‘कांटा लगा गर्ल’ शेफाली जरीवाला का 27 जून, 2025 को 42 साल की उम्र में निधन हो गया था। शेफाली की मौत से उनके पति और एक्टर पराग त्यागी बुरी तरह टूट गए। पराग अक्सर शेफाली की तस्वीरें-वीडियो शेयर करते हुए उनकी यादें फैंस के साथ साझा करते रहते हैं। अब तक पराग, शेफाली की मौत के गम से बाहर नहीं आ पाए थे कि अब उन पर दुखों का एक और पहाड़ टूट पड़ा है। शेफाली और पराग का प्यारा पेट डॉग सिम्बा भी अब इस दुनिया में नहीं रहा। शेफाली के गुजरने के लगभग एक साल बाद, उनके पालतू कुत्ते सिम्बा की भी मौत हो गई, जो अक्सर शेफाली और उनके पति पराग त्यागी के सोशल मीडिया पोस्ट में दिखाई देता था। शेफाली, अपने पेट डॉग को अपने बच्चे की तरह मानती थीं और उनके जाने के बाद पराग सिम्बा का ख्याल रख रहे थे। अब पराग ने एक दिल को छू लेने वाले कैप्शन के साथ सिम्बा के मौत की जानकारी दी है।
शेफाली जरीवाला के पेट डॉग की मौत
पराग त्यागी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसके जरिए उन्होंने सिम्बा की मौत की जानकारी दी। पराग कई बार बता चुके हैं कि शेफाली, सिम्बा से कितना प्यार करती थीं और अब उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए सिम्बा को आखिरी विदाई दी है। वीडियो शेयर करते हुए पराग ने कैप्शन में लिखा, ‘अब मम्मा (शेफाली) अकेली नहीं हैं, सिम्बा भी मम्मा के पास है और बहुत खुश है। मैं आप दोनों से दूसरी दुनिया में मिलने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।’ इस वीडियो में शेफाली, सिम्बा पर प्यार लुटाती दिख रही थीं।
सोशल मीडिया यूजर्स का रिएक्शन
पराग त्यागी का पोस्ट देखने के बाद फैंस ने भी कमेंट के जरिए सिम्बा की मौत पर दुख जाहिर किया और पराग को ढांढस बंधाया। एक ने कमेंट में लिखा, ‘इतना दर्द सहने के बाद भी आप जिस तरह पॉजिटिव बने हुए हैं, वह बहुत ही प्रेरणादायक है। आप हर स्थिति में पॉजिटिविटी ढूंढ लेते हैं। भगवान की कृपा आप पर बनी रहे। रेस्ट इन पीस सिम्बा।’ एक ने लिखा- ‘बहुत ही दुखद, भगवान सिम्बा की आत्मा को शांति दे।’ एक और लिखता है – ‘ये बहुत ही दुखद खबर है। आपके लिए प्यार, प्रार्थना और हिम्मत। ईश्वर आप पर अपनी कृपा बनाए रखे।’
सिम्बा के साथ शेफाली का पुराना वीडियो
शेफाली जरीवाला के गुजरने के एक महीने बाद, 27 जुलाई को पराग ने सिम्बा की तरफ से शेफाली के लिए एक नोट लिखा था। 27 जून को शेफाली जरीवाला की पहली बरसी थी और एक्टर ने अपने डॉग सिम्बा के साथ आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के साथ उनकी पुण्यतिथि मनाई थी। वहीं इससे पहले पराग ने एक वीडियो शेयर करते हुए बताया था कि शेफाली की पहली बरसी से पहले वह 21 दिनों की करेंगे साधना। उन्होंने एक वीडिोय शेयर किया था, जिसमें कहा- ‘आज हिंदू पंचाग के हिसाब से आज परी को अपना शरीर छोड़े हुए 1 साल हो गया है। इसलिए मैं आज से नई साधना शुरू कर रहा हूं। ये 21 दिनों की है, जो ब्रह्म मुहूर्त में होती है।’