Khaman Dhokla Recipe: सुबह की भागदौड़ में हर कोई ऐसा नाश्ता चाहता है जो जल्दी बन जाए, स्वादिष्ट हो और पूरे परिवार को पसंद भी आए. ऐसे में खमन ढोकला एक ऐसी डिश है, जो हल्की होने के साथ-साथ बेहद टेस्टी भी होती है. गुजरात की यह मशहूर रेसिपी अब देशभर के घरों में पसंद की जाती है. हालांकि, कई लोगों की शिकायत रहती है कि घर पर बनाया गया ढोकला बाजार जैसा सॉफ्ट, स्पंजी और जालीदार नहीं बनता. कभी वह सख्त हो जाता है तो कभी फूलने के बाद बैठ जाता है, अगर आप भी इसी परेशानी का सामना करते हैं, तो अब आपके लिए खुशखबरी है.
कुकिंग एक्सपर्ट आशी बसवाड़ा ने एक बेहद आसान तरीका बताया है, जिसकी मदद से आप साधारण कुकर में सिर्फ 10 मिनट के अंदर नरम, जूसी और बाजार जैसा खमन ढोकला तैयार कर सकते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए किसी महंगे स्टीमर या खास उपकरण की जरूरत नहीं पड़ेगी.
खमन ढोकला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. 1½ कप बेसन
2. 2 बड़े चम्मच नींबू का रस
3. 2 चम्मच चीनी
4. स्वादानुसार नमक
5. कुटी हुई हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट
6. 1 चुटकी हींग
7. 1 चुटकी हल्दी या फूड कलर
8. आधा कप पानी
9. 2 छोटे चम्मच रिफाइंड तेल
10. 1 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
तड़के के लिए
1. 1 बड़ा चम्मच तेल
2. राई
3. हींग
4. लंबी कटी हरी मिर्च
5. करी पत्ता
6. थोड़ा पानी
7. नमक
8. चीनी
9. नींबू का रस
सबसे पहले तैयार करें परफेक्ट बैटर
ढोकले की सफलता उसके बैटर पर निर्भर करती है. इसके लिए एक मिक्सर जार में डेढ़ कप बेसन डालें. अब इसमें अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, नींबू का रस, चीनी, नमक और हींग मिलाएं. हल्दी या फूड कलर डालने से ढोकले का रंग और भी आकर्षक दिखता है. इसके बाद आधा कप पानी डालकर मिश्रण को अच्छी तरह पीस लें. जब बैटर तैयार हो जाए तो इसे एक बड़े बाउल में निकाल लें. अब इसमें 2 छोटे चम्मच तेल डालें और चम्मच या व्हिस्कर की मदद से करीब 1 से 2 मिनट तक लगातार फेंटें. यह छोटा सा स्टेप ढोकले को ज्यादा मुलायम बनाने में मदद करता है.
बैटर को दें थोड़ा आराम
अच्छे ढोकले का एक राज यह भी है कि बैटर को तुरंत इस्तेमाल न किया जाए. बैटर तैयार होने के बाद उसे ढककर करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें. इस दौरान सभी सामग्री अच्छी तरह आपस में मिल जाती हैं और ढोकले की बनावट बेहतर बनती है. इसी समय आप उन कटोरियों या बर्तनों को तेल लगाकर ग्रीस कर लें जिनमें ढोकला पकाना है. इससे तैयार ढोकला आसानी से बाहर निकल आएगा.
सोडा मिलाने का सही समय
10 मिनट बाद बैटर को हल्के हाथों से एक बार फिर मिलाएं. अब इसमें एक छोटा चम्मच बेकिंग सोडा डालें और ऊपर से एक चम्मच पानी डालकर तुरंत मिक्स करें. जैसे ही बैटर हल्का फूला हुआ नजर आने लगे, उसे बिना देरी किए ग्रीस की हुई कटोरियों में भर दें. ध्यान रखें कि कटोरी को पूरा न भरें. ढोकला पकने के दौरान ऊपर की ओर फूलता है, इसलिए कटोरी को केवल आधा या तीन-चौथाई हिस्सा ही भरना सही रहेगा.
कुकर में ऐसे करें स्टीम
अब एक कुकर में थोड़ा पानी डालें और उसके अंदर एक स्टैंड या रिंग रखें. पानी उबलने लगे तो बैटर वाली कटोरियां स्टैंड पर रख दें. सबसे जरूरी बात यह है कि कुकर की सीटी निकाल दें. इसके बाद ढक्कन बंद करके मध्यम आंच पर 5 से 10 मिनट तक ढोकले को स्टीम होने दें. समय पूरा होने पर गैस बंद कर दें और भाप निकलने का इंतजार करें. फिर कटोरियों को बाहर निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद चाकू की मदद से ढोकले को निकाल लें.
स्वाद बढ़ाएगा खट्टा-मीठा तड़का
ढोकले का असली मजा उसके तड़के में छिपा होता है. एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई व हींग डालें. जब राई चटकने लगे तो हरी मिर्च और करी पत्ता डालकर कुछ सेकंड भून लें. अब इसमें थोड़ा पानी, नमक, चीनी और नींबू का रस मिलाएं. मिश्रण को एक उबाल आने तक पकाएं. जब यह हल्का गुनगुना रह जाए, तब इसे कटे हुए ढोकले के ऊपर धीरे-धीरे डालें. यह तड़का ढोकले को अंदर तक जूसी बनाता है और उसका स्वाद कई गुना बढ़ा देता है.
परफेक्ट ढोकला बनाने के खास टिप्स
बैटर को ज्यादा पतला न रखें. सोडा डालने के बाद तुरंत स्टीम करें. कुकर में हमेशा सीटी निकालकर ही ढोकला पकाएं. तड़के का पानी ढोकले पर अच्छी तरह फैलाएं. ढोकला निकालने से पहले उसे पूरी तरह ठंडा होने दें.