Dough Kneading Tips for Paratha: कई बार लोग नाश्ते या डिनर में रोटी की बजाय पराठा खाना पसंद करते हैं. रोटी को जब आप बनाते हैं तो वो फूलती है. फूली हुई रोटियां खाने में भी सॉफ्ट लगती हैं. लेकिन, जब आप पराठे बनाते हैं तो उसे गर्म ही ना खाएं तो बहुत सख्त से हो जाते हैं. ऐसा नहीं होगा, जब आप सही तरीके से पराठे का आटा गूंथेंगे. अक्सर लोग आटा गूंथते ही रोटी, पराठे या पूड़ियां बनाना शुरू कर देते हैं. ऐसा करने से ये तीनों ही चीज जल्दी ही कड़क, सख्त सी हो जाती हैं. स्कूल, कॉलेज, ऑफिस में खाने के लिए भी लोग टिफिन में पराठे ले जाते हैं. कहीं ट्रैवल करना होता है तो लोग पराठे ही पैक करना पसंद करते हैं. जैसे ही उसे खाने के लिए हाथ से एक छोटा टुकड़ा तोड़ते हैं तो वो काफी हार्ड सा लगता है. आप भी पराठे बनाते हैं और वो कुछ ही समय में सख्त से हो जाते हैं तो आप आटा गूंथने का सही तरीका जान लें.
पराठे के लिए आटा गूंथने का सही तरीका
1. काफी लोग आटा गूंथने के लिए ठंडे पानी का यूज करते हैं. जब भी पराठे बनाएं, तो इसके लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. इससे आटा सॉफ्ट रहता है. पराठे लंबे समय तक सॉफ्ट बने रहते हैं.
2. जब भी आप आटा गूंथे तो इसमें एक से दो छोटे चम्मच घी या तेल जरूर डाल दें. ऐसा करने से आटे में नमी बनी रहेगी. पराठे सेकने के कई घंटों बाद भी सख्त और सूखेंगे नहीं.
3. काफी लोग आटे को बहुत ही सख्त यानी टाइट सा गूंथ देते हैं, जिससे बेलने में भी समस्या आती है. याद रखें पूड़ियां बनाने के लिए आटा टाइट और पराठा बनाने के लिए आटा न तो बहुत ढीला और न ही बहुत सख्त गूंथें.
4. जब आटे को गूंथ लें तो तुरंत ही बेल कर पराठा बनाना शुरू न कर दें. 15 मिनट कम से कम आटे को रेस्ट करने के लिए छोड़ दें. इससे ग्लूटेन विकसित होता है. इससे पराठे अधिक मुलायम बनते हैं.
5 पराठे लंच बॉक्स में देने के लिए बना रहे हैं या सफर में ले जाने के लिए तो आटा गूंथते समय थोड़ा दूध और दही भी मिलाएं. इससे पराठे कई घंटों तक नरम बने रह सकते हैं. स्वाद भी बेहतर लगता है.
पराठे बनाते समय इन बातों को भी रखें ध्यान में
-हमेशा पराठा मीडियम फ्लेम पर ही सेंकें. कुछ लोग जल्दबाजी में तेज आंच पर पराठे सेंक देते हैं, जिससे ये पकते भी नहीं और ऊपरी परत हार्ड हो जाती है.
– बहुत ज्यादा घी या तेल का इस्तेमाल सेंकने के लिए ना करें. सीमित मात्रा में घी-तेल लगाकर पराठे सेंकने से ये सॉफ्ट बनते हैं और अच्छी तरह से पक भी जाते हैं. हल्का घी लगाने से नमी बनी रहती है.
-बहुत देर तक भी ना सेंके वरना आटे में मौजूद नमी सूख जाएगा और पराठा कड़ा हो जाएगा.
लंबे समय तक सॉफ्ट रखने के उपाय
तैयार पराठों को तुरंत कपड़े या फॉयल में लपेट दें.
हॉट केस या एयरटाइट डिब्बे में रखने से ये सॉफ्ट रहेंगे.
पराठों को एक-दूसरे के ऊपर रखते समय हल्का घी लगा सकते हैं.
परफेक्ट सॉफ्ट पराठे के लिए फॉर्मूला
आटा + गुनगुना पानी + 1 चम्मच तेल/घी + 1-2 चम्मच दही + 20 मिनट रेस्ट = लंबे समय तक मुलायम पराठे.