Last Updated:
अगर सुबह नाश्ते के लिए कम समय है तो मूंग, चना और बेसन से बना हेल्दी चिल्ला बेहतरीन विकल्प हो सकता है. टमाटर, प्याज, शिमला मिर्च और लहसुन से तैयार यह चिल्ला करीब 15 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है. जानिए इसे बनाने की आसान रेसिपी.
सुबह के नाश्ते में अगर कुछ ऐसा मिल जाए जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर के लिए भी फायदेमंद हो, तो दिन की शुरुआत और भी बेहतर हो जाती है. ऐसे में मूंग, चना और बेसन के साथ टमाटर, शिमला मिर्च, प्याज और लहसुन मिलाकर तैयार किया गया हेल्दी चिल्ला एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और करीब 15 मिनट में गर्मागर्म चिल्ला तैयार किया जा सकता है. हरी चटनी या दही के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
दरअसल रायबरेली जिले के गृह विज्ञान के प्रवक्ता अरुण कुमार सिंह लोकल 18 से बात करते हुए बताते हैं कि इस आसान रेसिपी के लिए मूंग दाल और चना दाल का तैयार मिश्रण या आटा, बेसन, बारीक कटा टमाटर, प्याज, शिमला मिर्च और लहसुन लें. इसके अलावा स्वाद के अनुसार नमक, हरी मिर्च, हल्दी और अन्य पसंदीदा मसालों का इस्तेमाल किया जा सकता है. हरा धनिया डालने से इसका स्वाद और खुशबू और भी बेहतर हो जाती है.
सबसे पहले मूंग और चना आधारित मिश्रण को एक बड़े बर्तन में ले. इसमें बेसन डालकर अच्छी तरह मिलाए. अब जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए इसका मध्यम गाढ़ा बैटर तैयार कर ले. बैटर न ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही बहुत गाढ़ा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसके बाद इसमें बारीक कटा टमाटर, प्याज, शिमला मिर्च और लहसुन डाल दे. साथ ही नमक, हरी मिर्च और हल्के मसाले मिलाकर बैटर को अच्छी तरह चलाए. सब्जियों के मिल जाने से चिल्ले का स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते है.
अब गैस पर नॉनस्टिक या सामान्य तवा गर्म करे. तवा गर्म होने के बाद उस पर थोड़ा सा तेल लगाएं. तैयार बैटर को तवे के बीच में डालें और चम्मच की मदद से गोल आकार में फैलाए. चिल्ले को बहुत मोटा न रखें ताकि वह जल्दी और अच्छी तरह पक जाए.
किनारों पर हल्का तेल डालें और मध्यम आंच पर पकने दे. जब नीचे की सतह सुनहरी होने लगे तो चिल्ले को पलट दे. दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह पकने के बाद इसे प्लेट में निकाल ले. इसी तरह बाकी बैटर से भी चिल्ले तैयार कर ले.
तैयार हेल्दी चिल्ले को हरी धनिया-पुदीने की चटनी, दही या टमाटर की चटनी के साथ परोसा जा सकता है. चाहें तो ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालकर इसे और आकर्षक बनाया जा सकता है.
मूंग, चना और बेसन के साथ सब्जियों से बना यह चिल्ला नाश्ते के अलावा हल्की भूख लगने पर भी खाया जा सकता है. जो लोग रोजाना एक ही तरह का नाश्ता खाकर बोर हो गए है.उनके लिए यह रेसिपी स्वाद और विविधता का अच्छा विकल्प बन सकती है.
अगर आपके पास सुबह ज्यादा समय नहीं है तो यह हेल्दी चिल्ला एक आसान विकल्प है. बस सामग्री तैयार रखें, बैटर बनाएं और तवे पर कुछ मिनट पकाए. मूंग, चना, बेसन और रंग-बिरंगी सब्जियों का यह कॉम्बिनेशन प्लेट को स्वादिष्ट बनाने के साथ पौष्टिक भी बनाता है. गर्मागर्म चिल्ले के साथ चटनी मिल जाए तो सुबह का नाश्ता और भी मजेदार बन जाता है.