टीवी इंडस्ट्री के हैंडसम हंक पार्थ समथान अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। पिछले दिनों एक्टर ‘सहर होने को है’ की अपनी को-स्टार ऋषिता कोठारी के साथ अपने विवाद को लेकर चर्चा में रहे और अब उन्होंने अपने फैंस को एक गुड न्यूज दी है। एक्टर ने अपने होमटाउन पुणे में नया घर खरीदा है, जिसकी झलक उन्होंने अपने फैंस को भी दिखाई है। एक्टर ने अपनी मां के साथ अपने नए घर में गृह प्रवेश किया और फैंस के साथ अपनी ये खुशी साझा की है। उन्होंने बताया कि उन्होंने हमेशा से अपने सपनों का आशियाना खरीदने का सपना देखा था, जो अब पूरा हो गया है।
पार्थ समथान ने खरीदा नया घर
पार्थ समथान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने फैंस को अपने नए घर की कुछ झलकियां दिखाई हैं। वीडियो में अभिनेता की मां भी उनके साथ नजर आ रही हैं। उन्होंने अपने नए घर का वीडियो शेयर करते हुए एक बेहद भावुक कैप्शन लिखा है और बताया कि ये घर उनका सपना था, जो पूरा हो चुका है। पार्थ ने कैप्शन में लिखा- ‘सपने सच होते हैं। मुझे अपने होमटाउन पुणे में अपना सपनों का घर मिल गया। इसका श्रेय मेरी मां को जाता है, जो मेरी प्रेरणास्त्रोत भी हैं। मेरी हर सफलता के पीछे मेरी मां का हाथ है।’
पार्थ समथान का नया घर
पार्थ समथान ने पुणे में एक ड्यूप्लेक्स लिया है। वीडियो में एक्टर को रिबन काटकर अपनी मां के साथ नए घर में प्रवेश करते देखा जा सकता है, जो काफी बड़ा और आलीशान है। घर में बड़ी सी बालकनी है, जिससे बाहर का खूबसूरत नजारा दिखता है और इसके कमरे काफी बड़े हैं। अब तक पार्थ ने घर का इंटीरियर नहीं कराया है। उन्होंने घर के ऊपर वाले हिस्से की झलक भी दिखाई और मां के साथ काफी हंसते और चहकते नजर आए। एक्टर ने जैसे ही वीडियो शेयर किया, फैंस और सेलेब्स की ओर से बधाई का तांता लग गया। कई ने कमेंट के जरिए एक्टर को नया घर खरीदने पर बधाई दी है।
ऋषिता कोठारी संग विवाद को लेकर चर्चा में रहे पार्थ समथान
पिछले दिनों पार्थ समथान ‘सहर होने को है’ को-स्टार ऋषिता कोठारी के साथ विवाद को लेकर चर्चा में रहे। दरअसल, पिछले दिनों ही ऋषिता ने इस शो को अलविदा कह दिया, जिसके बाद शो में भाविका शर्मा ने उनकी जगह ली। पिछले दिनों चर्चा थी कि ‘सहर होने को है’ के सेट पर ऋषिता की पार्थ समथान के साथ विवाद हो गया था। दोनों के बीच काफी बहस भी हुई, जिसके बाद एक्टर ने दावा किया कि एक्ट्रेस और उनके बॉयफ्रेंड ने सोशल मीडिया पर उन्हें बुली किया था।
ये भी पढ़ेंः पार्थ समथान संग विवाद के बीच ट्रोलिंग से परेशान हुईं ऋषिता कोठारी, शेयर किया इमोशनल पोस्ट, बोलीं- भगवान मेरे साथ हैं