Dal Paratha Recipe: कई बार घर में खाना बनाते समय थोड़ी दाल बच ही जाती है. अगले दिन उसे दोबारा गर्म करके खाने का मन नहीं करता और मजबूरी में उसे फेंकना पड़ जाता है. लेकिन अगर वही बची हुई दाल एक नए स्वाद और अंदाज में प्लेट में परोसी जाए तो बात ही अलग हो जाती है. जी हां, बची हुई दाल से बनने वाले क्रिस्पी और स्वादिष्ट दाल पराठे न सिर्फ खाने में लाजवाब होते हैं, बल्कि यह किचन में बची चीजों का सही इस्तेमाल करने का भी शानदार तरीका हैं.
दाल पराठा एक ऐसी रेसिपी है जिसे आप सुबह के नाश्ते से लेकर रात के डिनर तक कभी भी बना सकते हैं. खास बात यह है कि इसमें ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद साधारण मसालों और आटे से यह स्वादिष्ट डिश कुछ ही समय में तैयार हो जाती है. ऊपर से घी लगाकर गरमागरम पराठे जब दही, अचार या चटनी के साथ परोसे जाते हैं तो स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.
दाल पराठा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
बची हुई दाल – 1 कटोरी
गेहूं का आटा – 2 कटोरी
बारीक कटा प्याज – 1 छोटा
हरी मिर्च – 2 बारीक कटी हुई
हरा धनिया – 2 चम्मच
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
अजवाइन – आधा छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर – एक चौथाई चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – आधा चम्मच
गरम मसाला – आधा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल या घी – सेंकने के लिए
बची हुई दाल से पराठा बनाने की आसान विधि
आटा तैयार करने का तरीका
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा छान लें. अब इसमें अजवाइन डालकर हल्का सा हाथों से मसल लें ताकि इसकी खुशबू अच्छे से आ जाए. इसके बाद इसमें प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और अदरक-लहसुन का पेस्ट मिला दें. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं. पराठे को ज्यादा स्वादिष्ट और कुरकुरा बनाने के लिए इसमें थोड़ा सा तेल या घी भी मिला सकते हैं.
अब इस मिश्रण में बची हुई दाल डालें और हाथों की मदद से आटे के साथ अच्छी तरह मिलाना शुरू करें. ध्यान रखें कि शुरुआत में पानी न डालें, क्योंकि दाल में मौजूद नमी से ही आटा आसानी से गूंथ जाएगा.
अगर आटा थोड़ा सूखा लगे तो जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नरम आटा तैयार कर लें. तैयार आटे को ढककर करीब 5 से 10 मिनट के लिए रख दें, इससे पराठे ज्यादा अच्छे बनेंगे.
पराठा बेलने और सेंकने का तरीका
अब आटे की बराबर आकार की लोइयां बना लें. एक लोई लेकर उस पर थोड़ा सूखा आटा लगाएं और बेलन की मदद से गोल या अपनी पसंद के आकार में बेल लें. इसके बाद तवा गर्म करें और उस पर पराठा डाल दें. जब एक तरफ से हल्का सिक जाए तो इसे पलट दें. अब दोनों तरफ थोड़ा-थोड़ा घी या तेल लगाकर मध्यम आंच पर सेंकें.
पराठे को हल्के हाथ से दबाते रहें ताकि वह अच्छी तरह फूल जाए और बाहर से सुनहरा व क्रिस्पी बन जाए. तैयार दाल पराठे को दही, अचार, हरी चटनी या चाय के साथ सर्व करें.
क्यों खास है दाल पराठा?
दाल पराठा स्वाद के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर होता है. दाल में मौजूद प्रोटीन और आटे की ऊर्जा इसे एक संतुलित भोजन बनाती है. बच्चों के टिफिन से लेकर ऑफिस जाने वालों के नाश्ते तक, यह एक बढ़िया विकल्प साबित हो सकता है. अक्सर छोटे-छोटे बदलाव खाने को नया बना देते हैं. बची हुई दाल को एक नई डिश में बदलना भी ऐसा ही आसान तरीका है, जिससे स्वाद भी मिलता है और खाने की बर्बादी भी कम होती है.
तो अगली बार अगर घर में दाल बच जाए तो उसे फेंकने की बजाय जरूर ट्राई करें ये चटपटे और कुरकुरे दाल पराठे.