Kanji Rice Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही खाने की पसंद बदलने लगती है. भारी और तला-भुना खाना अक्सर पेट को परेशान करता है, ऐसे में लोग कुछ हल्का, ठंडा और आसानी से पचने वाला ऑप्शन ढूंढते हैं, अगर आपके घर में रोज चावल बनते हैं और कभी-कभी बच जाते हैं, तो उन्हें फेंकने के बजाय आप उनसे एक बेहद हेल्दी और टेस्टी डिश बना सकते हैं-कांजी राइस. यह एक पारंपरिक और देसी रेसिपी है, जो आजकल फिर से ट्रेंड में आ रही है, खासकर गट हेल्थ को लेकर बढ़ती जागरूकता की वजह से. कांजी राइस असल में फर्मेंटेड चावल होते हैं, जिनमें नेचुरल तरीके से अच्छे बैक्टीरिया बनते हैं.
यही बैक्टीरिया आपके पेट के लिए फायदेमंद होते हैं और पाचन को बेहतर बनाते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और घर में मौजूद आसान चीजों से ही यह तैयार हो जाता है, अगर आप भी गर्मियों में कुछ नया, हेल्दी और देसी ट्राय करना चाहते हैं, तो कांजी राइस एकदम सही ऑप्शन है.
कैसे बनाएं कांजी राइस-आसान और देसी तरीका
सबसे पहले 1 कप बचे हुए पके चावल लें और उन्हें किसी मिट्टी या कांच के बर्तन में डाल दें. अब इसमें करीब 2 कप पानी डालकर अच्छे से मिक्स करें.
इसके बाद इस बर्तन को ढककर रात भर या कम से कम 8–10 घंटे के लिए कमरे के तापमान पर छोड़ दें. इस दौरान चावल हल्के-हल्के खट्टे हो जाएंगे, जो इस डिश की खास पहचान है. अगले दिन इसमें स्वाद के हिसाब से नमक डालें. साथ में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और थोड़ा सा दही मिलाएं. यह इसका स्वाद और बढ़ा देगा. ऊपर से हरा धनिया डालकर अच्छे से मिला लें.
अब एक छोटा सा तड़का तैयार करें. इसके लिए एक करछुल में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें जीरा व सरसों डालें. जब ये चटकने लगे तो इसमें करी पत्ता डालें और तैयार तड़का कांजी राइस पर डाल दें. अब आपकी ठंडी-ठंडी, स्वादिष्ट और हेल्दी कांजी राइस तैयार है.
गर्मियों में कांजी राइस क्यों है खास
कांजी राइस की तासीर ठंडी होती है, इसलिए यह गर्मी में शरीर को अंदर से ठंडक देता है. इसे खाने से पेट हल्का रहता है और दिनभर एनर्जी बनी रहती है. इसमें मौजूद नेचुरल प्रोबायोटिक्स पेट में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं, जिससे पाचन सही रहता है, अगर आपको कब्ज, गैस या पेट फूलने जैसी दिक्कत होती है, तो यह डिश काफी राहत दे सकती है. यह शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है क्योंकि इसमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है. साथ ही, यह इंस्टेंट एनर्जी देने वाला फूड है, जो खासकर गर्मी में बहुत काम आता है.
कांजी राइस बनाते समय ध्यान रखने वाली बातें
चावल को ज्यादा देर तक बहुत गर्म जगह पर न रखें, वरना इसका स्वाद खराब हो सकता है. हमेशा साफ बर्तन का इस्तेमाल करें ताकि फर्मेंटेशन सही तरीके से हो. अगर आपको ज्यादा खट्टा स्वाद पसंद नहीं है, तो फर्मेंटेशन का समय थोड़ा कम रखें.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)