जब तक कि मसाले इसके अंदर तक न समा जाएं. इसका तीखा, चटपटा और अनूठा स्वाद नॉन-वेज प्रेमियों को बेहद पसंद आता है. देहरादून में नॉन वेज लवर्स का लिए गर्मा-गर्म भुट्वा स्थानीय ड्रिंक्स या मंडुए की रोटी के साथ एक बेहतरीन कॉम्बिनेशन माना जाता है. राजपुर में आप इसका स्वाद ले सकते हैं.
देहरादून के चुनिंदा पुराने और मशहूर नॉन-वेज स्पॉट्स पर खरोडे का सूप बहुत खास तरीके से तैयार किया जाता है. इसे बनाने के लिए बकरे के पैरों की अच्छे से सफाई करके उसे कई घंटों तक खड़े मसालों, दालचीनी, लौंग और काली मिर्च के साथ धीमी आँच पर उबाला जाता है. लंबी कुकिंग प्रोसेस के कारण हड्डियों का सारा अर्क सूप में आ जाता है, जिससे यह सिर्फ गाढ़ा नहीं होता है बल्कि यह स्वादिष्ट होने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है. स्थानीय लोग इसे जोड़ों के दर्द और सर्दी-खांसी के लिए एक अचूक पारंपरिक दवा भी मानते हैं. इसे गर्मा-गर्म, थोड़े से मक्खन, नींबू के रस और कटी हुई हरी मिर्च के साथ परोसा जाता है. इसका हर एक घूंट आपको दून के जायके की गहराई का अहसास कराएगा. देहरादून के गांधी पार्क पर आप इसका स्वाद ले सकते हैं.
देहरादून के नॉन-वेज स्ट्रीट फूड में इन दिनों ‘चिकन सकूटी’ काफी चलन में है. यह एक नेपाली डिश है यह असल में चिकन लवर्स के लिए एक स्वादिष्ट और तीखा ट्रीट है जो दून के कुछ खास फूड स्टॉल्स पर ही मिलता है. इसमें चिकन के टुकड़ों को पहले खास मसालों के गाढ़े पेस्ट के साथ मैरीनेट किया जाता है और फिर तवे या कड़ाही में कड़क भूनकर तैयार किया जाता है. चिकन सकूटी में लहसुन, अदरक और सूखी लाल मिर्च का तीखापन बहुत तेज होता है जो इसे बेहद चटपटा और ‘स्पाइसी’ बनाता है. ऐसा करने के बाद इसे पुदीने की तीखी चटनी, लच्छेदार प्याज और रूमाली रोटी या पराठे के साथ स्टार्टर के रूप में परोसा जाता है. अगर आप देहरादून की नाइटलाइफ़ या शाम के स्ट्रीट फूड का आनंद ले रहे हैं, तो चिकन सकूटी का यह कड़क और मसालेदार स्वाद आपकी शाम का मजा दोगुना कर देगा. आप देहरादून के डाकरा बाजार की कई दुकानों में इसे खा सकते हैं.