Chhole Bhature Recipe: छोले-भटूरे का नाम सुनते ही अक्सर घर में रविवार के नाश्ते का ख्याल आ जाता है. मसालेदार छोले, गरमा-गरम फूले हुए भटूरे, साथ में प्याज और अचार… प्लेट सामने हो तो भला कौन मना करेगा. लेकिन स्वाद जितना अच्छा लगता है, इसे बनाने की तैयारी उतनी ही लंबी लगती है. सबसे पहले छोले भिगोना, फिर उन्हें अलग से उबालना और उसके बाद मसाला तैयार करना कई लोगों को मेहनत वाला काम लगता है. खासकर सुबह जल्दी में हों तो छोले-भटूरे का प्लान अक्सर टल जाता है. मगर अगर आप भी इसी वजह से यह डिश घर पर नहीं बनाते, तो तरीका थोड़ा बदलकर काम काफी आसान किया जा सकता है.

इस रेसिपी में भीगे हुए छोले सीधे तैयार मसाले में डालकर कुकर में पकाए जाते हैं. करीब 3 सीटी के बाद छोले नरम और मसालेदार हो सकते हैं. साथ ही, भटूरे के आटे में कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए तो वे अच्छे से फूलकर सॉफ्ट बनते हैं. आइए जानते हैं पूरी रेसिपी.

बिना अलग से उबाले ऐसे बनाएं छोले
पहले तैयार करें मसाले का बेस: सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें साबुत धनिया, जीरा, दालचीनी, लौंग, स्टार ऐनिस, जावित्री, हरी इलायची और बड़ी इलायची डालकर धीमी आंच पर हल्का भूनें. इसके बाद इसमें कटा हुआ प्याज और लहसुन डालें. प्याज सुनहरा होने लगे तो टमाटर और हरी मिर्च डालकर पकाएं. जब टमाटर अच्छी तरह गल जाएं और मसाला खुशबू देने लगे, तब गैस बंद कर दें. मिश्रण को थोड़ा ठंडा करके मिक्सर में पीस लें. इससे छोले की ग्रेवी काफी स्मूद बनती है और मसालों का स्वाद भी अच्छी तरह घुल जाता है.

कुकर में सीधे डालें भीगे हुए छोले
अब प्रेशर कुकर में थोड़ा तेल गर्म करें. तेजपत्ता डालने के बाद तैयार मसाला पेस्ट डालें. इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, कसूरी मेथी और नमक मिलाएं. मसाले को मध्यम आंच पर तब तक भूनें, जब तक तेल अलग दिखाई देने लगे. अब रातभर या कई घंटों से पानी में भिगोए हुए एक कप छोले डालें. छोले मसाले के साथ करीब 2 मिनट तक भूनें. इसके बाद गर्म पानी डालकर कुकर बंद कर दें.

(इमेज AI)

मध्यम आंच पर करीब 3 सीटी तक पकाएं. ध्यान रखें कि कुकर और छोले की मात्रा के हिसाब से पकने का समय थोड़ा अलग हो सकता है, इसलिए छोले नरम हैं या नहीं, यह जरूर जांचें. प्रेशर निकलने के बाद कुकर खोलें. अगर ग्रेवी ज्यादा गाढ़ी लगे तो थोड़ा गर्म पानी मिलाया जा सकता है. आखिर में अमचूर पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया डालें. मसालेदार छोले तैयार हैं.

भटूरे फूलाने के लिए आटे में करें ये काम
सॉफ्ट आटा है सबसे जरूरी: भटूरे अच्छे बनाने के लिए 2 कप मैदा में करीब आधा कप बारीक सूजी मिलाएं. इसमें नमक, थोड़ी चीनी, एक चम्मच यीस्ट, बेकिंग सोडा और थोड़ा तेल डालें. अब गुनगुना दूध डालकर सामग्री मिलाएं और जरूरत के हिसाब से पानी डालते हुए नरम आटा गूंथें. आटा जितना सॉफ्ट होगा, भटूरे उतने ही अच्छे बनेंगे. आटे को अच्छी तरह गूंथने के बाद कुछ बार परात में हल्के हाथ से पटकें. इससे आटे में लचक आती है. ऊपर से थोड़ा तेल लगाकर इसे गीले कपड़े से ढक दें और करीब 2 घंटे के लिए गर्म जगह पर रख दें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

गर्म तेल में डालते ही फूलेंगे भटूरे
आराम दिए हुए आटे के छोटे पेड़े बनाएं. इन्हें हल्के हाथ से गोल या लंबा बेलें. भटूरे बेलते समय जरूरत से ज्यादा सूखा आटा लगाने से बचें, क्योंकि इससे तेल में तलते समय बनावट प्रभावित हो सकती है. अब कड़ाही में तेल अच्छी तरह गर्म करें. भटूरा तभी अच्छे से फूलता है जब तेल पर्याप्त गर्म हो. बेला हुआ भटूरा तेल में डालते ही कलछी से ऊपर की तरफ गर्म तेल डालें. कुछ ही सेकंड में वह फूलने लगेगा. दोनों तरफ से हल्का सुनहरा होने तक तलें और निकाल लें. गरमा-गरम छोले, भटूरे, प्याज और अचार के साथ इसे परोसें. घर पर बना यह कॉम्बिनेशन किसी भी छुट्टी के दिन को खास बना सकता है.

स्वाद बढ़ाने के लिए छोटी-सी टिप
छोलों को पकाने से पहले अच्छी तरह भिगोना न भूलें. मसाले को तेल छोड़ने तक भूनने से ग्रेवी का स्वाद बेहतर आता है. वहीं भटूरे के लिए आटा बहुत कड़ा न रखें और तेल को पर्याप्त गर्म होने दें. यही छोटी बातें पूरी डिश का स्वाद और टेक्सचर बदल सकती हैं.



Source link

Write A Comment