Fluffy Poha Recipe: सुबह के नाश्ते की बात हो और पोहा का नाम न आए, ऐसा कम ही होता है. हल्का, स्वादिष्ट और जल्दी बनने वाला पोहा हर घर की पसंद है. खासकर जब समय कम हो और कुछ हेल्दी खाना हो, तब लोग सबसे पहले पोहा ही बनाते हैं, लेकिन कई बार मेहनत से बनाया गया पोहा प्लेट में आते-आते चिपचिपा और गीला हो जाता है. दाने अलग-अलग दिखने की जगह आपस में चिपक जाते हैं, जिससे स्वाद भी कम हो जाता है और देखने में भी अच्छा नहीं लगता. कई लोग सोचते हैं कि शायद गैस की आंच गलत थी या मसाला ठीक नहीं पड़ा, लेकिन असली वजह कुछ छोटी गलतियां होती हैं.

अगर पोहा धोने से लेकर पकाने तक सही तरीका अपनाया जाए तो हर बार खिला-खिला और शानदार पोहा बन सकता है. आज हम आपको वही आसान सीक्रेट टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आपका पोहा कभी चिपकेगा नहीं और हर बार बाजार जैसा बनेगा.

पोहा बनाते समय क्यों चिपक जाता है?
पोहा चिपकने की सबसे बड़ी वजह है गलत पोहा चुनना, ज्यादा पानी में भिगोना और जरूरत से ज्यादा चलाना, अगर इन तीन बातों का ध्यान रख लिया जाए तो पोहा हमेशा बढ़िया बनेगा. कई लोग जल्दी में सारी प्रक्रिया गलत कर देते हैं और फिर शिकायत करते हैं कि पोहा अच्छा नहीं बना.

सही पोहा चुनना सबसे जरूरी
बाजार में पतला, मीडियम और मोटा पोहा मिलता है, अगर आप बहुत पतला पोहा लेते हैं तो वह पानी लगते ही टूटने लगता है और पकाते समय चिपक जाता है. खिला-खिला पोहा बनाने के लिए हमेशा मीडियम या मोटा पोहा लें. यह पानी सोखता है लेकिन जल्दी टूटता नहीं. पकने के बाद इसके दाने अलग-अलग रहते हैं और स्वाद भी अच्छा आता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

पोहा धोने का सही तरीका
बहुत से लोग पोहा कटोरे में डालकर लंबे समय तक पानी में भिगो देते हैं. यही सबसे बड़ी गलती है. ऐसा करने से पोहा ज्यादा नरम होकर गीला हो जाता है. सही तरीका यह है कि पोहे को छलनी में डालें और ऊपर से 1 से 2 बार पानी डालकर हल्के हाथ से धो लें. इसके बाद उसे 5 मिनट के लिए छोड़ दें. वह खुद ही नरम हो जाएगा. इस तरीके से पोहा चिपकता नहीं.

नमक और हल्दी पहले डालें
जब पोहा हल्का नरम हो जाए, तब उसमें थोड़ा नमक और हल्दी पहले ही मिला दें. इससे मसाला हर दाने तक पहुंचता है. बाद में कड़ाही में डालने के बाद ज्यादा चलाने की जरूरत नहीं पड़ती.

जितना कम चलाएंगे, उतना अच्छा पोहा बनेगा.
ज्यादा चलाना बंद करें कई लोग कड़ाही में पोहा डालने के बाद लगातार चलाते रहते हैं. इससे पोहा टूट जाता है और गीला होकर चिपकने लगता है. जब पोहा कड़ाही में डालें तो हल्के हाथ से सिर्फ 2 से 3 बार मिलाएं. फिर ढककर एक मिनट पकने दें. इससे दाने सही रहते हैं.

गैस की आंच कैसी होनी चाहिए?
अगर गैस बहुत तेज होगी तो पोहा नीचे से सूखकर कड़ाही में चिपक सकता है, अगर बहुत धीमी होगी तो पोहा गीला रहेगा. इसलिए हमेशा मीडियम फ्लेम रखें. यही पोहा बनाने का सबसे सही तरीका है.

तड़का भी मायने रखता है
अगर प्याज, मूंगफली, करी पत्ता और राई का अच्छा तड़का लगाया जाए तो पोहा का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. पहले तड़का तैयार करें, फिर पोहा डालें. इससे पोहा जल्दी मिक्स होता है और ज्यादा चलाने की जरूरत नहीं पड़ती.

नींबू और हरा धनिया आखिर में डालें
नींबू का रस और हरा धनिया हमेशा गैस बंद करने के बाद डालें. इससे पोहा फ्रेश लगता है और उसका स्वाद बढ़ जाता है. ऊपर से सेव या अनार डालकर भी सर्व कर सकते हैं.

परफेक्ट पोहा बनाने की आसान ट्रिक
अगर आप चाहते हैं कि पोहा हर बार होटल जैसा बने, तो बस यह याद रखें, मोटा पोहा लें, पानी में न भिगोएं, हल्के हाथ से धोएं, ज्यादा न चलाएं, मीडियम फ्लेम रखें, तड़का पहले तैयार करें, इन छोटी बातों से बड़ा फर्क पड़ता है.



Source link

Write A Comment