हमारे देश में चावल एक मुख्य भोजन है, जिसका सेवन हर घरों में किया जाता है. काफी लोग हर दिन चावल खाना पसंद करते हैं. लोग 5 से 10 किलो चावल एक साथ खरीद कर रख लेते हैं. कुछ लोग पैकेट वाला चावल खरीदते हैं तो कुछ खुले में मिलने वाला खरीदना पसंद करते हैं. ग्लूटेन-फ्री, फाइबर, कार्बोहाइड्रेट, फोलिक एसिड, पोटैशियम, आयरन, जिंक आदि से भरपूर चावल का सेवन करना भी अब सेफ नहीं रह गया है, क्योंकि इसमें भी मिलावट करने की कई वायरल न्यूज सामने आती हैं, जिसमें ये दावा किया जाता है कि आप जो चावल खा रहे हैं, वह प्लास्टिक चावल (fake rice) हो सकता है. ऐसे में आपके मन में डर बैठना जायज है. आजकल वैसे भी मार्केट में खाने-पीने की चीजों में काफी मिलावट की जाने लगी है. आप टेंशन ना लें, घर पर ही कुछ आसान से हैक्स आजमाकर ये पता लगा सकते हैं कि आप शुद्ध चावल खा रहे हैं या फिर प्लास्टिक चावल.
प्लास्टिक चावल क्या होता है?
प्लास्टिक चावल एक ऐसा नकली चावल है जो आर्टिफिशियल सामग्रियों जैसे प्लास्टिक या केमिकल्स में इंडस्ट्रियल स्टार्च को मिलाकर बनाया जाता है. यह असली चावल (real rice) नहीं है. इसका सेवन करना असुरक्षित हो सकता है.
असली vs नकली चावल पहचानने के आसान तरीके
कई बार लोग खराब क्वालिटी, पॉलिश किए हुए या मिलावटी चावल को नकली समझ लेते हैं. आप परेशान न हों. यदि आपने हाल ही में चावल खरीदा है और उसमें कुछ अलग सी ही चमक नजर आ रही है, तो आप आसानी से इन उपायों से चावल की क्वालिटी चेक कर लें.
1. करें पानी वाला टेस्ट- आप कटोरे में एक गिलास पानी डालें. अब इसमें थोड़ा सा चावल डालें. यदि चावल असली होगा तो वह कटोरे में जाकर नीचे बैठ जाएगा. यदि चावल में मिलावट हुई तो उसके कुछ दाने पानी में तैरते रहेंगे. असली चावल भारी, घना होता है, जबकि प्लास्टिक हल्का होता है.
2. आग में जलाकर करें टेस्ट- एक चम्मच चावल लें. इसे डायरेक्ट आग में या लाइटर से जलाने की कोशिश करें. अगर थोड़ी देर में चावल जलकर राख बन जाए तो यह असली है. प्लास्टिक होगा तो जलने पर प्लास्टिक जैसी बदबू आ सकती है. प्लास्टिक की गंध आप आसानी से पहचान सकते हैं.
3. उबाल कर करें चेक- चावल को पानी में साफ करें. जिस तरह से आप नॉर्मल तरीके से चावल बनाते हैं, उसे वैसे ही पकाएं. यदि चावल शुद्ध, असली होगा तो वह सामान्य तरीके से नर्म और मुलायम बनेगा. जल्दी पक जाएगा. नकली बहुत सख्त रहेगा या उसका टेक्सचर अजीब सा होगा.
4. फफूंदी टेस्ट- यदि आप चावल बनाते हैं तो उसे ढककर 2 दिन के लिए छोड़ दें. उसमें फफूंदी लग जाएगी. वहीं नकली, मिलावटी चावल लंबे समय तक वैसा ही दिखे, तो समझ लें कुछ तो गड़बड़ है इस चावल में.
5. हाथ से मसलकर देखें- सूखे चावल को जोर से उंगलियों से दबाएं. असली होगा तो यह चावल आसानी से टूट जाएगा. नकली चावल प्लास्टिक जैसा सख्त लगेगा.
इन बातों का रखें ध्यान
अभी तक तो ये साबित नहीं हुआ है कि मार्केट में प्लास्टिक चावल बिक रहा है, क्योंकि ज़्यादातर प्लास्टिक चावल की खबरें अफवाह या बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई होती हैं. असली चावल में कुछ दुकानदार टूटे चावल, पॉलिश या सस्ते क्वालिटी के चावल मिलाकर जरूर बेचते हैं. ऐसे में लोकल, खुले में मिलने वाले चावल खरीदने की बजाय भरोसेमंद दुकान या ब्रांड से ही चावल खरीदें. हमेशा पैक्ड और FSSAI मार्क वाले चावल खरीदें. चावल बहुत अधिक चमकदार दिखे तो ना लें. पकने के बाद चावल की खुशबू और स्वाद पर ध्यान दें.